Source :- LIVE HINDUSTAN
मुख्य बातें
- इसका प्राइस बैंड 129-136 रुपये प्रति शेयर और लॉट साइज 110 शेयरों का है
- रिटेल निवेशकों को ऊपरी प्राइस बैंड के हिसाब से कम से कम 14,960 रुपये का निवेश करना होगा
- SBI कैपिटल मार्केट्स इसके बुक-रनिंग लीड मैनेजर जबकि KFin टेक्नोलॉजीज इसके रजिस्ट्रार हैं
Mahanadi Coalfields IPO GMP: ग्रे मार्केट में कोल इंडिया की कंपनी- महानदी कोलफील्ड्स के IPO को लेकर निवेशकों का उत्साह बेहद कम हो गया है। एक हफ्ते के भीतर ही आईपीओ का ग्रे मार्केट प्रीमियम यानी जीएमपी 9.25 रुपये से गिरकर महज 0.70 रुपये पर आ गया है। यह 92% की भारी गिरावट को दिखाता है। ऐसे में सवाल है कि आईपीओ पर दांव लगाना सही रहेगा या नहीं। आइए डिटेल जान लेते हैं।
23 नवंबर को बंद हो रहा आईपीओ
बीते 19 नवंबर से खुला महानदी कोलफील्ड्स का आईपीओ 23 तारीख यानी सोमवार को बंद हो रहा है। इस आईपीओ को शुक्रवार को बोली के दूसरे दिन 48 प्रतिशत बोलियां मिलीं। एनएसई के आंकड़ों के अनुसार, 8,981 करोड़ रुपये के इस आईपीओ के तहत पेश किए गए 49,30,68,045 शेयर के मुकाबले 23,88,38,600 शेयर के लिए बोलियां मिलीं।
इसमें पात्र संस्थागत खरीदारों (क्यूआईबी) की श्रेणी को 1.37 गुना सब्सक्रिप्शन मिला जबकि खुदरा निवेशकों के लिए आरक्षित हिस्से को 24 प्रतिशत और गैर-संस्थागत निवेशकों की श्रेणी को 18 प्रतिशत सब्सक्रिप्शन मिला। बता दें कि महानदी कोलफील्ड्स ने बुधवार को एंकर निवेशकों से 2,295 करोड़ रुपये जुटाए थे।
IPO का GMP कब कितना?
महानदी कोलफील्ड्स आईपीओ का ग्रे मार्केट प्रीमियम 21 नवंबर 2026 को घटकर 0.70 रुपये रह गया। कंपनी ने शेयरों का प्राइस बैंड 129 से 136 रुपये तय किया है। इस हिसाब से अपर प्राइस बैंड पर अनुमानित लिस्टिंग कीमत 136.70 रुपये बैठती है। यानी मौजूदा GMP के आधार पर निवेशकों को लिस्टिंग पर केवल 0.51 फीसदी के संभावित मुनाफे का संकेत मिल रहा है।
अगर पिछले एक सप्ताह के आंकड़ों पर नजर डालें तो 14 नवंबर को इसका GMP 9.25 रुपये था तो 15 नवंबर को यह घटकर 7 रुपये और 16 नवंबर को 3.50 रुपये पर आ गया। इसके बाद 17 नवंबर को मामूली सुधार के साथ 3.65 रुपये रहा जबकि 18 नवंबर को 3.10 रुपये पर पहुंच गया। 19 नवंबर को यह और गिरकर 1.80 रुपये, 20 नवंबर को 0.75 रुपये और 21 नवंबर को महज 0.70 रुपये रह गया। बता दें कि ग्रे मार्केट प्रीमियम अनौपचारिक बाजार का संकेत है। यह आईपीओ की वास्तविक लिस्टिंग कीमत या निवेश पर मिलने वाले रिटर्न की गारंटी नहीं देता।
महानदी कोलफील्ड्स IPO सब्सक्राइब करना चाहिए?
ग्रे मार्केट के कमजोर रुझान और सब्सक्रिप्शन की सुस्त प्रतिक्रिया के बावजूद ब्रोकरेज फर्मों ने कंपनी के उत्पादन पैमाने, कोयले के विशाल भंडार, कैश जनरेशन और डिविडेंड देने की क्षमता को इसके मुख्य सकारात्मक पहलुओं के रूप में देखा है। PL कैपिटल ने इस IPO को सब्सक्राइब की रेटिंग दी है। वहीं, एक अन्य एक्सपर्ट जियोजित ने भी इस इश्यू को ‘सब्सक्राइब’ करने की सलाह दी है। जियोजित ने कंपनी की मजबूत कमाई, बेहतर कैश फ्लो, मजबूत बैलेंस शीट और बेहतरीन रिटर्न रेशियो की ओर ध्यान दिलाया है। ब्रोकरेज के मुताबिक यह उन निवेशकों के लिए एक आकर्षक विकल्प है, जो लंबे समय तक डिविडेंड देने वाले स्टॉक की तलाश में हैं।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




