Source :- BBC INDIA
इमेज स्रोत, Magali Cohen / Hans Lucas / AFP via Getty Images
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एलान किया है सीज़फ़ायर के दौरान 60 दिनों तक होर्मुज़ स्ट्रेट में कोई टोल नहीं लगेगा.
डोनाल्ड ट्रंप का यह एलान ऐसे समय में आया है, जब ईरान के ख़ातम अल-अंबिया मुख्यालय ने घोषणा की है कि होर्मुज़ स्ट्रेट को जहाज़ों के लिए ‘बंद’ किया जा रहा है.
ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा, “सीज़फ़ायर के दौरान 60 दिनों तक होर्मुज़ स्ट्रेट में कोई टोल नहीं होगा. 60 दिन पूरे होने के बाद भी कोई टोल नहीं लगेगा, जब तक कि अमेरिका की ओर से टोल ना लगाया जाए.”
उन्होंने आगे लिखा, “अगर समझौता पूरा नहीं होता है, तो यह टोल उन सेवाओं के लिए होगा जो अमेरिका ने मिडिल ईस्ट के देशों के लिए ‘गार्डियन एंजल’ बनकर दी हैं. इसमें पुराने, मौजूदा और आने वाले खर्चों की भरपाई शामिल है.”
इससे पहले शनिवार को ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (आईआरजीसी) नौसेना ने कहा कि होर्मुज़ स्ट्रेट सभी जहाज़ों के लिए बंद कर दिया गया है. नौसेना ने इसका कारण अमेरिका और इसराइल पर युद्धविराम के उल्लंघन के आरोपों को बताया है.
दूसरी ओर, अमेरिका ने इस दावे का खंडन किया था. अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने फ़ॉक्स न्यूज़ से कहा कि होर्मुज़ स्ट्रेट पूरी तरह खुला हुआ है.
वेंस ने कहा, “हमें ऐसा कोई सबूत नहीं मिला है कि ईरानियों ने अब भी होर्मुज़ स्ट्रेट को बंद कर रखा है.”
SOURCE : BBC NEWS




