Source :- LIVE HINDUSTAN

Share Market Today Live 4 June:अमेरिका-ईरान तनाव से सेंसेक्स-निफ्टी की कमजोर शुरुआत के संकेत मिल रहे हैं। गिफ्टी निफ्टी में 170 अंकों की कमजोरी खराब शुरुआत के संकेत दे रहें है। जानिए बाजार पर किन फैक्टर्स का होगा असर…

Share Market Today Live 4 June 7:25 AM: अमेरिका-ईरान युद्ध के बढ़ते तनाव के बीच भारतीय शेयर मार्केट गुरुवार को कमजोर शुरुआत कर सकता है। वैश्विक बाजारों में बिकवाली, कच्चे तेल की ऊंची कीमतें और बढ़ती महंगाई की चिंताओं ने निवेशकों की चिंता बढ़ा दी है। विशेषज्ञों का मानना है कि निवेशकों की नजर अमेरिका-ईरान वार्ता, कच्चे तेल की कीमतों, विदेशी निवेशकों की गतिविधियों और आरबीआई की मौद्रिक नीति पर बनी रहेगी।

बुधवार को गिरावट के साथ बंद हुआ बाजार

बुधवार को घरेलू शेयर बाजार लगातार दूसरे दिन दबाव में रहा। सेंसेक्स 303.67 अंक (0.41%) गिरकर 74,346.17 पर बंद हुआ। निफ्टी 50 में 77.95 अंकों (0.33%) की गिरावट आई और यह 23,405.60 पर बंद हुआ।

मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज के सिद्धार्थ खेमका के अनुसार, हाल की गिरावट यह दिखाती है कि घरेलू बाजार अब भू-राजनीतिक घटनाओं के प्रति अधिक संवेदनशील हो गया है।

सेंसेक्स-निफ्टी के लिए क्या हैं ग्लोबल संकेत

एशियाई बाजारों में बिकवाली

गुरुवार सुबह एशियाई बाजारों में भी कमजोरी देखने को मिली। जापान का निक्केई 225 करीब 1.4% टूटा। टॉपिक्स इंडेक्स 0.9% से ज्यादा गिरा। दक्षिण कोरिया का कोस्पी लगभग 2% नीचेरहा। जबकि, हांगकांग बाजार में भी कमजोर शुरुआत के संकेत मिले।

गिफ्ट निफ्टी ने दिए कमजोरी के संकेत

गिफ्ट निफ्टी 23,346 के आसपास कारोबार करता दिखा, जो निफ्टी फ्यूचर्स के पिछले बंद स्तर से करीब 170 अंक नीचे है। इससे संकेत मिलता है कि भारतीय बाजार की शुरुआत नकारात्मक रह सकती है।

वॉल स्ट्रीट में भी भारी दबाव

अमेरिकी शेयर बाजार में भी बुधवार को तेज गिरावट दर्ज की गई। डॉऊ जोंस 620 अंक टूटकर बंद हुआ। एसएंडपी 500 में 0.74% की गिरावट आई और नैस्डैक 0.89% नीचे बंद हुआ। टेक शेयरों में भी दबाव रहा। एनवीडिया, माइक्रोसॉफ्ट, एप्पल और एएमडी जैसे दिग्गज शेयरों में गिरावट दर्ज की गई।

अमेरिका-ईरान वार्ता पर टिकी बाजार की नजर

ईरान के विदेश मंत्री ने कहा है कि युद्ध समाप्त करने को लेकर अभी तक कोई ठोस प्रगति नहीं हुई है। वहीं अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संकेत दिया है कि सप्ताहांत तक कोई महत्वपूर्ण समझौता हो सकता है।

विदेशी निवेशकों ने की बड़ी बिकवाली

बुधवार को विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने भारतीय बाजार से ₹5,616.56 करोड़ की शुद्ध निकासी की। वहीं घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) ने ₹5,740.89 करोड़ के शेयर खरीदकर बाजार को कुछ सहारा दिया।

सोना चमका, तेल में नरमी

अनिश्चितता के माहौल में निवेशकों का रुझान सुरक्षित निवेश विकल्पों की ओर बढ़ा। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना 0.4% बढ़कर 4,450 डॉलर प्रति औंस पहुंच गया। ब्रेंट क्रूड 0.69% गिरकर 97.14 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। अमेरिकी WTI क्रूड 95.4 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार करता दिखा।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN