Source :- LIVE HINDUSTAN
https://www.livehindustan.com/lh-img/smart/img/2026/10/30/1200x900/Gauri_lankesh_prakash_raj_1793378766157_NMz0_1793378770046_beh8_757df9a6-3021-4027-9ce1-2021737611ce_g5JS.pngप्रकाश राज की पत्नी पोनी वर्मा ने बताया कि दिवंगत जर्नलिस्ट गौरी लंकेश एक्टर की दोस्त थीं। उनकी हत्या की घटना ने एक्टर को बुरी तरह तोड़ दिया था। पोनी वर्मा ने बताया कि बेबाकी से बोलने की वजह से एक्टर के हाथ से काम भी गया है।
एक्टर प्रकाश राज की गिनती उन लोगों में होती है जो बेबाकी से अपनी राय सामने रखते हैं। वो अपने राजनीतिक विचार को सोशल मीडिया पर खुलकर रखते हैं। अब प्रकाश राज की पत्नी पोनी वर्मा ने एक्टर के बेबाक अंदाज को लेकर बात की। उन्होंने बताया कि कैसे इस वजह से उनके हाथों से काम भी निकला है। इसी के साथ, उन्होंने बताया कि जर्नलिस्ट गौरी लंकेश की हत्या की घटना ने एक्टर को बुरी तरह तोड़ दिया था।
प्रकाश राज के लिए डरती थीं उनकी पत्नी
प्रेमा द जर्नलिस्ट के पॉडकास्ट में पोनी वर्मा से पूछा गया कि क्या उन्होंने कभी प्रकाश से उनके राजनीतिक विचारों को लेकर थोड़ा संयम बरतने के लिए नहीं कहा? इस सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, “शुरुआत में, मैं बहुत डरती थी। जब हमने गौरी (गौरी लंकेश) की खबर सुनी, मैंने देखा कि वो पूरी तरह टूट गए थे। वो टूट गए थे और उन्होंने कहा था- ‘ बार-बार उससे कहता रहता था’। जैसे हम प्रकाश के लिए डरते हैं, वो गौरी के लिए डरते थे। गौरी की मौत ने उन्हें अंदर तक झकझोर कर रख दिया था।”
गौरी लंकेश की हत्या के बाद बुरी तरह टूट गए थे प्रकाश राज
पोनी ने फिर उस वक्त को याद किया जब प्रकाश को कई फिल्म इंडस्ट्रीज में अलग-अलग कारणों से काम के लिए बैन किया गया। उन्होंने बताया कि उनके कुछ करीबी अभिनेता ऐसे थे, जिन्हें प्रकाश पसंद नहीं थे। पोनी ने प्रकाश राज को बहादुर बताया। पोनी वर्मा ने कहा, “हर कोई आराम से है, सब शूटिंग कर रहे हैं, सब पैसे कमा रहे हैं, और हर कोई सबकी नजर में अच्छा बने रहना चाहता है। कुछ अभिनेता ऐसे हैं जिन्हें काम न मिलने का कोई डर नहीं होता, क्योंकि उनकी वजह से ही दूसरों को काम मिलता है। मुझे पता है कि इंडस्ट्री में उनके काम पर कितना बुरा असर पड़ा था। जिस तरह से उनके विज्ञापन बंद हो गए और उनसे फिल्में छीन ली गईं… उन्होंने अपने करियर में बहुत कुछ सहा है। लेकिन उनका कहना है कि ‘मेरा जमीर कहता है कि जो हो रहा है वो गलत है, इसलिए मुझे इसे स्वीकार नहीं करना चाहिए।”
2017 में हुई थी गौरी लंकेश की हत्या
बता दें, प्रकाश राज और गौरी लंकेश की दोस्ती काफी पुरानी थी। साल 2017 में गौरी लंकेश की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। साल 2025 में उन्होंने अपनी दोस्त गौरी के साथ एक तस्वीर शेयर करते हुए एक्स पर पोस्ट लिखा था। उन्होंने लिखा था- प्रिय गौरी, तुम्हें याद करता हूं…जिन्होंने तुम्हें मारा, वो आज भी सड़कों पर खुलेआम घूम रहे हैं, और जो लोग आवाज उठाते हैं, वो जेल में सड़ रहे हैं। हम वादा करते हैं कि हम तुम्हारी आवाज को कभी दबने नहीं देंगे। हमने तुम्हें दफनाया नहीं है… बल्कि बोया है।
प्रकाश राज की बात करें तो वो अक्सर सरकार के खिलाफ अपनी आवाज उठाते हैं। हाल ही में मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे को लेकर सीजेपी की मांग पर प्रकाश राज ने भी सहमति दिखाई थी। उन्होंने सीजेपी के नेताओं की गिरफ्तारी के खिलाफ भी आवाज उठाई थी।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




