Home rss business hindi एयर इंडिया, एयर इंडिया एक्सप्रेस ने बढ़ाया फ्यूल सरचार्ज, अब उड़ानें होंगी...

एयर इंडिया, एयर इंडिया एक्सप्रेस ने बढ़ाया फ्यूल सरचार्ज, अब उड़ानें होंगी महंगी!

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

मुख्य बातें

  • एयरलाइंस ने यह फैसला एविएशन टर्बाइन फ्यूल यानी एटीएफ (ATF) की बढ़ती कीमतों को देखते हुए लिया है
  • नए सरचार्ज के लागू होने के बाद यात्रियों को टिकट के लिए पहले के मुकाबले ज्यादा पैसे खर्च करने पड़ सकते हैं

Air Fare: हवाई सफर करने वाले यात्रियों के लिए जरूरी खबर है। एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने घरेलू और कुछ इंटरनेशनल उड़ानों के फ्यूल सरचार्ज में बदलाव किया है। एयरलाइंस ने यह फैसला एविएशन टर्बाइन फ्यूल यानी एटीएफ (ATF) की बढ़ती कीमतों को देखते हुए लिया है। नए सरचार्ज के लागू होने के बाद यात्रियों को टिकट के लिए पहले के मुकाबले ज्यादा पैसे खर्च करने पड़ सकते हैं।

यात्रियों की जेब पर पड़ेगा असर

बता दें कि फ्यूल सरचार्ज बढ़ने का सीधा असर यात्रियों के टिकट खर्च पर पड़ सकता है। हालांकि, टिकट की अंतिम कीमत केवल फ्यूल सरचार्ज से तय नहीं होती। इसमें बेस फेयर, टैक्स और दूसरे शुल्क भी शामिल होते हैं। ऐसे में अगर आप आने वाले दिनों में एयर इंडिया या एयर इंडिया एक्सप्रेस से यात्रा करने की योजना बना रहे हैं, तो टिकट बुक करने से पहले कुल किराए की जांच जरूर कर लें। खासकर इंटरनेशनल यात्रा करने वाले यात्रियों को नए फ्यूल सरचार्ज का ध्यान रखना चाहिए, क्योंकि अलग-अलग रूट के लिए अतिरिक्त शुल्क अलग है। कुल मिलाकर, एटीएफ की बढ़ती कीमतों का असर अब हवाई यात्रियों की जेब पर भी दिखाई दे रहा है।

घरेलू उड़ानों पर कितना बढ़ा चार्ज

एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने घरेलू उड़ानों के लिए दूरी के हिसाब से नया वन-वे फ्यूल सरचार्ज तय किया है। यानी यात्री को एक तरफ की यात्रा के लिए यह अतिरिक्त राशि देनी होगी।

500 किलोमीटर तक की उड़ान: 400 रुपये फ्यूल सरचार्ज

501 से 1,000 किलोमीटर: 600 रुपये

1,001 से 1,500 किलोमीटर: 850 रुपये

1,501 से 2,000 किलोमीटर: 1,200 रुपये

2,000 किलोमीटर से ज्यादा: 1,200 रुपये

इसका मतलब है कि घरेलू उड़ान की दूरी जितनी ज्यादा होगी, शुरुआती दूरी वाले स्लैब के मुकाबले फ्यूल सरचार्ज भी ज्यादा हो सकता है। हालांकि, 1,501 किलोमीटर से ऊपर की उड़ानों के लिए सरचार्ज 1,200 रुपये तय किया गया है।

इंटरनेशनल फ्लाइट के लिए भी बदले चार्ज

घरेलू उड़ानों के साथ कुछ इंटरनेशनल रूट पर भी फ्यूल सरचार्ज में बदलाव किया गया है। अलग-अलग क्षेत्रों के लिए वन-वे सरचार्ज अलग रखा गया है। नॉर्थ अमेरिका जाने वाली उड़ानों पर यात्रियों को 215 डॉलर का फ्यूल सरचार्ज देना होगा। वहीं ऑस्ट्रेलिया के लिए यह चार्ज 210 डॉलर तय किया गया है। यूरोप और ब्रिटेन जाने वाली उड़ानों के लिए नया फ्यूल सरचार्ज 135 डॉलर है। जबकि वेस्ट एशिया और मिडिल ईस्ट के रूट पर यह चार्ज 55 डॉलर रखा गया है। यानी इंटरनेशनल सफर करने वाले यात्रियों के लिए भी टिकट की कुल कीमत पर इसका असर पड़ सकता है। खासकर लंबी दूरी के रूट पर यात्रा करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ सकता है।

कंपनियों ने क्या कहा

कंपनियों के मुताबिक, पिछले कुछ महीनों में एटीएफ की कीमतों में काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिला है। इसकी बड़ी वजह भू-राजनीतिक घटनाक्रम और दुनियाभर के ऊर्जा बाजारों पर बना दबाव है। ईंधन की कीमत बढ़ने से एयरलाइंस की परिचालन लागत भी बढ़ रही है। इसी वजह से फ्यूल सरचार्ज में बदलाव किया गया है।

क्यों बढ़ाया गया फ्यूल सरचार्ज

एयरलाइंस के खर्च में फ्यूल की हिस्सेदारी काफी ज्यादा होती है। विमान उड़ाने के लिए इस्तेमाल होने वाला एटीएफ एयरलाइन कंपनियों की कुल परिचालन लागत का एक बड़ा हिस्सा होता है। ऐसे में जब फ्यूल की कीमत बढ़ती है तो एयरलाइंस के खर्च पर सीधा असर पड़ता है। एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने कहा है कि हाल के महीनों में एटीएफ की कीमतों में लगातार उतार-चढ़ाव रहा है। ग्लोबल एनर्जी मार्केट्स में दबाव और जियोपॉलिटिकल घटनाओं के कारण फ्यूल की कीमतों में बदलाव देखने को मिला है। इससे एयरलाइंस की लागत बढ़ी है। कंपनियों का कहना है कि फ्यूल अभी भी उनके कुल खर्च का एक बड़ा हिस्सा है। ऐसे में फ्यूल की कीमतों में हालिया बढ़ोतरी के कारण ऑपरेशनल लागत पर और दबाव बढ़ा है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN