Home rss business hindi Stock Market outlook: क्या घरेलू शेयर बाजार इस हफ्ते करेगा वापसी? कच्चे...

Stock Market outlook: क्या घरेलू शेयर बाजार इस हफ्ते करेगा वापसी? कच्चे तेल का रेट और बॉन्ड मार्केट पर निगाह

5
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

Stock Market outlook: भारतीय शेयर बाजार की दिशा इस सप्ताह मुख्य रूप से कच्चे तेल की कीमतों, पश्चिम एशिया के भू-राजनीतिक घटनाक्रमों और वैश्विक बाजार के रुख से तय होगी। इसके अलावा विदेशी निवेशकों की गतिविधियों और अमेरिकी बॉण्ड प्रतिफल पर भी निवेशकों की नजर रहेगी।

ट्रंप की वजह से अनिश्चितता बढ़ी

एक्सपर्ट के अनुसार, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा रूस और ईरान पर प्रतिबंधों से संबंधित नए कानून पर हस्ताक्षर किए जाने के बाद भारतीय बाजार के लिए व्यापार मोर्चे पर एक नई अनिश्चितता पैदा हुई है।

एक्सपर्ट्स का क्या कहना है?

एनरिच मनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) पोनमुडी आर. ने कहा कि भारतीय शेयर बाजार में इस सप्ताह कच्चे तेल के दाम, बॉण्ड प्रतिफल और भू-राजनीतिक घटनाक्रम धारणा को प्रभावित करने वाले प्रमुख कारक रहेंगे। उन्होंने कहा कि रूस से भारत की महत्वपूर्ण मात्रा में कच्चे तेल की खरीद को देखते हुए अमेरिका की नई व्यापार एवं प्रतिबंध नीति का असर बाजार पर पड़ सकता है।

रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रंप ने ‘लिंडसे ओ. ग्राहम सैंक्शनिंग रूस एंड ईरान एक्ट ऑफ 2026’ पर हस्ताक्षर किए हैं। यह कानून रूस और ईरान पर मौजूदा प्रतिबंधों को विस्तार देता है तथा रूस से कच्चा तेल और गैस खरीदने वाले कुछ देशों पर 100 प्रतिशत तक शुल्क लगाने का अधिकार अमेरिकी राष्ट्रपति को देता है।

हालांकि, कानून के तहत किन देशों पर वास्तव में कितनी दर से शुल्क लगाया जाएगा, इस बारे में अमेरिकी प्रशासन के पास व्यापक अधिकार हैं। इसलिए भारत पर इसके संभावित प्रभाव को लेकर फिलहाल अनिश्चितता बनी हुई है।

कच्चे तेल की कीमतों और बॉन्ड मार्केट पर निगाह

रेलिगेयर ब्रोकिंग के सीनियर वाइस प्रेसीडेंट अजीत मिश्रा ने कहा कि वैश्विक स्तर पर अमेरिका-ईरान तनाव, कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव और अमेरिकी बॉन्ड पर प्रतिफल बाजार की दिशा तय करने वाले प्रमुख कारक होंगे।

इस बीच, विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (एफपीआई) ने सितंबर में अबतक भारतीय शेयरों से करीब 20,974 करोड़ रुपये की निकासी की है। ऊंची कच्चे तेल की कीमतों, अमेरिका में ऊंची ब्याज दरों, बॉण्ड बाजार और वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच विदेशी निवेशकों की बिकवाली बाजार के लिए महत्वपूर्ण कारक बनी हुई है।

स्वस्तिका इन्वेस्टमार्ट के रिसर्च हेड संतोष मीणा ने कहा कि आने वाले दिनों में भारत, अमेरिका और यूरो क्षेत्र के पीएमआई आंकड़ों के साथ-साथ अमेरिका के आगामी श्रम बाजार आंकड़ों पर निवेशकों की नजर रहेगी।

घरेलू बाजार में 24 सितंबर को नेशनल स्टॉक एक्सचेंज की सूचीबद्धता भी एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम होगी। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) के 22,569 करोड़ रुपये के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को दूसरे दिन ही पूर्ण अभिदान मिल गया है।

पिछले सप्ताह बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 486.8 अंक यानी 0.65 प्रतिशत टूटा, जबकि एनएसई निफ्टी में 51.7 अंक यानी 0.22 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।

(यह निवेश की सलाह नहीं है। शेयर बाजार जोखिमों के अधीन है। किसी भी निवेश से पहले एक्सपर्ट्स की सलाह जरूर लें।)

SOURCE : LIVE HINDUSTAN