Home rss sports hindi एशियन पैरा गेम्स में प्रवीण कुमार, आयुष वर्मा और सचिन खिलारी छाए;...

एशियन पैरा गेम्स में प्रवीण कुमार, आयुष वर्मा और सचिन खिलारी छाए; तीनों ने जीता गोल्ड मेडल

6
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

एशियन पैरा गेम्स में बुधवार को भारत के प्रवीण कुमार, आयुष वर्मा और सचिन खिलारी छा गए। तीनों ने गोल्ड मेडल पर कब्जा जमाया। आयुष ने  मंगलवार को कांस्य पदक जीता था।

भारत के प्रवीण कुमार ने बुधवार को एशियन पैरा गेम्स 2026 की एथलेटिक्स प्रतियोगिता में पुरुषों की ऊंची कूद टी44/64 स्पर्धा में खेलों के नए रिकॉर्ड के साथ गोल्ड मेडल जीता, जबकि बंटी ने इसी स्पर्धा में सिल्वर हासिल किया। प्रवीण ने 2.05 मीटर की कूद लगाकर स्वर्ण पदक, जबकि बंटी ने 1.92 मीटर की कूद के साथ रजत पदक हासिल किया। उज्बेकिस्तान के तेमुरबेक गियाज़ोव 1.86 मीटर के साथ तीसरे स्थान पर रहे। टी64 और टी44 वर्ग के एथलीट अक्सर संयुक्त स्पर्धा में एक साथ प्रतिस्पर्धा करते हैं क्योंकि विश्व पैरा एथलेटिक्स पर्याप्त प्रतियोगियों और निष्पक्ष प्रतिस्पर्धा सुनिश्चित करने के लिए निचले अंगों के वर्गों को एक समूह में रखता है। टी64 उन एथलीटों के लिए है जो कृत्रिम निचले अंगों का उपयोग करते हैं, जबकि टी44 उन एथलीटों के लिए है जो निचले अंगों से दिव्यांग होते हैं लेकिन वह कृत्रिम अंगों का उपयोग नहीं करते हैं।

आयुष वर्मा ने शॉट पुट में जीता गोल्ड

भारत के आयुष वर्मा ने पुरुषों की शॉट पुट एफ53 स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर अपने खाते में दूसरा पदक जोड़ा। आयुष ने अपने पांचवें प्रयास में 8.16 मीटर का थ्रो करके पहला स्थान हासिल किया। ईरान के अलीरेजा हेमामी 8.09 मीटर के साथ दूसरे, जबकि कजाकिस्तान के मखाम्बेट सेरिक्कालियेव 6.81 मीटर के साथ तीसरे स्थान पर रहे। आयुष ने इससे पहले मंगलवार को पुरुषों की भाला फेंक एफ53/एफ54 स्पर्धा में कांस्य पदक जीता था। एफ53 उन एथलीटों के लिए है जिनकी धड़ और पैरों की गति अत्यधिक जबकि हाथों की पकड़ कम प्रभावित होती है। वे बैठकर प्रतिस्पर्धा करते हैं और अपनी छाती, ऊपरी पीठ और कंधों का उपयोग करके ताकत लगाते हैं।

खिलारी ने भी गोल्ड पर किया कब्जा

सचिन सरजेराव खिलारी ने एथलेटिक्स प्रतियोगिता में पुरुषों के शॉट पुट एफ46 स्पर्धा में खेलों के नए रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण पदक जीता, जबकि भारतीय खिलाड़ियों ने इस स्पर्धा में क्लीन स्वीप किया। पेरिस पैरालंपिक में रजत पदक जीतने वाले सचिन ने इस तरह से पिछले एशियाई पैरा खेलों में जीते गए अपने स्वर्ण पदक का अच्छी तरह से बचाव किया। उन्होंने अपने छठे और अंतिम थ्रो में 15.87 मीटर फेंककर पहला स्थान हासिल किया और 15.67 मीटर के खेलों के पिछले रिकॉर्ड को तोड़ दिया। भारत के ही मोहम्मद यासर ने तीसरे प्रयास में 15.06 मीटर का थ्रो करके रजत पदक जीता, जबकि परवीन 14.94 मीटर के साथ तीसरे स्थान पर रहे। एफ46 श्रेणी उन एथलीटों के लिए है जिनका कोहनी के ऊपर या नीचे एक हाथ कटा होता है, या वे ऊपरी अंग से दिव्यांग होते हैं। वे खड़े होकर प्रतिस्पर्धा करते हैं और अपने कूल्हों और पैरों का उपयोग करके गोला फेंकने के लिए शक्ति लगाते हैं।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN