Source :- INDIATV NEWS

नई दिल्ली स्थित आकाशवाणी के रंग भवन में आयोजित राष्ट्रीय प्रेस दिवस समारोह, 2026 को संबोधित करते हुए इंडिया टीवी के चेयरमैन एवं एडिटर-इन-चीफ रजत शर्मा ने ‘पत्रकारिताः सनसनी या ज़िम्मेदारी’ इस विषय पर अपना वक्तव्य दिया। उन्होंने कहा, “आज जरूरत इस बात की है कि हम सब मिलकर इस देश के लिए एक जिम्मेदार इकोसिस्टम तैयार करें और यह शुरुआत हम सबको मिलकर करनी होगी। सोशल मीडिया आज हमारी ज़िंदगी का हिस्सा है। ज़्यादातर लोग इसके ज़रिए अच्छी खबरें, बेहतरीन कमेंट्स और अलग-अलग ओपिनियंस सामने लाते हैं। मैं हमेशा कहता हूं कि ‘राइट टू क्रिटिसाइज़’ (आलोचना करने का अधिकार) हर नागरिक के पास है। लेकिन जैसे-जैसे राजनीति का तरीका बदला है, सरकार के काम करने का तरीका बदला है, वैसे ही मीडिया को भी अपने काम करने का तरीका बदलना होगा।
सनसनी और जिम्मेदारी में बारीक फर्क है
रजत शर्मा ने कहा, जितना बदलाव आना चाहिए था, वह उत्साह में तो दिखा, लेकिन हमें यह समझना होगा कि ‘सनसनी’ (Sensationalism) और ‘जिम्मेदारी’ (Responsibility) के बीच एक बहुत बारीक फर्क होता है। अगर हमें इस देश को महान बनाना है, तो देश के प्रति अपनी जवाबदेही को नहीं भूलना चाहिए। खासकर टीवी और ब्रॉडकास्ट मीडिया के लिए हमने ‘सेल्फ-रेगुलेशन’ की एक मजबूत व्यवस्था बनाई है।अगर कोई चैनल गलती करता है, सनसनी फैलाता है, या अपनी जिम्मेदारी नहीं निभाता, तो कोई भी व्यक्ति वहां शिकायत कर सकता है। यह बॉडी पूरी तरह एक स्वतंत्र संस्था की तरह काम करती है।
यदि कोई चैनल दोषी पाया जाता है, तो उसे सिर्फ रात के वक्त नहीं, बल्कि ठीक उसी प्राइम-टाइम स्लॉट में बड़े फॉन्ट में माफी मांगनी पड़ती है जिस समय उसने गलती की थी। कई मामलों में भारी जुर्माने और यहां तक कि चैनल का प्रसारण एक दिन के लिए रोकने की सिफारिश भी की जाती है। पिछले 20-21 वर्षों में ऐसे कई कड़े फैसले लिए गए हैं, जिसने ब्रॉडकास्ट मीडिया में एक बड़ी जवाबदेही तय की है।
जिम्मेदारी क्या होती है? हमने 26/11 आतंकी हमले के दौरान दिखाया
उस समय हमारे चैनल का एक प्रोमो बहुत चर्चित था, ‘अगर आपके पास कोई खबर है, तो इस नंबर पर फोन करिए: 93505-93505’। अचानक उस नंबर पर एक फोन आया। फोन करने वाले ने कहा,‘मैं ओबेरॉय होटल से बोल रहा हूं… हमने बहुत सारे लोगों को होस्टेज बनाया है और हम हिंदुस्तान को बर्बाद कर देंगे, तब हमें पता चला कि वे आतंकवादी थे।’
हमारे एंकर ने सूझबूझ दिखाते हुए उस बातचीत को ऑन-एयर ही आगे बढ़ाया। हमने उनसे पूछा, ‘आप कौन हैं? क्या चाहते हैं?’ उन्होंने खुद को ‘डेकन मुजाहिदीन’ बताया। लेकिन लंबी बातचीत के दौरान उनकी आवाज़ के लहजे और पंजाबी टोन (लाहौर के आसपास का उच्चारण) से यह साफ हो गया कि वे डेकन के नहीं, बल्कि पाकिस्तान से ताल्लुक रखते हैं। उसी बातचीत के दौरान मैंने तुरंत मिलिट्री इंटेलिजेंस और रॉ (RAW) के अपने परिचितों को फोन किया और पूरी जानकारी दी। हम लगातार उन आतंकवादियों पर मानसिक दबाव बना रहे थे कि वे घिर चुके हैं और सरेंडर कर दें।
थोड़ी देर बाद सुरक्षा एजेंसियों ने ट्रैक कर लिया कि वह कॉल एक स्वीडिश महिला के फोन से की जा रही थी, जिसे उन्होंने बंधक बनाया था, और आतंकवादी अपने हैंडलर से दूसरे फोन पर बात कर रहे थे। एजेंसियों के पास पहली बार एक क्लियर पिक्चर आ गई थी। बाद में जब नरीमन हाउस पर आतंकियों ने कब्जा किया, तब भी हमने लाइव टेलीकास्ट को 10-12 मिनट डिले करना शुरू किया ताकि हमारी सुरक्षा एजेंसियों को ऑपरेशन में मदद मिले।
सुप्रीम कोर्ट के जजमेंट में हुई तारीफ
शाम तक हमारी सेना और एजेंसियों के पास आतंकवादियों की पूरी जानकारी आ चुकी थी। हालांकि, ऑपरेशन खत्म होने के बाद सरकार और आईबी/होम मिनिस्ट्री की तरफ से हमें नोटिस मिला कि आपने आतंकवादियों को लाइव दिखाकर सनसनी फैलाई है। हमने सुप्रीम कोर्ट में अपना पक्ष रखा और जब सुप्रीम कोर्ट का फैसला आया, तो अदालत ने अपने जजमेंट में साफ लिखा, ‘अगर इंडिया टीवी उन आतंकवादियों को एंगेज न रखता, तो शायद देश को कभी पता ही नहीं चलता कि वे कौन थे और कहां से आए थे।’ यह सनसनी नहीं, राष्ट्र के प्रति हमारी जिम्मेदारी और संवेदना का प्रतीक था।”
विंग कमांडर अभिनंदन का वाकया सुनाया
रजत शर्मा ने कहा, मीडिया से कभी गलतियां नहीं होतीं। ऐसा नहीं है, गलतियां होती हैं, और हमें उन्हें स्वीकार करना चाहिए। लेकिन जहां संयम की ज़रूरत थी, वहां हमने मिसाल भी पेश की। जैसे विंग कमांडर अभिनंदन के मामले में दिखाया गया संयम। जब हमारे वीर पायलट विंग कमांडर अभिनंदन पाकिस्तान की सीमा में गिर गए थे, तब शुरुआत में उनके खून से लथपथ और मारपीट के वीडियो सामने आए थे। देश के सभी ब्रॉडकास्टर्स ने मिलकर तय किया कि हम अपने पराक्रमी सिपाही को पिटते हुए नहीं दिखाएंगे, क्योंकि यह देश और सेना के मनोबल के लिए ठीक नहीं था।
‘ऑपरेशन सिंदूर’ वाली घटना याद दिलाई
सोशल मीडिया पर लोगों ने सवाल उठाए कि आप क्यों छिपा रहे हैं, लेकिन हम सबने तय किया कि हम अपने सैनिक का अपमान लाइव नहीं दिखाएंगे। हमारा वह फैसला बिल्कुल सही साबित हुआ। ऐसे में यदि अति-उत्साह की भूल की बात करें तो जब ‘ऑपरेशन सिंदूर’ जैसी स्थितियां थीं, तब कुछ चैनलों ने अति-उत्साह में बिना पुष्टि के यह कह दिया कि हमारी फौज लाहौर या कराची तक पहुंच गई है। यह गैर-जिम्मेदाराना था। वॉर सिचुएशन में डिफेंस मिनिस्ट्री की पुष्ट खबरों के अलावा कुछ भी चलाना बड़ा जोखिम होता है।
इसी तरह, फिल्म अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की आत्महत्या के मामले को जिस तरह कुछ चैनलों पर सनसनीखेज बनाया गया, हत्या के दावे किए गए और एजेंसियों को उसमें घसीटा गया, वह पूरी तरह अनुचित था। अंततः एम्स और सीबीआई की रिपोर्ट ने साफ कर दिया कि वह आत्महत्या का मामला था। इस तरह की सनसनी से बचना बेहद जरूरी है।”
सोशल मीडिया पर होना चाहिए नियंत्रण
रजत शर्मा ने कहा, “आज के दौर में जो तीसरा मीडिया उभरा है, जिसे हम सोशल मीडिया, डिजिटल मीडिया या यूट्यूब मीडिया कहते हैं। उस पर आज किसी भी तरह का कोई रेगुलेशन या नियंत्रण नहीं है। वहां कोई एडिटर नहीं बैठा है। जो चाहता है, जब चाहता है, जैसे चाहता है लिखता है। हाल यह है कि YouTube अकेले इस देश से हर साल दो अरब डॉलर (Two Billion Dollars) कमाकर जाता है। वे खुद कोई कंटेंट क्रिएट नहीं करते। हमारे टीवी चैनल दिन-रात मेहनत करके कंटेंट बनाते हैं, लेकिन वे उस कंटेंट का इस्तेमाल करके मोटा पैसा कमाते हैं और उन पर कोई टैक्स या नियंत्रण नहीं है।
व्यूज के लिए क्या क्या हो रहा
आज कुछ लोग सिर्फ व्यूज और कमाई के लिए धर्म के नाम पर घृणा फैलाते हैं, लोगों को आपस में लड़ाते हैं। राजनीति का एक नया तरीका आ गया है, नेता के साथ 15 सपोर्टर होते हैं और ढाई सौ यूट्यूबर होते हैं। यह उनके लिए कमाई का जरिया बन गया है, क्योंकि जितना बड़ा विवाद या जितनी बड़ी गाली किसी बड़े आदमी को दी जाएगी, उतने ज्यादा व्यूज मिलेंगे और उतनी ही ज्यादा कमाई होगी। यह एक ऐसा क्षेत्र है जिस पर आज हम सबको, पूरे समाज और देश को मिलकर काम करने की जरूरत है। सनसनी और जिम्मेदारी के इस अंतर को समझना ही आज के समय की सबसे बड़ी मांग है।”
SOURCE : INDIATV NEWS




