Home rss business hindi इस चर्चित शेयर में 60% उछाल का अनुमान, मोतीलाल ओसवाल ने दी...

इस चर्चित शेयर में 60% उछाल का अनुमान, मोतीलाल ओसवाल ने दी बाय रेटिंग

5
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

Physicswallah share price: शेयर बाजार में लिस्टेड एडुटेक कंपनी- PhysicsWallah (फिजिक्सवाला) के शेयर में शुक्रवार को तगड़ा उछाल आया। सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन यह शेयर करीब 8 पर्सेंट उछला। इंट्रा-डे के दौरान शेयर 130.85 रुपये तक गया। वहीं, शेयर की क्लोजिंग करीब 5 पर्सेंट की तेजी के साथ 126.55 रुपये पर हुई। शेयर में यह तेजी ऐसे समय आई जब घरेलू ब्रोकरेज फर्म मोतीलाल ओसवाल ने ‘बाय’ (खरीदने) की रेटिंग के साथ कवरेज शुरू किया है।

क्या है ब्रोकरेज का टारगेट प्राइस?

ब्रोकरेज मोतीलाल ओसवाल ने फिजिक्सवाला के लिए प्रति शेयर 200 रुपये का टारगेट प्राइस तय किया है। वर्तमान कीमत से यह करीब 60 पर्सेंट के उछाल को दिखाता है। मोतीलाल ओसवाल का यह पॉजिटिव नजरिया कंपनी के कैपिटल-एफिशिएंट (कम पूंजी में अधिक काम करने वाले) बिजनेस मॉडल और इसके ऑनलाइन-ऑफलाइन दोनों तरह के ऑफरिंग्स में मजबूत ग्रोथ की संभावनाओं पर आधारित है। ब्रोकरेज ने गौर किया कि कंपनी ने 10 करोड़ (100 मिलियन) से अधिक YouTube सब्सक्राइबर्स वाली कम्युनिटी बनाई है और FY23-26 के दौरान इसके रेवेन्यू में लगभग 74% CAGR (कंपाउंड एनुअल ग्रोथ रेट) से बढ़ोतरी हुई है।

ब्रोकरेज के मुताबिक, इस मजबूत ट्रैक रिकॉर्ड और कई एजुकेशन सेगमेंट्स में अभी भी कम पैठ (penetration) होने की वजह से ग्रोथ की और गुंजाइश है। मोतीलाल ओसवाल ने यह भी बताया कि जहां JEE और NEET जैसी मुख्य कैटेगरीज में ऑनलाइन पैठ सिर्फ 20% के आसपास है। वहीं, नए सेगमेंट्स में यह पैठ 1% से भी कम है, जिससे डिजिटल अपनाने की दिशा में आगे बढ़ने के लिए काफी गुंजाइश है।

कंपनी का कम हुआ घाटा

चालू वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में फिजिक्सवाला का घाटा कम होकर 77.57 करोड़ रुपये रहा। वित्त वर्ष 2025-26 की पहली (अप्रैल-जून) तिमाही में कंपनी का घाटा 120.45 करोड़ रुपये था। फिजिक्सवाला ने बताया कि समीक्षाधीन तिमाही में परिचालन आय 24.4 प्रतिशत बढ़कर 1,053.95 करोड़ रुपये रही, जो इससे पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 847.09 करोड़ रुपये थी। कंपनी का कुल खर्च जून तिमाही में बढ़कर 1,247.02 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 1,054.20 करोड़ रुपये था।

लाइटस्पीड वेंचर पार्टनर्स ने बेची हिस्सेदारी

हाल ही में लाइटस्पीड वेंचर पार्टनर्स ने फिजिक्सवाला में अपनी पूरी 1.61 प्रतिशत हिस्सेदारी करीब 550 करोड़ रुपये में बेच दी है। अमेरिका स्थित निवेशक की सहयोगी कंपनी लाइटस्पीड अपॉर्च्युनिटी फंड-2 एलपी ने 4,66,98,120 शेयर बेचे जो नोएडा स्थित फिजिक्सवाला में 1.61 प्रतिशत हिस्सेदारी के बराबर है। आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल म्यूचुअल फंड सबसे बड़ा खरीदार रहा। उसने 2.20 करोड़ शेयर खरीदे, जो करीब 0.76 प्रतिशत हिस्सेदारी के बराबर है। इन शेयर के लिए उसने 258.98 करोड़ रुपये का भुगतान किया। गोल्डमैन सैक्स की पांच इकाइयों ने मिलकर 89.67 लाख शेयर करीब 105.57 करोड़ रुपये में खरीदे। टाटा एआईए लाइफ इंश्योरेंस कंपनी ने 33.97 लाख शेयर 40 करोड़ रुपये में खरीदे। अन्य खरीदारों में मॉर्गन स्टेनली, सोसाइटी जेनरल, सिटीग्रुप ग्लोबल मार्केट्स, विरिडियन एसेट मैनेजमेंट, घिसालो कैपिटल मैनेजमेंट, मेडिओलानम इंटरनेशनल फंड्स और न्यूयॉर्क स्टेट टीचर्स रिटायरमेंट सिस्टम शामिल हैं।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN