Home BUSINESS NEWS HINDI Stock Market: शेयर बाजार में क्या जारी रहेगी तेजी? TCS के रिजल्ट...

Stock Market: शेयर बाजार में क्या जारी रहेगी तेजी? TCS के रिजल्ट पर भी रहेगी मार्केट की नजर

2
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

Stock Market outlook this week: इस सप्ताह शेयर बाजार का रुख कच्चे तेल की कीमतों, वैश्विक रुझानों और कंपनियों के तिमाही नतीजों की शुरुआत से तय होगा। एक्सपर्ट्स ने यह उम्मीद जताई है। आईटी सेक्टर की दिग्गज कंपनी टीसीएस नौ जुलाई को अपने जून तिमाही के वित्तीय परिणाम घोषित करेगी। कंपनी के नतीजों पर भी मार्केट की निगाह बनी रहेगी। एक्सपर्ट्स ने कहा कि इसके अलावा दक्षिण-पश्चिम मानसून की प्रगति और विदेशी निवेशकों की कारोबारी गतिविधियां भी बाजार की चाल को प्रभावित करेंगी।

बीते हफ्ते शेयर बाजारों में दिखी थी तेजी (Stock market updates)

रेलिगेयर ब्रोकिंग लिमिटेड के वाइस प्रेसीडेंट (रिसर्च) अजित मिश्रा ने कहा, ‘निवेशक नौ जुलाई को आने वाले टीसीएस के तिमाही नतीजों पर करीबी नजर रखेंगे। इसमें मांग के रुझान, विवेकाधीन खर्च और एआई आधारित व्यावसायिक अवसरों को लेकर प्रबंधन की टिप्पणियों पर विशेष ध्यान रहेगा।’ बीते सप्ताह बीएसई का मानक सूचकांक सेंसेक्स 663.44 अंक यानी 0.86 प्रतिशत बढ़ा, जबकि एनएसई निफ्टी में 214.85 अंक यानी 0.89 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई।

9 जुलाई से शुरू होगा तिमाही नतीजों का शोर (Share bazar updates)

स्वास्तिका इन्वेस्टमार्ट लिमिटेड के वरिष्ठ तकनीकी विश्लेषक प्रवेश गौर ने कहा, ‘घरेलू मोर्चे पर निवेशकों का ध्यान नौ जुलाई से शुरू हो रहे वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही के नतीजों पर केंद्रित रहेगा। कंपनियों की आय के शुरुआती आंकड़े और प्रबंधन की टिप्पणियां मांग की स्थिति, मार्जिन के रुझान और कमाई की स्पष्टता के बारे में महत्वपूर्ण संकेत प्रदान करेंगी।’ उन्होंने यह भी कहा कि दक्षिण-पश्चिम मानसून की प्रगति और खरीफ फसलों की बुवाई ग्रामीण मांग, मुद्रास्फीति की उम्मीदों और वृहद आर्थिक वृद्धि के लिए महत्वपूर्ण संकेतक बनी रहेगी।

इस बीच, अमेरिका और ईरान के बीच तकनीकी बातचीत का अगला दौर 11 जुलाई को होने की उम्मीद है, हालांकि इसके स्थान के बारे में अभी अंतिम फैसला होना बाकी है।

‘कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट संभव’ (Crude oil Price)

ऑनलाइन ट्रेडिंग कंपनी एनरिच मनी के सीईओ पोनमुडी आर ने कहा, ‘हॉर्मुज जलडमरूमध्य से तेल आपूर्ति में बाधा की आशंकाएं कम होने के बाद कच्चे तेल की कीमतें 68-69 डॉलर प्रति बैरल के आसपास स्थिर हुई हैं। ऊर्जा कीमतों में लगातार स्थिरता भारत में मुद्रास्फीति के परिदृश्य और बाह्य क्षेत्र के संतुलन के लिए सकारात्मक होगी।’

(यह निवेश की सलाह नहीं है। शेयर बाजार जोखिमों के अधीन है। किसी भी निवेश से पहले सूझ-बूझ के साथ फैसला करें। यहां प्रस्तुत एक्सपर्ट्स के विचार निजी हैं। लाइव हिन्दुस्तान इस आधार पर शेयरों को खरीदने और बेचने की सलाह नहीं देता है।)

SOURCE : LIVE HINDUSTAN