Source :- LIVE HINDUSTAN
अनिल अंबानी के मालिकाना हक वाली कंपनी रिलायंस पावर के शेयरों में तूफानी तेजी आई है। रिलायंस पावर के शेयर बुधवार को BSE में 17 पर्सेंट से अधिक के उछाल के साथ 29.40 रुपये पर पहुंच गए हैं। कंपनी ने अपनी सहायक कंपनियों के जरिए तेजी से बढ़ते आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस (AI) और इससे जुड़ी नई टेक्नोलॉजीज के क्षेत्र में उतरने की घोषणा की है। रिलायंस पावर अपने शेयरधारकों को बोनस शेयर का तोहफा दे चुकी है। पिछले कुछ समय से अनिल अंबानी की इस पावर कंपनी के शेयर लगातार दबाव में हैं।
रिलायंस पावर ने 4 सहायक कंपनियों को दिए नए नाम
रिलायंस पावर (Reliance Power) ने रेगुलेटरी फाइलिंग में कहा है कि उसने अपने बिजनेस फ्रेमवर्क में आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस (AI) और टेक्नोलॉजी आधारित एक्टिविटीज को शामिल करने के लिए जरूरी कदम उठाए हैं। इस पहल के तहत आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस और टेक्नोलॉजी-एनेबल्ड सर्विसेज से जुड़े बिजनेस ऑब्जेक्ट्स को सहायक कंपनियों में जोड़ा गया है। अपने इस बदलाव को सामने लाने के लिए रिलायंस पावर ने अपनी 4 सहायक कंपनियों को नए नाम दिए हैं।
4 सहायक कंपनियों के बदल गए नाम
रिलायंस पावर (Reliance Power) ने अपनी सहायक कंपनियों के नाम बदलकर रिलायंस AI ग्रीन पावर प्राइवेट लिमिटेड, रिलायंस AI पावर प्राइवेट लिमिटेड, रिलायंस AI डेटा कंट्रोल प्राइवेट लिमिटेड और रिलायंस AI डेटा सी प्राइवेट लिमिटेड कर दिया है।
चौथी तिमाही में कंपनी को हुआ है 494 करोड़ रुपये का घाटा
अनिल अंबानी के मालिकाना हक वाली कंपनी रिलायंस पावर (Reliance Power) को 31 मार्च 2026 को खत्म हुई चौथी तिमाही में 494 करोड़ रुपये का कंसॉलिडेटेड घाटा हुआ है। एक साल पहले की समान अवधि में कंपनी को 125.57 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ था। चौथी तिमाही में कंपनी की टोटल इनकम घटकर 1946.33 करोड़ रुपये रही है, जो कि एक साल पहले की समान अवधि में 2065.64 करोड़ रुपये थी। पूरे वित्त वर्ष 2026 के दौरान रिलायंस पावर को 336.89 करोड़ रुपये का घाटा हुआ है। वहीं, वित्त वर्ष 2025 में कंपनी को 2947.83 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ था।
बोनस शेयर भी बांट चुकी है कंपनी
रिलायंस पावर अपने शेयरधारकों को बोनस शेयर का तोहफा भी दे चुकी है। अनिल अंबानी की पावर कंपनी ने मई 2008 में 3:5 के रेशियो में बोनस शेयर दिए। कंपनी ने हर 5 शेयर पर निवेशकों को 3 बोनस शेयर बांटे। मार्च 2026 तिमाही के शेयरहोल्डिंग पैटर्न के मुताबिक, कंपनी में प्रमोटर की हिस्सेदारी 24.98 पर्सेंट है। वहीं, पब्लिक शेयरहोल्डिंग 75.02 पर्सेंट है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




