Source :- LIVE HINDUSTAN
WhatsApp का नया Recent Media Suggestions फीचर चैट के दौरान ही फोन की लेटेस्ट फोटो और वीडियो दिखाएगा। यूजर्स बिना गैलरी खोले मीडिया शेयर कर सकेंगे।
मेसेजिंग प्लेटफॉर्म WhatsApp अपने यूजर्स के चैटिंग एक्सपीरियंस को बेहतर बनाने के लिए एक नया फीचर रोलआउट कर रहा है। इसका नाम Recent Media Suggestions है। इस फीचर की मदद से यूजर्स को चैट के दौरान ही फोन की गैलरी में हाल ही में सेव की गई फोटो और वीडियो के सजेशंस दिखाई देंगे। यानी अब किसी को फोटो या वीडियो भेजने के लिए बार-बार गैलरी खोलने की जरूरत नहीं पड़ेगी। आइए आपको इसके बारे में बताते हैं।
WABetaInfo की रिपोर्ट के मुताबिक, WhatsApp का Recent Media Suggestions फीचर फिलहाल चुनिंदा Android और iOS यूजर्स के लिए रोलआउट किया जा रहा है। इसके जरिए ऐप यूजर्स को उनकी फोन गैलरी में हाल ही में ऐड किए गए मीडिया की जानकारी सीधे चैट स्क्रीन पर दिखाएगा।
दो अलग तरह से हो रही टेस्टिंग
नए फीचर को दिखाने के लिए WhatsApp दो अलग-अलग तरीकों की टेस्टिंग कर रहा है। पहले तरीके में चैट बार के ऊपर एक नोटिफिकेशन दिखाई देगा, जिसमें गैलरी में मौजूद सबसे नई फोटो या वीडियो का थंबनेल नजर आएगा। वहीं, दूसरे तरीके में चैट बार में मौजूद कैमरा आइकन की जगह कुछ समय के लिए उस फोटो या वीडियो का थंबनेल दिखाई दे सकता है।
इससे यूजर्स को किसी कॉन्टैक्ट को फोटो या वीडियो भेजने के लिए अलग से गैलरी में जाने की जरूरत नहीं होगी। वे सीधे चैट स्क्रीन पर दिखाई देने वाले सजेशन पर टैप करके मीडिया शेयर करने का प्रोसेस शुरू कर सकेंगे।
गलती से नहीं सेंड होगी कोई फोटो
खास बात यह है कि WhatsApp किसी भी फोटो या वीडियो को अपने आप सेंड नहीं करेगा। यूजर को दिखाई देने वाले मीडिया सजेशंस पर टैप करना होगा। इसके बाद फोटो या वीडियो WhatsApp के ड्रॉइंग एडिटर में खुलेगा, जहां यूजर्स उसे शेयर करने से पहले देख सकेंगे।
यूजर्स चाहें तो फोटो या वीडियो में कैप्शन और स्टिकर भी जोड़ सकते हैं। इसके बाद ही उसे सामने वाले व्यक्ति को भेजा जा सकेगा। अगर यूजर किसी सजेशंस को नजरअंदाज करना चाहता है तो वह बिना कुछ किए नॉर्मली चैटिंग जारी रख सकता है।
स्क्रीनशॉट और डाउनलोडेड फोटो भी दिखेंगी
Recent Media Suggestions फीचर केवल फोन के कैमरे से क्लिक की गईं फोटोज तक सीमित नहीं रहेगा। रिपोर्ट के मुताबिक, इसमें स्क्रीनशॉट, डाउनलोड की गई तस्वीरें और दूसरे ऐप्स से सेव किए गए वीडियो भी शामिल हो सकते हैं। यानी फोन की गैलरी में हाल ही में ऐड किया गया मीडिया यूजर्स को सजेशंस के तौर पर दिखाई दे सकता है।
ऐसे बंद कर सकेंगे नया फीचर
WhatsApp इस फीचर को एलिजिबल यूजर्स के लिए डिफॉल्ट रूप से ऑन कर रहा है। हालांकि, अगर किसी यूजर को चैट के दौरान फोटो और वीडियो के सजेशंस नहीं चाहिए तो वह इसे बंद भी कर सकता है। इसके लिए WhatsApp की Settings में जाकर Chats सेक्शन खोलना होगा। यहां Recent Media Suggestions का विकल्प मिलेगा। इसे डिसेबल करने के बाद चैट के दौरान मीडिया सजेशंस दिखना बंद हो जाएंगे।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




