Home World News hindi ‘ईरान कभी समझौता नहीं हारता…’, अपने ही शब्दों से घिर गए ट्रंप!...

‘ईरान कभी समझौता नहीं हारता…’, अपने ही शब्दों से घिर गए ट्रंप! G7 समिट में हुई बोलती बंद

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

अमेरिका-ईरान शांति समझौते के बाद डोनाल्ड ट्रंप अपने ही 2020 के ट्वीट से घिर गए हैं। G7 समिट की लाइव प्रेस कॉन्फ्रेंस में पत्रकार ने याद दिलाया उनका पुराना बयान। जानें ट्रंप ने सफाई में क्या कहा।

अमेरिका और ईरान के बीच चार महीने से चल रहा युद्ध आखिरकार एक शांति समझौते (MoU) के साथ खत्म हो गया है। लेकिन इस समझौते को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अब सवालो के घेरे में आ गए हैं। फ्रांस में चल रहे G7 शिखर सम्मेलन के दौरान एक पत्रकार ने ट्रंप को उनका ही साल 2020 का एक पुराना सोशल मीडिया पोस्ट याद दिला दिया। इस पोस्ट में ट्रंप ने खुद लिखा था कि “ईरान कभी कोई युद्ध नहीं जीता, लेकिन वह कभी कोई समझौता भी नहीं हारा है!”

G7 समिट में लाइव प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान क्या हुआ?

फ्रांस के एवियन-लेस-बैंस में आयोजित G7 प्रेस कॉन्फ्रेंस में फॉक्स न्यूज के संवाददाता पीटर डूसू ने ट्रंप से इस समझौते पर तीखे सवाल किए। ऑनलाइन सामने आए एक वीडियो के मुताबिक दोनों के बीच यह दिलचस्प बातचीत हुई। पीटर डूसू ने कहा- जनवरी 2020 में एक समझदार व्यक्ति ने कहा था कि ईरान कभी युद्ध नहीं जीता, लेकिन कभी बातचीत भी नहीं हारा। डोनाल्ड ट्रंप ने बीच में टोकते हुए कहा कि “ऐसा किसने कहा था?” इस पर पीटर डूसू ने कहा- “यह आपने कहा था।”

समझौते पर उठे सवाल, ट्रंप ने दिया यह जवाब

पत्रकार पीटर डूसू ने ट्रंप से आगे पूछा कि वह अमेरिका की संदेह करने वाली जनता को कैसे मनाएंगे कि यह समझौता हमारे लिए एक जीत है? दरअसल, इस शांति समझौते की काफी आलोचना हो रही है और कुछ अमेरिकी सांसदों का तर्क है कि इस डील में ईरान से कुछ हासिल करने के बजाय उसे ज्यादा रियायतें दी गई हैं।

इसके जवाब में ट्रंप ने अपने फैसले का बचाव करते हुए मीडिया पर निशाना साधा। ट्रंप ने तर्क दिया कि इस समझौते को चाहे जैसे भी देखा जाए, लेकिन ईरान को सैन्य मोर्चे पर हार का सामना करना पड़ा है। उन्होंने कहा, “यह बहुत मुश्किल है, क्योंकि मुझे पता है कि अगर मैं तीन-चार हफ्ते और इस युद्ध को जारी रखता, तो यही आलोचक कहते कि मैंने इसे बहुत लंबा खींच दिया।”

ट्रंप का कहना था कि मीडिया हर हाल में इस युद्ध को ईरान की जीत के तौर पर ही दिखाता। उन्होंने कहा, “अगर वे (ईरान) सफेद झंडा फहराकर पूरी तरह सरेंडर कर देते और कहते कि ‘डोनाल्ड ट्रंप अब तक के सबसे महान राष्ट्रपति हैं, हम हार मान रहे हैं’, तब भी न्यूयॉर्क टाइम्स और सीएनएन जैसे मीडिया संस्थान इसे ‘ईरान की शानदार जीत’ ही बताते।”

क्यों और कब किया था ट्रंप ने यह पोस्ट?

डोनाल्ड ट्रंप ने 3 जनवरी 2020 को एक्स (उस समय ट्विटर) पर यह पोस्ट किया था। उस दौरान ईरानी जनरल कासिम सुलेमानी के मारे जाने के बाद अमेरिका और ईरान के बीच तनाव अपने चरम पर था। अब चार महीने चले युद्ध के बाद दोनों देशों के बीच हुए समझौते के बाद ट्रंप के ये पुराने शब्द ही उनके सामने आकर खड़े हो गए हैं।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN