Source :- LIVE HINDUSTAN

ट्रंप ने रविवार शाम को ट्रूथ सोशल पर एक पोस्ट में कहा कि इस्लामिक गणराज्य ईरान के साथ समझौते को अंतिम रूप दिया जा चुका है। उन्होंने सभी को बधाई भी दी है। वहीं ईरान ने भी इसकी पुष्टि की।

ईरान और अमेरिका के बीच शांति समझौता अब कुछ ही पल दूर है। करीब 4 महीने तक पश्चिम में तबाही के बाद तेहरान और अमेरिका इस पर सहमत हुए हैं। हालांकि अब भी कई मुद्दों को लेकर तनाव बरकरार है और दोनों पक्ष अलग अलग दावे कर रहे हैं। अब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि उनका देश ईरान पर लगे आर्थिक प्रतिबंधों में किसी तरह की कोई रियायत नहीं देगा। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि डील के तहत ईरान को कोई राहत नहीं दी जाएगी।

फ्रांस के एवियान शहर में आयोजित हो रहे G7 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने पहुंचे डोनाल्ड ट्रंप ने मंडिया से बातचीत में यह बयान दिया। ट्रंप ने दो टूक कहा कि यह पूरी तरह से ईरान के ‘व्यवहार’ पर निर्भर करेगा कि वह अपनी शर्तों को कितना पूरा करता है। इस दौरान उन्होंने अपनी डील की तुलना पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा वाली डील से भी की।

क्या बोले ट्रंप?

पत्रकारों ने राष्ट्रपति ट्रंप से पूछा कि क्या इस समझौते के तहत ईरान को प्रतिबंधों से राहत मिलेगी, तो ट्रंप ने कहा, “बिल्कुल नहीं, इसमें कोई प्रतिबंध राहत शामिल नहीं है। यह पूरी तरह से उनके व्यवहार पर निर्भर होगा। अगर वे वह सब करते हैं जो उन्हें करना चाहिए, तभी भविष्य में इसका असर दिखना शुरू होगा।”

आगे ट्रंप ने पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा द्वारा साल 2015 में किए गए परमाणु समझौते पर तंज कसते हुए ट्रंप ने कहा, “मैं इस समझौते के दस्तावेजों को सार्वजनिक करना चाहता हूं क्योंकि यह एक बेहद शक्तिशाली दस्तावेज है। यह ओबामा के उस दस्तावेज जैसा बिल्कुल नहीं है, जो बेहद घटिया था।” उन्होंने यह भी बताया कि जेनेवा में उनकी ओर से अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस समझौते पर दस्तखत करेंगे।

MoU पर हो गए दस्तखत

इस बीच रिपोर्ट्स के मुताबिक अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध खत्म करने के इस समझौते पर ‘इलेक्ट्रॉनिक रूप से’ हस्ताक्षर हो चुके हैं। रॉयटर्स ने अमेरिकी अधिकारी के हवाले से बताया कि इस सहमति पत्र (MoU) पर खुद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और ईरान की तरफ से वहां की संसद के अध्यक्ष और मुख्य वार्ताकार मोहम्मद बाघर गालिबफ ने डिजिटली साइन कर दिए हैं। हालांकि, ईरान की तरफ से अभी इस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।

डील से मिली खुशखबरी

युद्धविराम और शांति समझौते की आधिकारिक घोषणा होते ही वैश्विक बाजारों को राहत मिली है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें तेजी से नीचे गिरी हैं। इस पर ट्रंप ने भी खुशी जताई। वहीं युद्ध खत्म होने की राहत से दुनिया भर के शेयर बाजारों में भी तेजी देखी जा रही है। इस बीच पूरी वैश्विक व्यापार की लाइफलाइन स्ट्रेट ऑफ होर्मुज भी शुक्रवार से पूरी तरह से खोल दिया जाएगा। अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, अगले 24 से 48 घंटों के भीतर इस पूरी डील की शर्तें दुनिया के सामने रख दी जाएंगी।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN