Source :- LIVE HINDUSTAN

कच्चे तेल के रेट में आज मामूली तेजी है। ब्रेंट क्रूड 0.60 प्रतिशत बढ़कर 83.67 डॉलर प्रति बैरल पर है। जबकि, WTI क्रूड 0.77 प्रतिशत चढ़कर 81.37 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया है। इस बीच भारत में पेट्रोल-डीजल और एलपीजी सिलेंडर के रेट में कोई बदलाव नहीं हुआ है। IOC द्वारा जारी आज के रेट के मुताबिक दिल्ली में सामान्य पेट्रोल का रेट 102.12 रुपये लीटर है। जबकि, डीजल 95.20 रुपये लीटर बिक रहा है। दिल्ली में आज भी 14.2 किलो वाले घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत ₹942 और 19 किलो वाले कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमत ₹3,113.50 है।

चेन्नई में पेट्रोल की कीमत 107.77 रुपये और डीजल की 99.55 रुपये लीटर है। चेन्नई में घरेलू सिलेंडर 957.50 रुपये है। आज कोलकाता में एक लीटर पेट्रोल की कीमत आज 113.51 रुपये और डीजल की कीमत 99.82 रुपये है। जबकि, कोलकाता में घरेलू सिलेंडर 968 रुपये का मिल रहा है।मुंबई में एक लीटर पेट्रोल की कीमत 111.21 और डीजल की कीमत 97.83 रुपये है। जबकि, मुंबई में 14.2 किलो का घरेलू सिलेंडर 941.50 रुपये का है।

पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं, 90 दिन के लिए लागू किया गया

पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने देश में पेट्रोल, डीजल, एलपीजी और प्राकृतिक गैस की पर्याप्त उपलब्धता का भरोसा दिलाते हुए लोगों से ईंधन का जिम्मेदारी से उपयोग करने की अपील की है। सरकार ने स्पष्ट किया है कि देश में ईंधन की कोई कमी नहीं है और सभी रिफाइनरियां सामान्य क्षमता पर काम कर रही हैं।

पेट्रोलियम मंत्रालय में संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने एक प्रेस ब्रीफिंग में बताया कि सरकार ने 11 जून को एक अधिसूचना जारी कर रिटेल पेट्रोल पंपों से प्रति व्यक्ति प्रतिदिन 200 लीटर डीजल खरीदने की सीमा तय की है। यह व्यवस्था अगले लगभग 90 दिनों तक लागू रहेगी।

मंत्रालय के अनुसार मई में करीब 42 करोड़ लीटर डीजल, जो पहले इंडस्ट्रियल और कमर्शियल उपभोक्ता अपने कंज्यूमर पंपों से लेते थे, रिटेल पंपों से खरीदा जाने लगा। इससे कुछ क्षेत्रों में आम उपभोक्ताओं को परेशानी होने लगी थी।

एलपीजी की सप्लाई भी सामान्य

मंत्रालय के अनुसार पिछले चार दिनों में 1.66 करोड़ एलपीजी बुकिंग प्राप्त हुईं जबकि, 1.84 करोड़ सिलेंडरों की डिलीवरी की गई। वहीं, बैकलॉग घटकर 3.3 दिन रह गया। इस दौरान 24,184 टन कमर्शियल LPG की बिक्री हुई और 2.18 लाख 5 किलो वाले सिलेंडर बेचे गए।

PNG कनेक्शन में भी तेजी

मार्च 2026 से अब तक 9.76 लाख PNG कनेक्शन एक्टिव किए गए। इस बीच 3.19 लाख अतिरिक्त कनेक्शनों के लिए इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किया गया और 9.72 लाख नए उपभोक्ताओं का रजिस्ट्रेशन हुआ।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN