Source :- LIVE HINDUSTAN
मुख्य बातें
- Stock Market Outlook: चार हफ्ते की तेजी के बाद पिछले सप्ताह शेयर बाजार की रफ्तार पर ब्रेक लग गया था
- इस हफ्ते बाजार की नजर RBI के फैसलों पर भी रहेगी
Stock Market Outlook: बाजार एक्सपर्ट्स का कहना है कि इस सप्ताह शेयर बाजार की दिशा विदेशी निवेशकों के रुख, कच्चे तेल की चाल, वृहद आर्थिक आंकड़ों और भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की ब्याज दर नीति से तय होगी। पिछले सप्ताह भारतीय शेयर बाजार में लगातार चार हफ्ते से जारी तेजी थम गई। बैंकिंग शेयरों में कमजोरी और कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों से बाजार पर दबाव रहा। इसके अलावा, आरबीआई की मौद्रिक नीति के फैसले से पहले निवेशक सतर्क दिखे और उन्होंने मुनाफावसूली की।
RBI की मीटिंग पर रहेगी सबकी निगाह
रेलिगेयर ब्रोकिंग के सीनियर वाइस प्रेसीडेंट (रिसर्च) अजीत मिश्रा ने कहा, ‘दो से चार दिसंबर तक होने वाली आरबीआई की मौद्रिक नीति समिति (एमपीसी) की बैठक प्रमुख घरेलू घटनाक्रम होगी। नीतिगत निर्णय की घोषणा शुक्रवार, चार दिसंबर को होनी है। घरेलू आर्थिक आंकड़ों पर भी बाजार की नजर बनी रहेगी, विशेष रूप से सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) की वृद्धि दर और अक्टूबर के औद्योगिक उत्पादन के आंकड़ों पर। नवंबर के विनिर्माण, सेवा और समग्र पीएमआई आंकड़े आर्थिक गतिविधियों की रफ्तार के बारे में और स्पष्ट संकेत देंगे।’ उन्होंने कहा कि ग्लोबल पॉलिटिक्स मोर्चे पर होने वाले घटनाक्रम और कच्चे तेल की कीमतों से भी बाजार की धारणा प्रभावित होगी।
FPI की घरेलू शेयर बाजार में हुई वापसी
एआई से जुड़े शेयरों में वैश्विक स्तर पर बिकवाली और घरेलू कंपनियों की आय में मजबूत वृद्धि के चलते विदेशी निवेशकों ने नवंबर में भारतीय शेयर बाजार में रिकॉर्ड 1.54 लाख करोड़ रुपये का निवेश किया है, जो अब तक का सबसे अधिक मासिक निवेश है।
ऑनलाइन ट्रेडिंग कंपनी एनरिच मनी के सीईओ पोनमुडी आर ने कहा, ‘हालिया तेजी पर विराम लगने के बाद भारतीय शेयर बाजार आगामी सप्ताह में प्रवेश कर रहा है, जहां प्रमुख समर्थन स्तरों को बनाए रखने की बाजार की क्षमता ही अगली दिशा तय करेगी। वैश्विक घटनाक्रमों का असर बना रहेगा।’ उन्होंने कहा कि घरेलू मोर्चे पर बाजार का ध्यान चार दिसंबर को आने वाले आरबीआई के मौद्रिक नीति निर्णय पर केंद्रित होगा, जहां निवेशक मुद्रास्फीति, मुद्रा पर दबाव और तरलता की स्थिति को लेकर केंद्रीय बैंक के आकलन पर बारीकी से नजर रखेंगे।
पिछले सप्ताह बीएसई का मानक सूचकांक सेंसेक्स 580.45 अंक यानी 0.69 प्रतिशत गिर गया, जबकि एनएसई निफ्टी में 193.4 अंक यानी 0.74 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।
(डिस्क्लेमर: यह निवेश की सलाह नहीं है। शेयर बाजार जोखिमों के अधीन है। किसी भी निवेश से पहले सूझ-बूझ के साथ फैसला करें या फाइनेंशियल एडवायजर से सलाह ले लें। लाइव हिन्दुस्तान इस आधार पर शेयरों को खरीदने और बेचने की सलाह नहीं देता है।)
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




