Source :- LIVE HINDUSTAN
अलीमा खान को हिरासत में लिए जाने के बाद उनके बेटे शाहरेज खान ने आरोप लगाया कि उनकी मां रविवार सुबह घर से निकलने के बाद उन्हें ले जाया गया। उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ चल रहे सभी मामलों में उन्हें जमानत मिली हुई है।
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की 2 बहनों उज्मा खान और नूरीन नियाजी को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया गया। इससे एक दिन पहले उनकी तीसरी बहन अलीमा खान को भी 30 दिन की हिरासत में लिया गया था। स्थानीय मीडिया के मुताबिक, यह कार्रवाई लाहौर के डिप्टी कमिश्नर के आदेश पर हुई है। तीनों बहनों को हिरासत में लिए जाने की कार्रवाई ऐसे समय हुई है, जब इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) ने 27 सितंबर को इस्लामाबाद की ओर मार्च और प्रदर्शन का कार्यक्रम तय किया है।
रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों बहनों पर पंजाब मेंटेनेंस ऑफ पब्लिक ऑर्डर अध्यादेश, 1960 के तहत कार्रवाई की गई है। आदेश में कहा गया कि दोनों की गतिविधियां जन सुरक्षा और सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए नुकसानदेह हैं। उज्मा खान और नूरीन नियाजी को कोट लखपत सेंट्रल जेल के अधीक्षक की निगरानी में रखा जाएगा। इससे पहले रविवार को पीटीआई अध्यक्ष गोहर अली खान ने अलीमा खान की हिरासत पर आपत्ति जताई थी। उन्होंने इसे हालात बिगाड़ने की दिशा में पहला कदम बताया और उनकी तत्काल रिहाई की मांग की थी।
परिवार वालों ने लगाए गंभीर आरोप
अलीमा खान को हिरासत में लिए जाने के बाद उनके बेटे शाहरेज खान ने आरोप लगाया कि उनकी मां रविवार सुबह घर से निकलने के बाद उन्हें ले जाया गया। उन्होंने कहा कि लाहौर में उनके खिलाफ चल रहे सभी मामलों में उन्हें जमानत मिली हुई है। शाहरेज ने एक्स पर अधिकारियों से अलीमा खान की लोकेशन सार्वजनिक करने और उनकी सुरक्षित रिहाई सुनिश्चित करने की मांग की। पाकिस्तान के अखबार एक्सप्रेस ट्रिब्यून के मुताबिक, लाहौर के डिप्टी कमिश्नर ने अलीमा खान के ड्राइवर मुहम्मद आमिर को भी 30 दिनों के लिए हिरासत में लेने का आदेश दिया था।
इमरान खान के बेटे कासिम खान ने भी दावा किया कि पुलिस ने उनकी बुआ अलीमा खान को लाहौर में हिरासत में लिया है। उन्होंने अधिकारियों से अलीमा के परिवार और वकीलों को उनसे मिलने की इजाजत देने और उनकी तत्काल रिहाई की मांग की। कासिम ने एक्स पर आरोप लगाया कि परिवार को यह जानकारी नहीं दी गई कि अलीमा को कहां रखा गया है और उनके परिवार व वकील उनसे संपर्क नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि पहले उनके पिता को जेल भेजा गया और अब उनके परिवार को निशाना बनाया जा रहा है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




