Home - Xiaomi ने अचानक महंगे कर दिए Redmi फोन, 4,000 रुपये तक बढ़...

Xiaomi ने अचानक महंगे कर दिए Redmi फोन, 4,000 रुपये तक बढ़ गई कीमत

6
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

Xiaomi ने भारत में 19 Redmi स्मार्टफोन वेरिएंट की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है, जिसमें कुछ मॉडल 4,000 रुपये तक महंगे हुए हैं। Redmi A7 से लेकर Redmi Note 17 Pro सीरीज तक पर असर पड़ा है।

अगर आप नया Redmi स्मार्टफोन खरीदने की तैयारी कर रहे हैं तो अब आपको पहले के मुकाबले ज्यादा पैसे खर्च करने पड़ सकते हैं। Xiaomi ने भारत में अपने कई Redmi स्मार्टफोन की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है। यह बढ़ोतरी बजट से लेकर मिड-रेंज सेगमेंट तक के मॉडल पर हुई है। रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी ने कुल 19 Redmi स्मार्टफोन वेरिएंट की कीमतें बढ़ाई हैं और कुछ मॉडल 4,000 रुपये तक महंगे हो गए हैं। नई कीमतें 16 नवंबर, 2026 से इफेक्टिव बताई गई हैं।

Moneycontrol की रिपोर्ट के मुताबिक, कीमत बढ़ने का असर अलग-अलग मॉडल और स्टोरेज वेरिएंट पर अलग है। चुनिंदा Redmi फोन की कीमतों में 4.26 प्रतिशत से लेकर 18.75 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी हुई है, जबकि औसत बढ़ोतरी 10.02 प्रतिशत है। सबसे ज्यादा बढ़त Redmi A7 Pro 5G के 4GB+128GB वेरिएंट पर हुई है। इसकी कीमत 15,999 रुपये से बढ़कर 18,999 रुपये हो गई है। यानी ग्राहकों को अब 3,000 रुपये ज्यादा देने होंगे।

बजट डिवाइसेज भी पहले से महंगे

बजट सेगमेंट में Redmi A7 की कीमत 12,999 रुपये से बढ़कर 14,999 रुपये हो गई है। वहीं Redmi A7 Pro की कीमत 13,999 रुपये से बढ़कर 15,999 रुपये हो गई है। Redmi 15A 5G की कीमत भी वेरिएंट के आधार पर 2,000 से 3,000 रुपये तक बढ़ी है। अब इसकी कीमत 18,499 रुपये से शुरू होती है। Redmi 17C 5G की शुरुआती कीमत 21,999 रुपये और Redmi 17 की शुरुआती कीमत 25,999 रुपये हो गई है।

Note सीरीज की कीमत भी बढ़ी

इस बढ़ोतरी का असर Redmi Note सीरीज पर भी पड़ा है। Redmi Note 17 5G की शुरुआती कीमत 27,999 रुपये से बढ़कर 30,999 रुपये हो गई है। Redmi Note 17 Pro 5G के वेरिएंट 4,000 रुपये महंगे हुए हैं। इसका 8GB+128GB वेरिएंट अब 40,999 रुपये और 8GB+256GB वेरिएंट 43,999 रुपये का हो गया है। वहीं Redmi Note 17 Pro Max 5G की कीमत में 3,000 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। Redmi Turbo 5 5G के वेरिएंट भी 2,000 रुपये महंगे हुए हैं।

ये हो सकती है कीमत बढ़ने की वजह

कीमत बढ़ाने की बड़ी वजह स्मार्टफोन में इस्तेमाल होने वाली मेमोरी चिप और दूसरे कंपोनेंट्स की बढ़ती लागत बताई जा रही है। रिपोर्ट के मुताबिक, Xiaomi ने दिवाली के दौरान कीमतें नहीं बढ़ाई थीं, जिससे फेस्टिव सीजन में उसके ऑफर्स और सेल पर असर ना पड़े। अब दिवाली के बाद कंपनी ने कीमतों में बदलाव किया है।

हालांकि, जिन लोगों को Redmi फोन खरीदना है उनके लिए एक मौका अभी भी मौजूद है। रिटेल चैनल में पुराने दाम पर खरीदा गया स्टॉक अभी उपलब्ध बताया जा रहा है। ऐसे में कुछ दुकानों पर पुराने दाम में फोन मिल सकता है। लेकिन पुराना स्टॉक खत्म होने के बाद नई कीमतों पर ही सेल होने की संभावना है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN