Source :- LIVE HINDUSTAN
मुख्य बातें
- Petrol Diesel Rates Today: पेट्रोल-डीजल के मोर्चे पर भारत के लोगों के लिए यह सोमवार भी राहत भरा है
- आज सुबह 6 बजे सरकारी ऑयल मार्केटिंग कंपनियों HPC, BPCL और IOCL ने पेट्रोल-डीजल के रेट जारी कर दीं
कच्चे तेल की कीमतें आज भले ही नरम हैं, लेकिन ब्रेंट क्रूड आज भी 115 डॉलर प्रति बैरल के पार है। दूसरी ओर पेट्रोल-डीजल के मोर्चे पर भारत के लोगों के लिए यह सोमवार भी राहत भरा है। आज सुबह 6 बजे सरकारी ऑयल मार्केटिंग कंपनियों HPC, BPCL और IOCL ने पेट्रोल-डीजल के रेट जारी कर दीं। राहत की बात ये है कि कच्चे तेल की कीमतें 115 डॉलर के पार होने के बावजूद अभी रेट में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है। दिल्ली में पेट्रोल 102.12 और डीजल 95.20 रुपये लीटर पर स्थिर है। सुबह 6.10 बजे के करीब ब्लूमबर्ग पर ब्रेंट क्रूड 115.33 डॉलर प्रति बैरल पर ट्रेड कर रहा था। जबकि, डब्ल्यूटीआई 101.78 डॉलर पर था।
इस साल 90% तक महंगा हुआ ब्रेंट क्रूड
ब्लूमबर्ग के मुताबिक मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध के कारण तेल की सप्लाई प्रभावित हुई है। इसके अलावा यमन के हूती विद्रोहियों के संघर्ष में शामिल होने और सऊदी अरब को निशाना बनाए जाने से ऊर्जा आपूर्ति को लेकर जोखिम बढ़ गया है।
इन घटनाओं के चलते ब्रेंट क्रूड की कीमत इस साल अब तक करीब 90% बढ़ चुकी है। बाजार की चिंता यह है कि अगर संघर्ष और बढ़ता है, तो तेल की सप्लाई में दोबारा बड़ी बाधा आ सकती है। इससे कीमतों में एक बार फिर तेज उछाल देखने को मिल सकता है।
150 डॉलर तक जा सकता है कच्चे तेल का भाव
कॉमनवेल्थ बैंक ऑफ ऑस्ट्रेलिया के एनालिस्ट विवेक धर के मुताबिक, क्षेत्र में बढ़ती लड़ाई और तनाव के और बढ़ने की आशंका के कारण तेल बाजार में कच्चे तेल और रिफाइंड पेट्रोलियम उत्पादों के भंडार में कमी आने का जोखिम शामिल किया जाना चाहिए।
उनका अनुमान है कि ब्रेंट क्रूड का वायदा भाव 150 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच सकता है। इतनी ऊंची कीमतों से खासकर उभरती एशियाई अर्थव्यवस्थाओं में तेल की मांग घट सकती है। जब कीमतें बहुत ज्यादा बढ़ जाती हैं और उपभोक्ता या कंपनियां खपत कम करने लगती हैं, तो इसे डिमांड डिस्ट्रक्शन कहा जाता है।
पेट्रोल-डीजल के आज के रेट
दिल्ली में आज पेट्रोल 102.12 रुपये और डीजल 95.20 प्रति लीटर के रेट से बिक रहा है। मुंबई में पेट्रोल 111.21 और डीजल 97.83 रुपये लीटर है। कोलकाता में पेट्रोल 113.51 और डीजल 99.82 रुपये लीटर है। जबकि, चेन्नई में पेट्रोल 107.77 रुपये और डीजल 99.55 रुपये लीटर है। आज भी देश में सबसे सस्ता पेट्रोल पोर्ट ब्लेयर में 88.66 रुपये लीटर है, जबकि यहां 1 लीटर डीजल की कीमत 84.56 रुपये है। दूसरी ओर सबसे महंगा पेट्रोल आंध्र प्रदेश के चित्तूर में 118.34 रुपये लीटर है। चित्तूर में डीजल 106.06 रुपये लीटर है।
राहत कबतक?
कच्चे तेल की आसमान छूती कीमतों के बीच भारत में पेट्रोल-डीजल के रेट में अभी भी राहत है। बड़ा सवाल यह है कि यह राहत कबतक मिलती रहेगी? वह भी तब ऑयल मार्केटिंग कंपनियों को काफ नुकसान उठाना पड़ रहा है। ईरान युद्ध शुरू होने के बाद से कच्चे तेल के दाम में 90 प्रतिशत का उछाल आया है, जबकि अपने यहां पेट्रोल-डीजल करीब 8.50 प्रतिशत ही बढ़े हैं। ऐसे में यह राहत बहुत दिनों तक मिलने वाली नहीं लगती।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



