Home - WhatsApp का बड़ा प्राइवेसी फीचर! अब टेक्स्ट मैसेज भी एक बार देखने...

WhatsApp का बड़ा प्राइवेसी फीचर! अब टेक्स्ट मैसेज भी एक बार देखने के बाद हो जाएगा गायब

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

WhatsApp ने Android बीटा यूजर्स के लिए View Once Text Messages फीचर रोलआउट करना शुरू कर दिया है। इसमें टेक्स्ट मैसेज एक बार पढ़ने के बाद गायब हो जाएगा।

WhatsApp यूजर्स के लिए कंपनी एक ऐसा फीचर ला रही है, जिसका लंबे समय से इंतजार था। अब WhatsApp पर भेजे जाने वाले नॉर्मल टेक्स्ट मैसेज को भी ‘View Once’ के तौर पर भेजा जा सकेगा। यानी सामने वाला व्यक्ति मैसेज को सिर्फ एक बार ओपेन करके पढ़ पाएगा और उसे बंद करते ही वह मैसेज दोबारा नहीं दिखेगा। फिलहाल यह विकल्प Android के चुनिंदा बीटा यूजर्स के लिए रोलआउट की जा रही है।

WABetaInfo की रिपोर्ट के मुताबिक WhatsApp ने Android बीटा वर्जन 2.26.45.6 में View Once Text Messages फीचर को रोलआउट करना शुरू किया है। हालांकि यह सुविधा अभी सभी बीटा यूजर्स को नहीं मिली है। WhatsApp इसे कई फेज में रोलआउट कर रहा है और आने वाले हफ्तों में ज्यादा बीटा यूजर्स तक पहुंचने की उम्मीद है।

टेक्स्ट के लिए भी View Once फीचर

WhatsApp में View Once फीचर नया नहीं है। अभी तक यूजर्स फोटो, वीडियो और वॉइस मैसेज को View Once के तौर पर भेज सकते थे। अब कंपनी इसी सुविधा को टेक्स्ट मैसेज तक बढ़ा रही है। इससे ऐसे टेक्स्ट को भेजना आसान होगा जिसे यूजर सामने वाले की चैट में हमेशा के लिए नहीं रखना चाहता।

कैसे भेजें View Once टेक्स्ट मैसेज?

अगर आपके WhatsApp अकाउंट पर यह फीचर उपलब्ध है तो सबसे पहले उस व्यक्ति की चैट खोलें, जिसे View Once मैसेज भेजना है। इसके बाद सामान्य तरीके से टेक्स्ट लिखें। मैसेज लिखने के बाद हरे रंग के Send बटन को दबाकर रखना होगा। ऐसा करने पर एक मेन्यू दिखाई देगा, जिसमें View Once का विकल्प मिल सकता है। इस विकल्प को चुनते ही मैसेज View Once के रूप में भेज दिया जाएगा। फिलहाल View Once टेक्स्ट मैसेज को शेड्यूल करने का विकल्प उपलब्ध नहीं दिया गया है।

सामने वाला मैसेज कैसे पढ़ेगा?

View Once टेक्स्ट सामान्य चैट में सीधे दिखाई नहीं देगा। रिसीवर को मैसेज पर टैप करना होगा, जिसके बाद यह अलग स्क्रीन पर ओपेन होगा। एक बार मैसेज पढ़ने के बाद जब वह स्क्रीन बंद कर दी जाएगी तो मैसेज दोबारा नहीं खोला जा सकेगा।

चैट में उस मैसेज की जगह एक संकेत दिखाई देगा कि मैसेज खोला जा चुका है। अगर रीड रिसीट चालू है तो भेजने वाला यह भी देख सकता है कि सामने वाले ने मैसेज खोल लिया है। इसके बाद टेक्स्ट दोनों तरफ की चैट से गायब हो जाता है।

न कॉपी कर पाएंगे, न स्क्रीनशॉट ले पाएंगे

फीचर की सबसे खास बात इसकी प्राइवेसी और सुरक्षा है। View Once टेक्स्ट पढ़ते समय WhatsApp स्क्रीनशॉट और स्क्रीन रिकॉर्डिंग को ब्लॉक करेगा। इसके अलावा मैसेज को कॉपी, सेव या दूसरी चैट में फॉरवर्ड करने का विकल्प भी उपलब्ध नहीं होगा। इसका इस्तेमाल सेंसिटिव जानकारी भेजने में किया जा सकता है।

उदाहरण के लिए किसी को टेंपरेरी पासवर्ड, एक बार इस्तेमाल होने वाला कोड या ऐसी पर्सनल जानकारी भेजनी हो जिसे बाद में चैट में नहीं रखना चाहते, तो View Once टेक्स्ट फीचर काम का हो सकता है।

अभी iPhone यूजर्स के लिए जानकारी नहीं

फिलहाल View Once Text Messages का रोलआउट Android बीटा यूजर्स तक लिमिटेड है। WhatsApp ने अभी यह नहीं बताया है कि यह फीचर सभी Android यूजर्स के लिए कब रिलीज होगा। iPhone यूजर्स के लिए भी फीचर की उपलब्धता या संभावित लॉन्च टाइमलाइन की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN