Source :- LIVE HINDUSTAN
पाकिस्तान ने दावा किया कि पक्तिया, पक्तिका और कुनार में स्थित तीन ठिकानों को सटीक हमलों में नष्ट कर दिया गया और इसमें 25 आतंकवादी मारे गए। उन्होंने कहा कि इन ठिकानों पर बड़ी मात्रा में मौजूद हथियार और गोला-बारूद भी नष्ट कर दिए गए।
पाकिस्तान के गृह मंत्रालय ने देशभर में अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों के खिलाफ व्यापक अभियान के निर्देश दिए हैं। साथ ही बिना वैध वीजा के पाकिस्तान में रह रहे अफगान नागरिकों को 10 जुलाई से गिरफ्तार करने का आदेश जारी किया है। अधिसूचना में कहा गया है कि 11 जुलाई से सभी प्रांतीय प्रशासन को गिरफ्तारियों और कार्रवाई से संबंधित दैनिक रिपोर्ट गृह मंत्रालय को भेजनी होगी।
गृह मंत्रालय की ओर से रविवार को जारी आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार, मुख्य सचिवों, चारों प्रांतों के पुलिस महानिदेशकों (IGP) तथा इस्लामाबाद प्रशासन को अवैध विदेशी नागरिक प्रत्यावर्तन योजना का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। सरकार ने इस अभियान को ‘सर्वोच्च प्राथमिकता’ करार दिया तथा सभी संबंधित विभागों को आदेश दिया है कि वे इन निर्देशों का प्रभावी और सख्ती से पालन सुनिश्चित करें।
अफगानिस्तान पर हमला
पाकिस्तान ने सोमवार को कहा कि पाकिस्तान-अफगानिस्तान सीमा पर खुफिया जानकारी के आधार पर संचालित एक जमीनी अभियान में कम से कम 29 आतंकवादी मारे गए। पाकिस्तान के सूचना मंत्री अत्ता तरार ने कहा कि आतंकवादियों के ठिकानों और पनाहगाहों पर यह कार्रवाई शनिवार को कराची में पाकिस्तान रेंजर्स के मुख्यालय पर हुए आतंकी हमले के जवाब में की गई।
कराची का बदला
तरार ने बताया कि यह अभियान खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान के लोगों और कराची स्थित पाकिस्तान रेंजर्स (सिंध) कैंप पर हाल में हुए आतंकी हमलों के जवाब में शुरू किया गया। उन्होंने कहा, ‘सुरक्षा बलों ने पाकिस्तान-अफगानिस्तान सीमा पर खुफिया जानकारी के आधार पर एक सुनियोजित जमीनी अभियान शुरू किया। इसके बाद सीमा क्षेत्र में जमात-उल-अहरार और फितना अल-खवारिज से जुड़े आतंकवादियों के ठिकानों और पनाहगाहों पर सटीक हमले किए गए, जिनमें 29 आतंकवादी मारे गए।’
तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान ने कराची में सिंध रेंजर्स के एक परिसर पर हमला कर दिया था। वो हमला टीटीपी से अलग हुए जमात-उल-अहरर के आतंकवादियों ने किया था। शनिवार रात करीब साढ़े आठ बजे आतंकवादियों ने विस्फोटकों से भरे एक वाहन को सिंध रेंजर्स के भिट्टाई विंग के मुख्य द्वार से टकरा दिया। इसके बाद वे परिसर में घुस गए और हथगोले फेंके, जिससे कई विस्फोट हुए।
ऑपरेशन
उन्होंने बताया कि ‘ऑपरेशन गजब लिल-हक’ के तहत विश्वसनीय खुफिया सूचना के आधार पर 28-29 जून की रात पाकिस्तान-अफगानिस्तान सीमा क्षेत्र में जमात-उल-अहरार और फितना अल-खवारिज के आतंकी शिविरों और ठिकानों पर सटीक हमले किए गए। पाकिस्तान ने 26 फरवरी को ‘ऑपरेशन गजब लिल-हक’ शुरू किया था। पाकिस्तान का कहना है कि यह अभियान अफगान तालिबान बलों द्वारा 2,600 किलोमीटर लंबी सीमा पर 53 स्थानों पर किए गए कथित हमलों के जवाब में शुरू किया गया।
पाकिस्तान लंबे समय से काबुल की तालिबान सरकार पर सीमा पार आतंकवादी हमलों के लिए आतंकवादियों को समर्थन देने का आरोप लगाता रहा है। हालांकि अफगान तालिबान इन आरोपों से इनकार करता रहा है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




