Source :- LIVE HINDUSTAN
आम का अचार हर घर में बनाया और खाया जाता है लेकिन इसके लिए सबसे जरूरी होता है खट्टा और कच्चा आम चुनना। तो चलिए आपको बताते हैं कच्चा और खट्टा आम खरीदने के कुछ खास टिप्स।
How To Buy Sour And Raw Mango: पके आम और कच्चे आम दोनों की ही गर्मियों में भारी डिमांड रहती है। कच्चे आम की चटनी, अचार, छिलकी, गलका, जैसी कई चीजें लोग बनाकर गर्मियों में खाते हैं। सबसे ज्यादा आम का अचार ही बनाया और खाया जाता है। अचार के लिए जरूरत होती है खट्टे और कच्चे आम की, जिससे स्वाद भी खट्टा और बढ़िया मिले। अक्सर ऐसा होता है कि कच्चे की जगह हल्के पके हुए आम हम बाजार से खरीद लाते हैं और फिर इनका अचार अच्छा नहीं बनता और खाने में मजा नहीं आता। अगर आप भी अचार के लिए खट्टे और कच्चे आम खरीदना चुनना चाहते हैं, तो उरई गांव के एक किसान से कच्चे आम खरीदने के ट्रिक्स जान लीजिए।
कैसे चुनें कच्चा-खट्टा आम
उरई के गांव के किसान तेजप्रताप सिंह बताते हैं कि अचार के लिए सही कच्चे और खट्टे आम की पहचान करना बहुत जरूरी है। उनके अनुसार, आम खरीदते समय सिर्फ तीन बातों पर ध्यान देकर आप आसानी से अच्छे आम चुन सकते हैं। अक्सर लोग ठेले पर हरे रंग के आम देखकर यह मान लेते हैं कि वे पूरी तरह कच्चे हैं और उन्हें खरीद लेते हैं। लेकिन कई बार ऐसे आम अंदर से हल्के पके हुए निकलते हैं। इससे अचार का स्वाद और गुणवत्ता दोनों प्रभावित हो सकते हैं। इसलिए आम खरीदते समय जल्दबाजी न करें और इन तीन आसान बातों को जरूर जांचें, ताकि अचार के लिए सबसे अच्छे और खट्टे आम का चुनाव किया जा सके।
1. दबाकर देखें आम
अचार के लिए आम खरीदते समय उसे हल्के हाथ से दबाकर जरूर जांचें। यदि आम दबाने पर नरम महसूस हो या थोड़ा भी दब जाए, तो समझ लें कि वह पूरी तरह कच्चा नहीं है। ऐसे आम का खट्टापन कम होता है, इसलिए वह स्वादिष्ट अचार बनाने के लिए उपयुक्त नहीं माना जाता। हमेशा सख्त और कड़े आम ही चुनें।
2. छिलका देखें
कच्चे आम की पहचान उसके छिलके से भी की जा सकती है। पूरी तरह कच्चे आम का छिलका गहरा हरा होता है और उसकी चोपी (डंठल वाला हिस्सा) काली दिखाई देती है। यदि छिलके पर पीले धब्बे नजर आएं या चोपी के आसपास पीलापन दिखे, तो यह आम के पकने का संकेत है। ऐसे आम अचार के लिए नहीं खरीदने चाहिए।
3. गूदे का रंग चेक करें
आम खरीदते समय उसे हल्का सा कटवाकर उसका गूदा भी देख सकते हैं। यदि गूदे का रंग पीला हो, तो इसका मतलब है कि आम थोड़ा पक चुका है और उसका खट्टापन कम होगा। वहीं, अगर गूदा सफेद या हल्का हरा दिखाई दे, तो आम पूरी तरह कच्चा और अधिक खट्टा है। ऐसे आम अचार बनाने के लिए सबसे अच्छे माने जाते हैं।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN






