Home rss world hindi इजरायली हमले में गाजा की यूनिवर्सिटी में 3 की मौत, शिक्षा मंत्रालय...

इजरायली हमले में गाजा की यूनिवर्सिटी में 3 की मौत, शिक्षा मंत्रालय का बड़ा आरोप

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

रविवार को गाजा शहर की इस्लामिक यूनिवर्सिटी पर इजरायली हमले में तीन लोगों की मौत हो गई और आठ घायल हो गए। शिक्षा मंत्रालय ने इसे छात्रों पर हमला बताया और दुनिया की चुप्पी पर सवाल उठाया।

इजरायल में चुनाव को लेकर सियासी पारा हाई है। इस बीच गाजा शहर स्थित इस्लामिक यूनिवर्सिटी पर हुए इजरायली हमले में तीन लोगों की मौत हो गई और कम से कम आठ लोग घायल हो गए। यूनिवर्सिटी स्टाफ और स्थानीय अस्पताल ने यह जानकारी दी है। गाजा सिविल डिफेंस एजेंसी के मुताबिक, इलाके की अन्य जगहों पर चार और लोगों की मौत हुई। दूसरी ओर इजरायली सेना ने कहा कि वह इस रिपोर्ट की जांच कर रही है।

अल-शिफा अस्पताल ने बताया कि उन्हें तीन शव मिले हैं और गाजा सिटी में हुए ड्रोन हमले में घायल हुए आठ लोगों का इलाज किया जा रहा है। इस्लामिक यूनिवर्सिटी के दो सूत्रों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि मारे गए तीनों लोग प्रशासनिक स्टाफ के सदस्य थे, जबकि घायल हुए लोग छात्र हैं। गाजा के शिक्षा मंत्रालय ने अपने बयान में कहा कि हमले के समय छात्र क्लास के लिए यूनिवर्सिटी में मौजूद थे।

शिक्षा मंत्रालय ने इस हमले की कड़ी निंदा की और कहा कि छात्रों और यूनिवर्सिटियों पर हो रहे हमलों के बारे में पूरी दुनिया की चुप्पी इन अपराधों को जारी रखने का मौका देती है। मंत्रालय ने आगे कहा कि यह स्ट्राइक ऐसे समय में हो रही है जब हायर एजुकेशन सेक्टर पूरी तरह बर्बाद हो चुका है और युद्ध की वजह से एकेडमिक इंस्टीट्यूशन की 95 प्रतिशत बिल्डिंग्स को नुकसान पहुंचा है।

मंत्रालय ने इस हमले को शिक्षा पर लगातार हो रहे हमलों का हिस्सा बताया। बयान में कहा गया कि यह घिनौना हमला शिक्षा पर लगातार हो रहे हमलों का हिस्सा है। पिछले छह दिनों में कब्जे की गोलीबारी में 10 छात्र और शिक्षक मारे गए हैं। गाजा में एक साल से ज्यादा समय से युद्धविराम लागू है, लेकिन इससे वहां हिंसा पूरी तरह से नहीं रुकी है। छोटे-छोटे हमले और गोलीबारी की घटनाएं जारी हैं, जिससे आम लोगों की जिंदगी प्रभावित हो रही है।

गाजा सिविल डिफेंस के प्रवक्ता महमूद बसल ने बताया कि रविवार को चार और लोगों की मौत हुई। इनमें से दो दक्षिणी शहर खान यूनिस में हवाई हमले में मारे गए, एक सेंट्रल देर अल-बलाह में और एक गाजा पट्टी के उत्तरी हिस्से में मारा गया। सिविल डिफेंस ने कहा कि ये मौतें अलग-अलग जगहों पर हुई हैं और स्थानीय स्तर पर स्थिति अभी भी तनावपूर्ण बनी हुई है।

शिक्षा मंत्रालय का कहना है कि पिछले लंबे युद्ध के दौरान गाजा के अधिकांश शैक्षणिक संस्थानों को भारी नुकसान पहुंचा है। कई यूनिवर्सिटी और स्कूल की इमारतें या तो पूरी तरह नष्ट हो चुकी हैं या गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हैं। इस स्थिति में भी शिक्षा जारी रखने की कोशिशें हो रही थीं, लेकिन ताजा हमले से छात्रों और स्टाफ की सुरक्षा पर सवाल उठ रहे हैं। इजरायली पक्ष की ओर से अभी तक इस हमले की कोई आधिकारिक पुष्टि या विस्तृत बयान नहीं आया है, सिवाय इसके कि सेना जांच कर रही है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN