Home LIFESTYLE NEWS HINDI कुकर में दाल उबाल रहीं तो 1 चम्मच ये चीज जरूर मिला...

कुकर में दाल उबाल रहीं तो 1 चम्मच ये चीज जरूर मिला दें, स्वाद और खुशबू दोनों बढ़ जाएंगे!

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

Dal Cooking Tips: कई लोग दाल बनाते हुए उसमें एक चम्मच देसी घी भी जरूर एड करते हैं। ये कोई नया नुस्खा नहीं है, बल्कि दादी नानी के जमाने से चला आ रहा है। क्या आपको पता है ऐसा क्यों किया जाता है? आइए जानते हैं इसके फायदे –

दाल भारतीय खानपान का अहम हिस्सा है। लगभग हर घर में रोज कोई ना कोई दाल बनती है, कभी लंच में तो कभी डिनर में। हर किसी का दाल बनाने का अपना अलग तरीका होता है। खैर, आज हम कोई नई रेसिपी आपके लिए नहीं ले कर आए हैं, बल्कि दाल बनाने से जुड़ी एक टिप्स साझा कर रहे हैं जो बहुत से घरों में फॉलो की जाती है। आपने देखा होगा कि कोई भी दाल बनाते हुए बहुत से लोग एक चम्मच देसी घी भी कुकर में डाल देते हैं। पर क्या कभी सोचा है कि ऐसा करने से क्या फायदे होते हैं? स्वाद से जुड़ी ये ट्रिक कोई नई नहीं है, बल्कि दादी-नानी के जमाने से चली आ रही है। आज भी कई बड़े-बड़े शेफ या कुकिंग एक्सपर्ट दाल उबालते हुए एक चम्मच घी मिलाने की बात करते हैं। ऐसा करने से दाल में क्या बदलाव आता है, आइए जानते हैं –

दाल उबालते हुए 1 चम्मच देसी घी मिलाने से क्या होता है?

दाल जल्दी पकने और गलने में मिलती है मदद

कोई भी दाल कुकर में उबालते हुए अगर आप एक चम्मच देसी घी मिला दें, तो ये जल्दी गलती है और एक-एक दाना अच्छी तरह पकता है। खासकर अरहर और चना जैसी साबुत दालों को पकाने में ये टिप फॉलो की जाती है। थोड़ा सा देसी घी दाल के टेक्चर को भी बेहतर बनाने में मदद करता है।

दाल में झाग कम बनते हैं

आपने नोटिस किया होगा कि दाल पकाते समय उसमें सफेद रंग के झाग यानी फोम बनते हैं। अगर उस समय एक चम्मच देसी घी कुकर में डाल दिया जाए, तो ये प्रॉब्लम भी कम होती है। यही वजह है कि आज भी कई गृहणियां दाल पकाते हुए एक चम्मच घी उसमें जरूर डालती हैं।

दाल का स्वाद और खुशबू बढ़ जाते हैं

कुकर में उबालते वक्त थोड़ा सा देसी घी डालने से दाल का स्वाद और खुशबू दोनों बेहतर होते हैं। दाल में देसी घी का रिच अरोमा शामिल हो जाता है। यही वजह है कि कई पारंपरिक डिशेज में घी का तड़का लगाया जाता है, क्योंकि घी को एक तरह का नेचुरल फ्लेवरिंग एजेंट माना जाता है। ये दाल में एक अलग ही खुशबू और जायका एड करता है।

कुछ पोषक तत्व बेहतर तरीके से शरीर में अवशोषित होते हैं

दाल में देसी घी डालने का फायदा आपकी सेहत से भी जुड़ा हुआ है। दरअसल घी एक तरह का फैट है, जो दाल में मौजूद कुछ फैट-सॉल्यूबल (वसा घुलनशील) पोषक तत्वों के बेहतर अवशोषण में मदद कर सकता है। जब दाल में थोड़ी मात्रा में घी के रूप में फैट भी शामिल होता है, तो उसमें मौजूद कुछ पोषक तत्वों को हमारा शरीर बेहतर तरीके से उपयोग कर पाता है।

कब और कितना घी डालना चाहिए?

दाल बनाते हुए घी डालना फायदेमंद है, ये सोचकर बहुत ज्यादा घी डालने की गलती ना करें। सिर्फ 1 चम्मच घी काफी होता है, क्योंकि फिर तड़के में भी तेल या घी का इस्तेमाल किया जाता है। जब आप दाल को कुकर में उबलने के लिए रखते हैं, उस दौरान एक चम्मच देसी घी उसमें एड कर दें। इसके बाद आप जैसी नॉर्मली दाल बनाते हैं, वैसे बना लें।

नोट: यह रिपोर्ट सोशल मीडिया पर मौजूद यूजर-जनरेटेड कंटेंट पर आधारित है। लाइव हिन्दुस्तान ने इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की है और न ही इनका समर्थन करता है।

(Images Credit- Pinterest, Instagram)

SOURCE : LIVE HINDUSTAN