Home - Sony के नए हेडफोन की भारत में एंट्री, 75 घंटे तक चलेगी...

Sony के नए हेडफोन की भारत में एंट्री, 75 घंटे तक चलेगी बैटरी, शोर कम करने के लिए मिलेगा ANC, AI कॉलिंग फीचर भी

5
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

Sony ने भारतीय बाजार दो नए वायरलेस हेडफोन WH-CH730N और WH-CH530 को पेश किया है। ये नए हेडफोन कई रंगों में उपलब्ध हैं और इनमें ब्लूटूथ कनेक्टिविटी के साथ-साथ AI-बेस्ड कॉल नॉइज रिडक्शन की सुविधा दी गई है। सोनी WH-CH730N में एक्टिव नॉइज कैंसिलेशन (ANC) है, और कंपनी का दावा है कि ANC बंद होने पर यह 75 घंटे तक की बैटरी लाइफ देता है। वहीं, WH-CH530 के बारे में बताया गया है कि यह 55 घंटे तक की बैटरी लाइफ देता है। आइए जानते हैं इन दोनों हेडफोन की कीमत, फीचर्स और उपलब्धता के बारे में।

Sony WH-CH730N और WH-CH530 की कीमत

Sony ने भारत में WH-CH730N को 12,990 रुपये की कीमत पर लॉन्च किया है। यह कंपनी का ज्यादा फीचर वाला मॉडल है। इसमें ANC यानी एक्टिव नॉइज कैंसिलेशन की सुविधा मिलती है। यह हेडफोन ब्लैक, ब्लू, व्हाइट, पिंक और बेज कलर में उपलब्ध होगा। इसकी सेल 19 नवंबर से शुरू हो गई है। वहीं, Sony WH-CH530 की कीमत 4,490 रुपये रखी गई है। इसे ब्लैक, व्हाइट, कोबाल्ट, कोरल, पिंक और मिंट कलर में खरीदा जा सकेगा। इसकी सेल 20 नवंबर से शुरू होगी।

Sony WH-CH730N के फीचर्स

Sony WH-CH730N एक ओवर-ईयर वायरलेस हेडफोन है। इसका मतलब है कि इसके ईयर कप कानों को पूरी तरह ढकते हैं। इसमें Dual Noise Sensor टेक्नोलॉजी दी गई है, जो आसपास के शोर को कम करने में मदद करती है। इस हेडफोन में Ambient Sound Mode भी दिया गया है। कॉलिंग के लिए इसमें AI बीमफॉर्मिंग माइक्रोफोन और Precise Voice Pickup टेक्नोलॉजी दी गई है। कंपनी के मुताबिक, ये फीचर कॉल के दौरान यूजर की आवाज को साफ रखने और आसपास के शोर को कम करने में मदद करते हैं।

बैटरी इस हेडफोन की बड़ी खूबियों में से एक है। Sony का दावा है कि WH-CH730N ANC बंद रखने पर एक बार चार्ज करने के बाद 75 घंटे तक म्यूजिक प्लेबैक दे सकता है। वहीं, ANC चालू रहने पर इसकी बैटरी 50 घंटे तक चलने का दावा किया गया है। इसमें क्विक चार्जिंग सपोर्ट भी मिलता है। कंपनी के मुताबिक, सिर्फ 3 मिनट चार्ज करने पर 90 मिनट तक म्यूजिक सुना जा सकता है।

Sony WH-CH530 की खासियतें

यह ऑन-ईयर डिजाइन वाला वायरलेस हेडफोन है और इसका वजन करीब 150 ग्राम है। इसमें सॉफ्ट ईयर पैड दिए गए हैं। हालांकि, इस मॉडल में ANC नहीं मिलता। इसमें AI-बेस्ड कॉल नॉइज रिडक्शन दिया गया है, जो कॉल के दौरान आवाज को साफ रखने में मदद करता है। बैटरी की बात करें तो Sony WH-CH530 में एक बार चार्ज करने पर 55 घंटे तक म्यूजिक प्लेबैक मिलने का दावा है। इसमें भी 3 मिनट की क्विक चार्जिंग से 90 मिनट तक म्यूजिक सुनने की सुविधा मिलती है।

दोनों हेडफोन में मिलेंगे ये खास फीचर्स

Sony WH-CH730N और WH-CH530 दोनों में 30mm ड्राइवर्स दिए गए हैं। ये Sony की DSEE यानी Digital Sound Enhancement Engine टेक्नोलॉजी को सपोर्ट करते हैं। दोनों हेडफोन में Bluetooth 6.0 कनेक्टिविटी मिलती है। इनमें Multipoint Connection भी मौजूद है। इसकी मदद से एक ही समय पर दो डिवाइस कनेक्ट किए जा सकते हैं।

दोनों मॉडल Auracast और Google Fast Pair को भी सपोर्ट करते हैं। दोनों हेडफोन 360 Reality Audio को भी सपोर्ट करते हैं। इसके अलावा ऐप में Safe Listening से जुड़े कंट्रोल दिए गए हैं, जिनकी मदद से सुनने के वॉल्यूम को मैनेज किया जा सकता है। WH-CH730N में ऐप के जरिए नॉइज कैंसिलेशन और एम्बिएंट साउंड सेटिंग भी बदली जा सकती हैं।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN