Home rss business hindi अडानी की कंपनी को बंगाल से मिला बड़ा ठेका, सोमवार को फोकस...

अडानी की कंपनी को बंगाल से मिला बड़ा ठेका, सोमवार को फोकस में रहेंगे शेयर

5
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

मुख्य बातें

  • अडानी एनर्जी सॉल्यूशंस की पूर्ण स्वामित्व वाली सब्सिडयरी पावरपल्स ट्रेडिंग सॉल्यूशंस लिमिटेड (पीटीएसएल) को पश्चिम बंगाल में रिन्यूएबल एनर्जी की आपूर्ति करने का ठेका मिला है
  • अब सोमवार को कंपनी के शेयर पर निवेशकों की नजर रहेगी

गौतम अडानी समूह की कंपनी अडानी एनर्जी सॉल्यूशंस लिमिटेड (एईएसएल) के शेयर सोमवार को फोकस में रहने वाले हैं। ये हम इसलिए कह रहे हैं क्योंकि अडानी एनर्जी सॉल्यूशंस की पूर्ण स्वामित्व वाली सब्सिडयरी पावरपल्स ट्रेडिंग सॉल्यूशंस लिमिटेड (पीटीएसएल) को पश्चिम बंगाल में रिन्यूएबल एनर्जी की आपूर्ति करने का ठेका मिला है। इस परियोजना के तहत अडानी एनर्जी सॉल्यूशंस, पश्चिम बंगाल की बिजली वितरण कंपनी पश्चिम बंगाल राज्य बिजली वितरण कंपनी लिमिटेड (WBSEDCL) को 25 वर्षों के लिए 2,500 मेगावाट तक रिन्यूएबल एनर्जी की आपूर्ति करेगी।

क्या कहा कंपनी ने?

अडानी एनर्जी सॉल्यूशंस लिमिटेड ने कहा कि पश्चिम बंगाल राज्य बिजली वितरण कंपनी लिमिटेड से मिला आवंटन पत्र 25 वर्षों के लिए 24 घंटे 1,750 मेगावाट रिन्यूएबल एनर्जी की आपूर्ति के लिए है। इस आवंटन पत्र में 750 मेगावाट का अतिरिक्त क्षमता का विकल्प भी शामिल है, जिसका उपयोग करने पर कुल अनुबंधित क्षमता 2500 मेगावाट हो जाएगी। यह ठेका एक प्रतिस्पर्धी बोली प्रक्रिया के बाद मिला है। इसके तहत, 1,750 मेगावाट क्षमता के लिए बिजली आपूर्ति एक जुलाई 2028 से शुरू होने की योजना है।

अडानी एनर्जी सॉल्यूशंस के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) कंदर्प पटेल ने कहा, ”24 घंटे रिन्यूएबल बिजली भारत के ऊर्जा परिवर्तन के लिए अहम होगी, जो रिन्यूएबल एनर्जी की स्थिरता और ट्रांसमिशन सिस्टम्स के बेहतर उपयोग को जोड़ती है। यह बड़ा ऑर्डर बड़े पैमाने पर एनर्जी सॉल्यूशन देने की हमारी प्रतिबद्धता को मजबूत करता है।”

बिहार से भी मिला है ऑर्डर

अडानी एनर्जी सॉल्यूशंस को बिहार में 500 करोड़ रुपये की टैरिफ वाली पावर ट्रांसमिशन परियोजना मिली है। इस परियोजना के तहत अडानी पावर के आगामी पीरपैंती ताप विद्युत संयंत्र से 2,400 मेगावाट बिजली की निकासी की जाएगी। कंपनी ने शुल्क आधारित प्रतिस्पर्धी बोली (टीबीसीबी) प्रक्रिया के जरिये मिली इस परियोजना के तहत 881 सर्किट किलोमीटर लंबी ट्रांसमिशन लाइनें और 3,160 एमवीए की ट्रांसफॉर्मेशन क्षमता स्थापित की जाएगी।

परियोजना को वित्त वर्ष 2027-28 की चौथी तिमाही तक पूरा करने का लक्ष्य है। तीन गुणा 800 मेगावाट एसटीपीपी पीरपैंती से बिजली निकासी नाम की इस परियोजना को विशेष इकाई (एसपीवी) विक्रमशिला पावर ट्रांसमिशन लिमिटेड के माध्यम से लागू किया जाएगा। यह ट्रांसमिशन नेटवर्क पीरपैंती में स्थापित होने वाले 2,400 मेगावाट के अल्ट्रा-सुपरक्रिटिकल ताप विद्युत संयंत्र से बिजली की निकासी में मदद करेगा।

शेयर का परफॉर्मेंस

बीते शुक्रवार को अडानी एनर्जी सॉल्यूशंस के शेयर की बात करें तो मामूली बढ़त के साथ 1486.20 रुपये पर बंद हुआ था। जनवरी 2026 में शेयर 804.70 रुपये पर था, जो शेयर के 52 हफ्ते का लो है। वहीं, शेयर के 52 हफ्ते का हाई 1,789 रुपये है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN