Home rss world hindi अब फैसले की बारी, ईरान पर आर या पार के मूड में...

अब फैसले की बारी, ईरान पर आर या पार के मूड में डोनाल्ड ट्रंप; दे डाली चेतावनी

6
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान पर अंतिम फैसले का मन बना लिया है। रविवार रात उन्होंने बड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि अब आर या पार की बारी आ चुकी है।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान पर अंतिम फैसले का मन बना लिया है। रविवार रात उन्होंने बड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि अब आर या पार की बारी आ चुकी है। डोनाल्ड ट्रंप ने यह बात ईरान के उस बयान के बाद कही है, जिसमें उसने अपनी शर्तें अमेरिका के पास भेजने की बात की है। ईरान का कहना है कि उसने मध्यस्थों के जरिए अपनी बात अमेरिका तक पहुंचा दी है। यह शर्तें होर्मुज खोलने के लिए रखी गई हैं। इन सबके बीच ऐसी भी उम्मीदें जताई जा रही हैं कि यूएन जनरल असेंबली की बैठक में हिस्सा लेने के लिए ईरान के राष्ट्रपति न्यूयॉर्क जा सकते हैं। यह भी कहा जा रहा है कि इस दौरान वरिष्ठ राजनयिकों का एक दल भी उनके साथ जाएगा। ईरान की अर्ध्दसरकारी समाचार एजेंसी तसनीम ने यह जानकारी दी।

अमेरिकी राष्ट्रपति ने यह बातें फॉक्स न्यूज के साथ बातचीत में कही हैं। इसमें उन्होंने कहा कि ईरान युद्ध पर अब फैसले की घड़ी आ चुकी है। वह इसके लिए पूरी तरह से मन बना चुके हैं। इसके साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि बहुत जल्द ही कुछ बहुत बड़ा होने वाला है। उन्होंने कहा कि अगर ईरानी शासन का तौर-तरीका ठीक नहीं रहता है तो कुछ भी हो सकता है। ट्रंप ने कहा कि मेरा सवाल यह है कि कब मैं इस पूरे देश को उड़ा दूं? उन्हें और बेहतर ढंग से व्यवहार करना चाहिए था।

ट्रंप ने सुझाए तीन रास्ते

बताया जाता है कि अमेरिका युद्ध खत्म करने के लिए ट्रंप ने तीन रास्ते सुझाए हैं। इसमें से पहला है, ईरान को तबाह करना। ट्रंप के मुताबिक दूसरा तरीका है ईरान की आर्थिक कमर को जबर्दस्त तरीके से तोड़ दिया जाए। या फिर तीसरा तरीका है कि ईरान चुपचाप अमेरिका के साथ डील कर ले। क्षेत्र में चल रहे अन्य संघर्षों को लेकर ट्रंप ने कहा कि वॉशिंगटन, यमन के हूतियों के साथ संपर्क में है। उन्होंने कहा कि इस विद्रोही गुट ने अमेरिकी सैनिकों पर हमला ना करने की बात कही है।

क्या पेजेश्कियान से करेंगे मुलाकात?

डोनाल्ड ट्रंप से ईरानी राष्ट्रपति पेजेश्कियान के बारे में भी पूछा गया था, जो यूएन जनरल असेंबली में हिस्सा लेने अमेरिका आ रहे हैं। उनसे पूछा गया था कि क्या वो पेजेश्कियान से मुलाकात करेंगे? इस पर ट्रंप ने कहा कि संभवत: वह ईरानी राष्ट्रपति से मिलना चाहेंगे। बता दें कि यूएन जनरल असेंबली से इतर, पेजेश्कियान की कुछ अन्य राष्ट्रप्रमुखों से भी मुलाकात तय है।

गौरतलब है कि ईरान ने अमेरिका के साथ युद्ध समाप्त करने के लिए ताजा शर्तें रखी हैं। साथ ही उसने चेतावनी दी है कि यदि दोबारा सैन्य कार्रवाई शुरू करने की कोशिश की गयी तो वह अधिक ताकत से जवाब देने के लिए तैयार है। अलजजीरा को दिए एक इंटरव्यू में ईरान के शीर्ष सुरक्षा अधिकारी मोहसिन रजाई ने कहा कि ईरान ने कतरी मध्यस्थों के जरिए अमेरिका तक अपनी शर्तें पहुंचा दी हैं। उन्होंने कहा कि फरवरी के उत्तरार्ध में ईरान पर अमेरिका-इजरायल के संयुक्त हमलों के बाद शुरू हुए युद्ध के शुरुआती 40 दिनों की तुलना में ईरान अब नए सिरे से संघर्ष के लिए अधिक बेहतर तरीके से तैयार है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN