Home rss world hindi अब मन भर चुका है, साल भर पहले लॉटरी में 240 करोड़...

अब मन भर चुका है, साल भर पहले लॉटरी में 240 करोड़ रुपए जीतने वाले ने क्या बताया

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

तेलंगाना के मूल निवासी बोल्ला नाम के इस शख्स ने अक्टूबर 2025 में यूएई लॉटरी में 100 बिलियन दिरहम जीते थे। अपनी इस जीत पर वह सुर्खियों में भी छाए रहे। हालांकि पिछले कुछ वक्त में उनके लिए अनुभव कुछ खास नहीं रहा।

अगर कोई लॉटरी में 240 करोड़ रुपए जीत ले तो उसे कैसा महसूस होगा? कुछ लोगों को तो लगेगा कि यह जीवन भर ना खत्म होने वाला उत्सव जैसा है। कुछ लोग इस पैसे से सिर्फ अपना नहीं, बल्कि अपने वाली पुश्तों का भी इंतजाम करना चाहेंगे। लेकिन अबूधाबी में रहने वाले एक भारतीय का जो अनुभव रहा, वह कुछ अलग रहा। तेलंगाना के मूल निवासी बोल्ला नाम के इस शख्स ने अक्टूबर 2025 में यूएई लॉटरी में 100 बिलियन दिरहम जीते थे। अपनी इस जीत पर वह सुर्खियों में भी छाए रहे। हालांकि पिछले कुछ वक्त में उनके लिए अनुभव कुछ खास नहीं रहा। इस जीत के बाद, बोल्ला ने परिवार के लिए तोहफे खरीदे। प्रॉपर्टी में निवेश किया और आखिर में उनकी प्राथमिकताओं में बदलाव आ चुका है।

जीवन में आए कई बदलाव

इतने बड़े इनाम को जीतने के बाद बोल्ला अचानक से धनवान बने। इसके बाद उन्होंने वह सारे बदलाव देखे जो पैसे आने के बाद जीवन में आते हैं। उन्होंने कई देशों की यात्राएं कीं। कारें और प्रॉपर्टी खरीदी। हालांकि अब उन्हें लगता है कि शुरुआत में जो एक्साइटमेंट थी, अब वह खत्म हो चुकी है। इनाम में जीते पैसों के दम पर बोल्ला ने अपने जीवन का हर अरमान पूरा किया। साथ ही उन्होंने अपने परिजनों के लिए भी चीजें खरीदीं। उनकी खरीदी चीजों में भारत और यूएई में प्रॉपर्टी, आईफोन 17 एयर, चार-पांच महंगी घड़ियां। इसके अलावा मां के लिए सोने की ज्वैलरी भी इसमें शामिल है।

इतना महंगा घर खरीदने के बावजूद बोल्ला का परिवार अभी उसमें शिफ्ट नहीं हुआ है। न्यूज 18 के मुताबिक, आज भी वो लोग, तेलंगाना के उसी पुराने घर में रहते हैं। इसकी वजह है, उस घर से बोल्ला के पिता की यादें जुड़ी हुई हैं। वह उनके सपनों का घर था। बोल्ला ने अपने पिता के लिए खेत भी खरीदें हैं। असल में उनके पिता एक किसान परिवार से आते हैं और ऑर्गेनिक खेती को लेकर काफी ज्यादा उत्साहित हैं। अब नए खेत में बोल्ला के पिता अपने पुराने शौक को जिंदा कर रहे हैं।

कई देशों की यात्राएं

पैसे जीतने के बाद बोल्ला ने बाली से एम्सटर्डम तक की यात्रा की। इसके अलावा, थाइलैंड समेत कई अन्य जगहों पर भी वो गए। हालांकि अब यह चीजें उन्हें इतना उत्साहित नहीं करती हैं। उन्होंने कहा कि हालांकि अभी भी मैं इस जीत और अपनी मनचाही चीजें कर पाने के लिए भगवान का शुक्रगुजार हूं। बोल्ला की बहुत सी इच्छाएं पूरी हो चुकी हैं। ऐसे में अब वो ट्रैवेल और शॉपिंग से हटकर दूसरी चीजों की तरफ देख रहे हैं। वह बिजनेस आइडियाज के बारे में सोच रहे हैं और लंबे समय के लिए अपने पैसे मैनेज करने के बारे में विचार कर रहे हैं।

कभी टेक प्रोफेशनल के तौर पर काम करने वाले बोल्ला, रातो-रात अमीर बन गए। अब उनका लक्ष्य यह है कि इस पैसे का सही ढंग से कैसे इस्तेमाल किया जाए। वह नए लक्ष्य बनाने में जुटे हुए हैं। इस तरह अचानक पैसे जीतने वालों को क्या सलाह दी जानी चाहिए? इस सवाल के जवाब में बोल्ला ने कहा कि विनम्र बने रहिए। अपने पैसे को सही ढंग से मैनेज कीजिए और इसे हिसाब से खर्च कीजिए।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN