Source :- INDIATV NEWS

Highlights
- यूपी सरकार ने 2027 का छुट्टियों का कैलेंडर जारी किया, सरकारी कर्मचारियों को मिलेगी राहत।
- सालभर में 26 सार्वजनिक और 27 निर्बन्धित अवकाश घोषित, वाल्मीकि जयंती पर अतिरिक्त छुट्टी।
- जिलाधिकारियों को तीन स्थानीय छुट्टियां घोषित करने का अधिकार, अप्रैल में बैंकों की भी छुट्टी।
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी करने वालों के लिए बड़ी खबर है। राज्य सरकार ने वर्ष 2027 के लिए सरकारी छुट्टियों का कैलेंडर जारी कर दिया है। 17 नवंबर 2026 को जारी इस कैलेंडर में सार्वजनिक अवकाश, निर्बन्धित अवकाश और कार्यकारी आदेशों के तहत घोषित छुट्टियों की जानकारी दी गई है। प्रमुख सचिव एसबीएस रंगाराव की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, निगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट एक्ट, 1881 के तहत पूरे साल में कुल 26 सार्वजनिक अवकाश घोषित किए गए हैं। इसके अलावा 27 निर्बन्धित अवकाश भी रहेंगे।
2027 में कितनी मिलेंगी सरकारी छुट्टियां?
सरकार की ओर से जारी कैलेंडर में अलग-अलग त्योहारों और महत्वपूर्ण अवसरों के लिए छुट्टियां तय की गई हैं। सार्वजनिक अवकाश के तहत सरकारी कार्यालय बंद रहेंगे, जबकि निर्बन्धित अवकाशों में कर्मचारी निर्धारित सूची में से अपनी पसंद के अनुसार छुट्टी ले सकेंगे। इसके अलावा महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर 15 अक्टूबर 2027 को अतिरिक्त सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है। यानी इस दिन भी सरकारी दफ्तर बंद रहेंगे।
जनवरी से मार्च तक कब-कब रहेगी छुट्टी?
साल 2027 की शुरुआत में ही सरकारी कर्मचारियों को कई छुट्टियां मिलेंगी। जनवरी में मकर संक्रांति और गणतंत्र दिवस पर सार्वजनिक अवकाश रहेगा। इसके अलावा 15 जनवरी को गुरु गोबिंद सिंह जयंती के अवसर पर भी छुट्टी रहेगी। फरवरी में संत रविदास जयंती पर अवकाश घोषित किया गया है। वहीं मार्च में महाशिवरात्रि, ईद और होली जैसे प्रमुख त्योहारों पर सरकारी कर्मचारियों को छुट्टियां मिलेंगी।
देखें पूरे साल की छुट्टियों की लिस्ट
अप्रैल और मई में इन मौकों पर बंद रहेंगे दफ्तर
अप्रैल 2027 में डॉ. भीमराव आंबेडकर जयंती, रामनवमी और महावीर जयंती के अवसर पर सार्वजनिक अवकाश रहेगा। मई महीने में बकरीद और बुद्ध पूर्णिमा पर सरकारी कार्यालय बंद रहेंगे। इन त्योहारों के चलते कर्मचारियों को साल के शुरुआती महीनों में ही कई छुट्टियां मिलेंगी।
जून से अगस्त तक छुट्टियों की पूरी जानकारी
जून महीने में मोहर्रम के अवसर पर सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है। इसके बाद अगस्त में स्वतंत्रता दिवस, रक्षाबंधन और श्रीकृष्ण जन्माष्टमी जैसे प्रमुख त्योहारों पर छुट्टियां रहेंगी। इन मौकों पर सरकारी कार्यालयों में कामकाज बंद रहेगा।
सितंबर और अक्टूबर में छुट्टियों की भरमार
सितंबर महीने में अनंत चतुर्दशी और विश्वकर्मा पूजा जैसे अवसरों को निर्बन्धित अवकाश की सूची में शामिल किया गया है। वहीं अक्टूबर का महीना छुट्टियों के लिहाज से काफी खास रहने वाला है। इस महीने गांधी जयंती, दशहरा और दीपावली जैसे प्रमुख त्योहारों पर सार्वजनिक अवकाश रहेगा। इसके अलावा 15 अक्टूबर को महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर अतिरिक्त सार्वजनिक छुट्टी घोषित की गई है।
नवंबर और दिसंबर में कब मिलेगी छुट्टी?
साल के आखिरी दो महीनों में भी कई महत्वपूर्ण अवसरों पर सरकारी कर्मचारियों को छुट्टियां मिलेंगी। नवंबर में गुरु नानक जयंती, कार्तिक पूर्णिमा और छठ पूजा के अवसर पर अवकाश रहेगा। इसके अलावा 16 नवंबर को वीरांगना ऊदा देवी शहीद दिवस को निर्बन्धित अवकाश की सूची में शामिल किया गया है। 24 नवंबर को गुरु तेग बहादुर शहीद दिवस पर भी छुट्टी रहेगी। दिसंबर में क्रिसमस के अवसर पर सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है।
1 अप्रैल को बैंकों में भी रहेगी छुट्टी
सरकार ने 1 अप्रैल 2027 को वार्षिक लेखाबंदी के कारण अवकाश घोषित किया है। हालांकि, यह छुट्टी सभी सरकारी कार्यालयों के लिए नहीं होगी। यह केवल बैंकों, कोषागारों और उपकोषागारों पर लागू होगी। इस दिन इन संस्थानों में सामान्य कामकाज नहीं होगा।
जिलाधिकारी घोषित कर सकेंगे तीन स्थानीय छुट्टियां
सरकारी कैलेंडर के मुताबिक, प्रत्येक जिले के जिलाधिकारी को साल में अधिकतम तीन स्थानीय अवकाश घोषित करने का अधिकार दिया गया है। हालांकि, इसके लिए उन्हें पहले मंडलायुक्त को सूचना देनी होगी। यानी स्थानीय स्तर पर होने वाले विशेष आयोजनों और महत्वपूर्ण अवसरों के लिए जिले में अलग से छुट्टी घोषित की जा सकती है।
त्योहार की तारीख बदलने पर क्या होगा?
सरकार ने छुट्टियों को लेकर कुछ जरूरी नियम भी स्पष्ट किए हैं। अगर कोई त्योहार या जयंती पहले से घोषित सार्वजनिक अवकाश के दिन पड़ती है, तो उसके बदले कर्मचारियों को दूसरी छुट्टी नहीं मिलेगी। वहीं, चंद्रमा दिखाई देने के आधार पर मनाए जाने वाले त्योहारों की तारीख स्थानीय स्तर पर चांद दिखने के अनुसार तय की जाएगी। ऐसे में ईद और मोहर्रम जैसे त्योहारों की छुट्टियों की तारीख में बदलाव संभव है।
कर्मचारियों के लिए क्या है खास?
उत्तर प्रदेश सरकार के 2027 के छुट्टी कैलेंडर में धार्मिक त्योहारों, राष्ट्रीय पर्वों और महापुरुषों की जयंती के साथ-साथ ऐतिहासिक महत्व वाले दिनों को भी जगह दी गई है। कुल 26 सार्वजनिक और 27 निर्बन्धित अवकाश घोषित किए गए हैं। इसके अलावा महर्षि वाल्मीकि जयंती पर अतिरिक्त सार्वजनिक अवकाश भी मिलेगा। ऐसे में सरकारी कर्मचारियों को सालभर में छुट्टियों की योजना बनाने में आसानी होगी।
ये भी पढ़ें: ‘जब आएगी सपा की सरकार, 16 अगस्त को घोषित की जाएगी छुट्टी’, अखिलेश यादव का बड़ा ऐलान, वजह भी बताई
SOURCE : INDIATV NEWS




