Source :- LIVE HINDUSTAN
Keep Rats Away From Your Home: घर में चूहे घुस जाएं तो कपड़ों से लेकर खाने-पीने की चीजों तक का नुकसान कर सकते हैं। अच्छी बात यह है कि कुछ तेज गंध ऐसी होती हैं जिन्हें चूहे पसंद नहीं करते और उनसे दूर रहने की कोशिश करते हैं।
रात को रसोई में कुछ गिरने की आवाज आए या सुबह उठकर देखें कि कपड़े, कागज या खाने की चीजें कुतरी हुई हैं, तो समझ जाइए कि घर में चूहों की मौजूदगी बढ़ रही है। चूहे सिर्फ सामान खराब नहीं करते, बल्कि गंदगी फैलाकर कई तरह की परेशानियां भी खड़ी कर देते हैं। ऐसे में ज्यादातर लोग उन्हें भगाने के लिए तरह-तरह के उपाय खोजते हैं।
दिलचस्प बात यह है कि चूहों की सूंघने की क्षमता काफी तेज होती है। कुछ गंध ऐसी होती हैं जो उन्हें इतनी तेज और असहज लगती हैं कि वे उन जगहों से दूरी बनाना पसंद करते हैं। आइए जानते हैं ऐसी ही पांच गंध के बारे में, जिनकी मदद से चूहों की परेशानी कुछ हद तक कम हो सकती है।
1. पुदीने का तेल
पुदीने की तेज और ताजगी भरी गंध इंसानों को भले ही अच्छी लगे, लेकिन चूहों के लिए यह काफी असहज हो सकती है। उनकी सूंघने की क्षमता बहुत तेज होती है, इसलिए पुदीने की महक उन्हें परेशान करती है। रुई में इसकी कुछ बूंदें डालकर रसोई, स्टोर रूम या उन कोनों में रख दें जहां चूहे अक्सर दिखाई देते हैं।
2. दालचीनी और लौंग
दालचीनी और लौंग दोनों में प्राकृतिक रूप से तेज खुशबू होती है। यही वजह है कि इनकी गंध चूहों को पसंद नहीं आती। आप इन मसालों को साबुत रूप में चूहों के आने-जाने वाले रास्तों के पास रखते हैं। इनकी महक आसपास के क्षेत्र में फैलती है और चूहों को वहां रुकने से रोकने में मदद कर सकती है। कई लोग इन दोनों का पाउडर भी इस्तेमाल करते हैं।
3. लाल मिर्च
लाल मिर्च में मौजूद तत्व चूहों की नाक और मुंह में जलन पैदा करते हैं। यही कारण है कि चूहे इसके संपर्क में आने वाली जगहों से दूर रहना पसंद करते हैं। जिन जगहों पर चूहों के छिपने की संभावना हो, वहां थोड़ी मात्रा में लाल मिर्च का चूर्ण छिड़क दें।
4. सफेद सिरका
सफेद सिरके की खट्टी और तीखी गंध चूहों को असहज महसूस करा सकती है। इसकी महक इतनी तेज होती है कि चूहों के लिए अपने रास्तों और आसपास की जगह को पहचानना मुश्किल हो जाता है। सिरके में कपड़ा भिगोकर उन जगहों की सफाई कर दें जहां चूहों की आवाजाही ज्यादा है। इससे कुछ समय तक गंध बनी रहेगी और चूहे वहां आने से बच सकते हैं।
5. अमोनिया की गंध
अमोनिया की गंध को चूहे अक्सर खतरे के संकेत की तरह महसूस करते हैं। यह गंध उन्हें किसी बड़े शिकारी की मौजूदगी का एहसास दिलाती है। इसी वजह से चूहे ऐसी जगहों से दूर रहना पसंद करते हैं। हालांकि इसकी गंध काफी तेज होती है, इसलिए इसका इस्तेमाल करते समय कमरे में हवा आने-जाने की व्यवस्था होना जरूरी है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



