Home LIFESTYLE NEWS HINDI Thrifting Trend क्या है? कम पैसों में स्टाइलिश दिखने के लिए क्यों...

Thrifting Trend क्या है? कम पैसों में स्टाइलिश दिखने के लिए क्यों बढ़ रहा है यह फैशन ट्रेंड

2
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

थ्रिफ्टिंग (Thrifting) फैशन का एक ऐसा ट्रेंड है, जिसमें लोग नए कपड़ों के बजाय पहले इस्तेमाल किए जा चुके कपड़े, जूते, बैग और एक्सेसरीज खरीदते हैं। आखिर लोग ऐसा क्यों कर रहे हैं और इसके पीछे क्या कारण है, चलिए जानते हैं।

फैशन की दुनिया में हर दिन नया ट्रेंड आता है और फिर वह सभी पर छा जाता है। नए स्टाइल, ब्रांड्स, लुक्स वाले कपड़े तो आपने खूब देखे होंगे और मॉल जाकर खरीदे भी होंगे। लेकिन क्या कभी कम बजट में स्टाइलिश दिखने के नए तरीके के बारे में सुना है। इन दिनों ऐसा एक ट्रेंड चर्चा में आया है, जिसका नाम है थ्रिफ्टिंग। इस ट्रेंड में लोग नए कपड़ों के बजाय पहले यूज किए जा चुके कपड़े, विंटेज आउटफिट्स, जूते, बैग और अन्य फैशन से जुड़ी चीजों को खरीदते हैं। ऐसा कहा जा रहा है कि इस ट्रेंड की वजह से लोगों के पैसे बच रहे हैं और लो बजट में स्टाइलिश लुक पा रहे हैं। चलिए आपको इस नए ट्रेंड के बारे में पूरी जानकारी देते हैं।

क्या होती है थ्रिफ्टिंग?

थ्रिफ्टिंग का मतलब है पहले इस्तेमाल की जा चुकी चीजों को दोबारा खरीदना और उनका इस्तेमाल करना। फैशन की दुनिया में इसका मतलब सेकंड हैंड कपड़ों, जूतों, बैग और एक्सेसरीज से है। ऐसी चीजें थ्रिफ्ट स्टोर, रीसेल मार्केट, ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए खरीदी जा सकती हैं। मान लीजिए कि आप किसी थ्रिफ्ट स्टोर से अच्छी स्थिति वाली डेनिम जैकेट, विंटेज साड़ी या पुराने डिजाइन का बैग खरीदते हैं, तो इसे थ्रिफ्टिंग कहा जा सकता है।

भारत में क्यों लोकप्रिय हो रही है थ्रिफ्टिंग?

थ्रिफ्टिंग के पीछे कई वजहें हैं। पहली, इसमें कम दाम पर अच्छे कपड़े और अलग-अलग डिजाइन खोजने का मौका मिल सकता है। दूसरी, विंटेज फैशन पसंद करने वाले लोगों के लिए यह पुराने स्टाइल के कपड़े खोजने का एक अच्छा जरिया है। तीसरी, पहले से इस्तेमाल किए जा चुके कपड़ों को दोबारा खरीदना और पहनना उनकी उम्र बढ़ाने में मदद करता है।

4 कारणों से थ्रिफ्टिंग करना पसंद कर रहे लोग

1. कम बजट में मिलते हैं स्टाइलिश कपड़े

थ्रिफ्टिंग का एक बड़ा प्वॉइंट यह है कि इसमें नए कपड़ों की तुलना में कम कीमत पर कुछ अच्छे फैशन आइटम मिल सकते हैं। विंटेज जैकेट, डेनिम जींस, प्रिंटेड शर्ट, साड़ियां और डिजाइनर स्टाइल के बैग भी मिल जाते हैं। अगर आप हर नए ट्रेंड के लिए महंगे कपड़े नहीं खरीदना चाहते, तो थ्रिफ्ट स्टोर पर मौजूद ऑप्शन चेक करें।

2. पुराने फैशन को दे सकते हैं नया अंदाज

फैशन में पुराने स्टाइल की वापसी होती रहती है। रेट्रो शर्ट, बैगी जींस, विंटेज साड़ियां और क्लासिक जैकेट आज भी अलग-अलग तरीकों से पहनी जाती हैं। थ्रिफ्टिंग के जरिए ऐसे डिजाइन मिल सकते हैं, जिन्हें नॉर्मल कपड़ों की दुकानों पर खोजना मुश्किल हो।

3. कपड़ों को दोबारा इस्तेमाल करने का मिलता है मौका

थ्रिफ्टिंग का एक और फायदा यह है कि इससे पहले से इस्तेमाल किए जा चुके कपड़ों को दोबारा पहनने का अवसर मिलता है। इससे कपड़ों जल्दी फेंकने की जरूरत नहीं होती है। थ्रिफ्टिंग का ऑप्शन पर्यावरण के लिए फायदेमंद माना जा रहा है।

4. लो बजट और कम खरीदारी

थ्रिफ्टिंग का एक फायदा ये भी है कि आपका बजट कम लगेगा और आप फिजूल में कपड़े नहीं खरीदेंगे। जब आपको कम दाम में कोई कपड़ा मिल रहा है, तो आप ज्यादा पैसा लगाकर नया कपड़ा क्यों लेंगे। ज्यादा कपड़ों से घर और अलमारी भर जाते हैं और कई आउटफिट्स कभी पहने ही नहीं जाते।

थ्रिफ्टिंग करते समय इन 5 बातों का रखें ध्यान

खरीदने से पहले कपड़े की सिलाई, जिप, बटन और किनारों को अच्छी तरह देखें। कहीं कपड़ा फटा हुआ या बहुत ज्यादा घिसा हुआ तो नहीं है, इस पर भी ध्यान दें।

  • कपड़े पर लगे दाग, नमी या फफूंद के निशान और ऐसी बदबू पर ध्यान दें, जिन्हें हटाना मुश्किल हो सकता है। थ्रिफ्टिंग से साफ कपड़े ही लें।
  • ऑनलाइन खरीदारी करते समय केवल S, M या L जैसे साइज पर भरोसा न करें। कपड़े की लंबाई, छाती, कमर और अन्य जरूरी चीजें देखें। साथ ही, रिटर्न और रिफंड की शर्तें भी पढ़ें।
  • ऑनलाइन खरीदते समय रेटिंग, रिव्यू, कपड़ों की तस्वीरें और पेमेंट के तरीकों को गौर से चेक करें। अगर किसी आइटम को ब्रांडेड बताया जा रहा है, तो उसकी पुष्टि करने की कोशिश करें।
  • खरीदे गए कपड़ों को उनके केयर लेबल के अनुसार धोएं या जरूरत पड़ने पर ड्राई क्लीन कराएं। इससे उन्हें इस्तेमाल करने से पहले साफ करने में मदद मिलेगी।

क्या आपको भी अपनाना चाहिए थ्रिफ्टिंग का ट्रेंड?

अगर आपको विंटेज फैशन पसंद है, आप कम बजट में नए स्टाइल तलाशना चाहते हैं या कपड़ों को दोबारा इस्तेमाल करने में दिलचस्पी रखते हैं, तो थ्रिफ्टिंग आपके लिए सही हो सकता है। लेकिन अगर आप दूसरों के इस्तेमाल किए हुए कपड़ों को नहीं पहनते हैं, तो ये ट्रेंड आपके लिए नहीं है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN