Home LIFESTYLE NEWS HINDI Tarri Poha: पोहा तो बहुत खाया होगा, अब इसका ये मसालेदार स्वाद...

Tarri Poha: पोहा तो बहुत खाया होगा, अब इसका ये मसालेदार स्वाद भी चख लीजिए

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

Authentic Tarri Poha Step-by-Step Recipe in Hindi: अगर आप रोज का पोहा खाकर बोर हो गए हैं, तो इस बार तर्री पोहा जरूर ट्राई करें। मसालेदार तर्री और नरम पोहे का यह स्वाद एक बार खाने के बाद बार-बार बनाने का मन करेगा।

अगर आपको लगता है कि पोहा सिर्फ हल्का और साधारण नाश्ता है, तो शायद आपने अब तक तर्री पोहा नहीं खाया है। नागपुर की गलियों में मिलने वाला यह खास नाश्ता अपने तीखे स्वाद और मसालेदार तर्री की वजह से पूरे देश में पसंद किया जाता है। इसमें नरम पोहे के ऊपर गरमा-गरम मसालेदार तर्री डाली जाती है, जो इसके स्वाद को कई गुना बढ़ा देती है। ऊपर से सेव, प्याज, हरा धनिया और नींबू का रस मिल जाए, तो हर निवाला और भी मजेदार बन जाता है। अच्छी बात यह है कि इसे घर पर बनाना बिल्कुल मुश्किल नहीं है। आइए जानते हैं इसकी आसान रेसिपी।

तर्री पोहा बनाने के लिए क्या चाहिए?

पोहे के लिए: दो कप मोटा पोहा, एक प्याज बारीक कटा हुआ, हरी मिर्च, करी पत्ता, राई, हल्दी, नमक, तेल, हरा धनिया, नींबू

तर्री के लिए: एक कप उबले हुए चने, एक प्याज, दो टमाटर, अदरक और लहसुन का पेस्ट, लाल मिर्च, हल्दी, धनिया पाउडर, गरम मसाला, नमक, तेल, पानी

सबसे पहले पोहा तैयार करें

  • पोहे को साफ पानी से हल्का धोकर पांच मिनट के लिए अलग रख दें। इससे पोहा हल्का नरम हो जाएगा और पकाते समय टूटेगा नहीं।
  • अब कड़ाही में तेल गर्म करें। और राई डालें।
  • राई चटकने लगे, तब करी पत्ता और हरी मिर्च डालें। इससे पोहे में अच्छी खुशबू और हल्का तीखापन आएगा।
  • इसके बाद प्याज डालकर हल्का सुनहरा होने तक पकाएं।
  • अब हल्दी और नमक डालें।
  • अंत में पोहा डालकर दो से तीन मिनट तक धीरे-धीरे चलाएं। पोहे को हल्के हाथों से मिलाएं ताकि वह टूटे नहीं और मसाले हर दाने पर अच्छी तरह चढ़ जाएं।
  • आखिर में ताजा हरा धनिया डालने से पोहे की खुशबू और स्वाद दोनों बढ़ जाते हैं। चाहें तो ऊपर से थोड़ा नींबू भी निचोड़ सकते हैं।

अब बनाएं मसालेदार तर्री

  • एक कड़ाही में तेल गर्म करें और प्याज डालकर अच्छी तरह भून लें।
  • अब अदरक और लहसुन का पेस्ट डालें।
  • इसके बाद टमाटर डालकर नरम होने तक पकाएं।
  • अब हल्दी, लाल मिर्च, धनिया पाउडर, गरम मसाला और नमक डालकर मसाले को अच्छी तरह भून लें।
  • उबले हुए चने डालें और दो मिनट तक चलाएं। अब जरूरत के अनुसार पानी डालें और दस मिनट तक पकने दें। तर्री थोड़ी पतली रहे, तभी इसका असली स्वाद आता है।

परोसने का सही तरीका

एक प्लेट में पहले गर्म पोहा रखें। अब उसके ऊपर अच्छी मात्रा में गर्म तर्री डालें। फिर बारीक कटा प्याज, हरा धनिया और सेव डालें। आखिर में नींबू का रस निचोड़ दें।

तर्री पोहा को और स्वादिष्ट बनाने के आसान टिप्स

  1. तर्री को थोड़ा तीखा रखें।
  2. पोहे को ज्यादा देर तक ना पकाएं।
  3. ऊपर से ताजा सेव डालें।
  4. गरमा-गरम परोसें, तभी इसका स्वाद सबसे अच्छा लगता है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN