Source :- LIVE HINDUSTAN
https://www.livehindustan.com/lh-img/smart/img/2026/09/06/1200x900/asif_khan_1788713490516_bf09997d-b848-48b0-8ffb-b3e92904f56b_1788713494795_de8e6670-ddf9-44ea-9103-87bd9c66b7ff_9038321f-8037-4eb4-8f9c-a8040b44b34a_5c7cb043-3eda-4191-a2d3-d353c6967469.jpgBigg Boss 20: रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ का आगाज हो गया है। ‘पंचायत’ के दामाद जी उर्फ आसिफ खान ने इस बार शो में बतौर कंटेस्टेंट एंट्री ली है।
आपको ‘पंचायत’ के दामाद जी उर्फ गणेश तो याद ही होंगे? उन्होंने रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ में बतौर कंटेस्टेंट एंट्री ले ली है। शो के प्रीमियर पर होस्ट सलमान खान से बातचीत के दौरान आसिफ ने अपनी पर्सनल लाइफ और अपनी पत्नी जेबा के बारे में बात की, जिसके बाद से ही फैंस के बीच यह जानने की उत्सुकता बढ़ गई है कि असल जिंदगी में आसिफ की लाइफ पार्टनर कौन हैं।
कौन हैं आसिफ खान की पत्नी जेबा?
शो में सलमान खान से बातचीत के दौरान आसिफ ने बताया कि उनकी शादी करीब डेढ़ साल पहले हुई है। उन्होंने यह भी बताया कि उनकी पत्नी जेबा आयरलैंड से हैं। इस पर सलमान ने मजाकिया अंदाज में आसिफ से पूछा कि उन्होंने आयरलैंड की लड़की को कैसे पटा लिया? आसिफ ने इसका मजेदार जवाब देते हुए कहा कि उनकी पत्नी असल में मुंबई के जोगेश्वरी की रहने वाली हैं। उन्होंने बताया कि जब जुहू-बांद्रा इलाके के लोग उनसे पूछते हैं तो वह मजाक में कहते हैं कि उनकी पत्नी आयरलैंड से हैं। आसिफ ने बताया कि वह पढ़ाई के लिए आयरलैंड गई थीं।
कब हुई थी आसिफ की शादी?
वेब सीरीज ‘पंचायत’ में भले ही आसिफ का किरदार शादी की उलझनों और चुनौतियों से जूझता नजर आया था, लेकिन असल जिंदगी में उनकी प्रेम कहानी बेहद खूबसूरत रही है। आसिफ खान ने अपनी लॉन्ग-टाइम गर्लफ्रेंड जेबा से 10 दिसंबर 2024 को पारंपरिक तरीके से शादी रचाई थी। आसिफ ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर शादी की तस्वीरें शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा था, ‘कुबूल है 10.12.24’।
बॉलीवुड से लेकर ओटीटी तक का शानदार सफर
राजस्थान के निम्बाहेड़ा से ताल्लुक रखने वाले आसिफ खान का अभिनय करियर कुछ ऐसा रहा है-
थिएटर और कास्टिंग: जयपुर में 5 साल थिएटर करने और मुंबई में कास्टिंग असिस्टेंट के रूप में काम करने के बाद उन्होंने अपनी पहचान बनाई।
फिल्में: उन्होंने अक्षय कुमार की ‘टॉयलेट: एक प्रेम कथा’, अनुष्का शर्मा की ‘परी’, अर्जुन कपूर की ‘इंडियाज मोस्ट वांटेड’ और ‘पगलैट’ जैसी फिल्मों में काम किया।
अनुष्का शर्मा से जुड़ा दिलचस्प किस्सा: अनुष्का शर्मा के साथ ‘परी’ की शूटिंग के दौरान ही आसिफ ने पहली बार एयरपॉड्स देखे थे। शूटिंग कट होने पर जब उन्होंने अनुष्का को कान में कुछ लगाते देखा, तब उन्हें पता चला था कि यह क्या गैजेट है।
ओटीटी हिट्स: ‘मिर्जापुर’ में ‘बाबर’ का किरदार, ‘पाताल लोक’, ‘जामताड़ा’ और ‘पंचायत’ में ‘गणेश’ का रोल उनके करियर के सबसे चर्चित मील के पत्थर साबित हुए।
बिग बॉस 20 में ली एंट्री
अब जब आसिफ खान बिग बॉस 20 के घर में प्रवेश कर चुके हैं, तो उनके चाहने वाले यह देखने के लिए बेहद उत्सुक हैं कि पर्दे पर अपनी सादगी और कॉमिक टाइमिंग से दिल जीतने वाले ‘गणेश’ अनस्क्रिप्टेड रियल लाइफ गेम में कैसा कमाल दिखाते हैं।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




