Home LIFESTYLE NEWS HINDI घर पर बनाएं 5 किलो मल्टीग्रेन आटा, जानें गेहूं से लेकर रागी...

घर पर बनाएं 5 किलो मल्टीग्रेन आटा, जानें गेहूं से लेकर रागी तक की सही मात्रा

5
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

साधारण गेहूं के आटे की जगह अब लोग मल्टीग्रेन आटा खाना पसंद करते हैं। मल्टीग्रेन आटे में कई तरह के अनाज पिस जाते हैं। अगर आप इस आटे को घर पर बनाना चाहते हैं, तो 5 किलो आटे के लिए अनाज की सही मात्रा जान लीजिए।

आजकल लोग सादा गेहूं का आटा खाने के बजाय मल्टीग्रेन आटा खाना पसंद करते हैं। ज्यादातर लोग इसके लिए चक्की पर जाकर मल्टीग्रेन आटा खरीद लेते हैं या फिर दुकानदार से बनाने के लिए कहते हैं। ऐसे में कई बार अनाज की मात्रा कम या ज्यादा हो सकती है। अगर कोई अनाज ज्यादा या कम हो जाता है, तो मल्टीग्रेन आटे के स्वाद पर भी फर्क पड़ता है और इसका सही फायदा भी नहीं मिलता। अगर आप घर पर ही मल्टीग्रेन आटा बनाना चाहते हैं लेकिन उसमें मिलाए जाने वाले अनाज की सही मात्रा नहीं जानते हैं, तो हम आपको सही रेशियो बताने जा रहे हैं। मल्टीग्रेन आटे में कौन सा अनाज कितना मिलाया जाएगा, चलिए जानते हैं।

मल्टीग्रेन आटा बनाने के लिए सामग्री

घर पर अगर आप 5 किलो मल्टीग्रेन आटा तैयार कर रहे हैं, तो उसके हिसाब से सभी चीजों को सही अनुपात रखना होगा। इसके लिए 3 किलो गेहूं, 500 ग्राम जौ, 400 ग्राम बाजरा, 400 ग्राम ज्वार, 300 ग्राम रागी और 400 ग्राम चना लें। इन सभी अनाज को मिलाकर कुल 5 किलो मल्टीग्रेन आटा तैयार किया जा सकता है। गेहूं की मात्रा हमेशा ज्यादा रखी जाती है, जिससे रोटियों को बेलने-सेंकने में समस्या ना हो।

मल्टीग्रेन आटा बनाने का तरीका

मल्टीग्रेन आटा बनाने के लिए सबसे पहले सभी अनाज को अच्छे से धोकर साफ करें। धोते समय देख लें कि उनमें कंकड़, मिट्टी या किसी तरह की गंदगी ना हो। अगर अनाज ज्यादा गंदा हो, तो उसे अच्छे से धोकर पहले सुखा लें। इसके बाद ही आटा पिसवाना सही रहेगा। अनाज में नमी रहेगी, तो आटा सही नहीं बनेगा। आटा पिसवाने के दौरान ध्यान दें कि सभी अनाज बारीक पिस जाए, कई बार चना, जौ, बाजरा खड़े रह जाते हैं और फिर आटा गूंथते समय हाथ में आते हैं। मल्टीग्रेन आटा पिसवाने के बाद उसे एयरटाइट डिब्बे या किसी ड्रम में रख सकते हैं।

मल्टीग्रेन आटा गूंथने का तरीका

मल्टीग्रेन आटा गूंथना भी थोड़ा सा ट्रिकी होता है। गेहूं की तरह ये मुलायम नहीं होता और इसमें पानी की मात्रा भी सही रखनी होती है। आटा गूंथते समय पहले कम पानी डालें और इसे अच्छे से गूंथ लें। अगर जरूरत लगे तब पानी डालकर और गूंथें। ज्यादा पानी शुरू में डालने पर आटा गीला हो जाएगा और फिर रोटी बनाने में मुश्किल होगी। गूंथने के बाद आटे को करीब 15 मिनट तक फ्रिज में सेट होने के लिए रख दें और फिर रोटियां बनाएं।

मल्टीग्रेन आटा खाने के फायदे भी जानिए

मल्टीग्रेन आटा वैसे तो हर किसी को खाना चाहिए लेकिन खासतौर पर ये शुगर पेशेंट के लिए काफी फायदेमंद होता है। मल्टीग्रेन आटे में इस्तेमाल किए जाने वाले अलग-अलग अनाज से फाइबर, प्रोटीन, विटामिन और खनिज जैसे पोषक तत्व मिलते हैं। जौ और बाजरे से फाइबर मिलता है। चना प्रोटीन का अच्छा स्रोत है और रागी में कैल्शियम पाया जाता है। ज्वार भी फाइबर युक्त होता है। इसलिए अगर आप बैलेंस डाइट लेना पसंद करते हैं, तो मल्टीग्रेन आटा खाएं।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN