Source :- LIVE HINDUSTAN
चीज़ का इस्तेमाल पिज्जा, बर्गर, सैंडविच ज्यादातर चीजों में किया जाता है लेकिन क्या वह असली है। चीज़ की शुद्धता जांचने के कई तरीके वायरल होते रहते हैं, चलिए जानते हैं टेस्ट करने का सही तरीका।
पिज्जा हो या सैंडविच आजकल चीज़ हर फास्ट फूड में डाला जाता है। बाजार में मिलने वाला चीज़ असली हो ऐसा जरूरी नहीं है और बच्चों को खासतौर पर ये पसंद होता है। ऐसे में जरूरी है कि आप सही चीजें ही उन्हें खाने के लिए दें। अगर आपके घर में चीज़ का इस्तेमाल ज्यादा होता है, तो जरूरी है कि आपको शुद्धता की पहचान करना आता हो। कई बार मिलते-जुलते दिखने वाले प्रोडक्ट्स को लेकर असली और नकली चीज़ की पहचान करना मुश्किल हो जाता है। ऐसे में सोशल मीडिया पर नमक-तवा टेस्ट की अक्सर चर्चा होती रहती है। लेकिन क्या वाकई इस तरीके से चीज़ की शुद्धता का पता लगाया जा सकता है? आइए जानते हैं नमक-तवा टेस्ट करने का तरीका।
क्या है नमक-तवा टेस्ट?
नमक और तवा टेस्ट के जरिए चीज़ का पता लगाया जाता है कि वह असली है या नहीं। नमक डालकर चीज़ के टेक्सचर में बदलाव होता है, तब उसकी शुद्धता का पता चलता है और तवा पर चीज़ को गर्म करके भी चेक किया जा सकता है।
नमक वाला टेस्ट करने का तरीका
सबसे पहले चीज़ को किसी प्लेट में निकालकर रख लीजिए और फिर उसके ऊपर से नमक डालकर 10 मिनट के लिए छोड़ दें। अगर चीज़ में किसी भी तरह की मिलावट होगी, तो उसका रंग नीला या काला दिखने लगेगा। अगर चीज़ शुद्ध है, तो उसका रंग बिल्कुल नहीं बदलेगा।
तवा टेस्ट करने के स्टेप्स
तवा टेस्ट करने के लिए आपको साफ तवा गैस पर रखना है और धीमी आंच में गैस ऑन करनी है। अब गैस बंद करें और गर्म तवे पर चीज डालकर छोड़ दीजिए। अगर चीज़ आसानी से पिघलने लगे और उसका रंग नहीं बदलता है, तो वह असली है। चीज़ का रंग बदल जाए और वह पिघलने में समय लगा रहा हो, तो नकली हो सकता है।
असली चीज़ की पहचान ऐसे भी करें
सिर्फ नमक-तवे टेस्ट के जरिए चीज़ की शुद्धता की पहचान नहीं की जा सकती। कुछ प्रोडक्ट्स में इस तरह के टेस्ट काम नहीं करते हैं। इसके लिए आप कुछ चीजों पर जरूर ध्यान दें।
- चीज़ खरीदते समय सबसे पहले पैकेट पर दी गई सामग्री को पढ़ें। इससे आपको पता चलेगा कि प्रोडक्ट में कौन-कौन से इंग्रीडिएंट्स इस्तेमाल किए गए हैं। सिर्फ रंग, खुशबू या पिघलने के तरीके को देखकर उसकी शुद्धता को ना देखें।
- पैकेट पर लिखे प्रोडक्ट का नाम ध्यान से पढ़ें। चीज़, प्रोसेस्ड चीज़ और चीज़ एनालॉग में अंतर होता है। सभी के बनाने का तरीका भी अलग होता है और दूध के साथ कई चीजों को मिलाया जाता है।
- चीज़ खरीदते समय पैकिंग की स्थिति, मैन्युफैक्चरिंग डेट, एक्सपायरी या बेस्ट-बिफोर डेट और स्टोरेज से जुड़ी जानकारी जरूर देखें। अगर पैकेट फूला हुआ है, खुला है या उसमें से बदबू आ रही है, तो यूज ना करें।
- भारत में पैक्ड फूड खरीदते समय पैकेट पर दी गई FSSAI लाइसेंस जानकारी देखना उपयोगी है। जरूरत पड़ने पर संबंधित खाद्य कारोबार की जानकारी आधिकारिक FSSAI माध्यमों से जांची जा सकती है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




