Source :- LIVE HINDUSTAN
मुख्य बातें
- SW सीमेंट के निदेशक मंडल ने शिवा सीमेंट के JSW सीमेंट में विलय समेत व्यवस्था की योजना को मंजूरी दे दी है
- इस खबर के बीच JSW सीमेंट के शेयर की बात करें तो 113 रुपये के स्तर पर ट्रेड कर रहा है
JSW Cement news: सज्जन जिंदल के नेतृत्व वाले JSW समूह की कंपनी JSW सीमेंट लिमिटेड का उसकी सूचीबद्ध सब्सिडयरी शिवा सीमेंट में विलय होगा। कंपनी ने मंगलवार देर रात शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि JSW सीमेंट के निदेशक मंडल ने शिवा सीमेंट के JSW सीमेंट में विलय समेत व्यवस्था की योजना को मंजूरी दे दी है। बता दें कि दोनों ही कंपनियां शेयर बाजार में लिस्ट हैं। इस खबर के बीच JSW सीमेंट के शेयर की बात करें तो 113 रुपये के स्तर पर ट्रेड कर रहा है। वहीं, शिवा सीमेंट के शेयर करीब 9 पर्सेंट टूटकर 14 रुपये से नीचे कारोबार कर रहा था। इंट्रा-डे के दौरान शेयर 14.50 रुपये से 13.06 रुपये के दायरे में आ गया। शिवा सीमेंट के शेयर का 52 वीक लो 12.05 रुपये और 52 वीक हाई 30.39 रुपये है।
14 महीने में मर्जर पूरा होने की उम्मीद
योजना के अनुसार, ”JSW सीमेंट, शिवा सीमेंट के शेयरधारकों को शिवा सीमेंट में रखे प्रत्येक 41 रुपये अंकित मूल्य के दो रुपये वाले शेयर के बदले 10 रुपये अंकित मूल्य वाले पांच शेयर जारी करेगी।” यह योजना शेयर बाजारों, भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी), राष्ट्रीय कंपनी विधि न्यायाधिकरण (एनसीएलटी), ओडिशा औद्योगिक बुनियादी ढांचा विकास निगम, शेयरधारकों और कर्जदाताओं समेत अन्य वैधानिक एवं नियामकीय प्राधिकरणों से आवश्यक मंजूरी मिलने के अधीन है। कंपनी ने कहा कि नियामकीय मंजूरियां समय पर मिलने की स्थिति में यह लेनदेन 12-14 महीने में पूरा होने की उम्मीद है।
JSW सीमेंट के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) निलेश नरवेकर ने कहा, ”प्रस्तावित विलय अधिक एकीकृत और स्किल कारोबार बनाने की दिशा में एक रणनीतिक कदम है। इससे परिचालन और वित्तीय तालमेल का लाभ मिलेगा, हमारी कॉरपोरेट संरचना सरल होगी। महत्वपूर्ण बात यह है कि इससे शिवा सीमेंट के सार्वजनिक शेयरधारकों को बड़ी और सूचीबद्ध कंपनी की वृद्धि में सीधे भाग लेने का अवसर मिलेगा।”
कंपनी ने बताया कि विलय के बाद संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल किया जा सकेगा और अलग-अलग स्तर पर होने वाले कामों में दोहराव कम होगा। इससे कंपनी की संचालन लागत और प्रशासनिक प्रक्रियाओं को अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिल सकती है।
शिवा सीमेंट की 66.23 प्रतिशत हिस्सेदारी
बता दें कि JSW सीमेंट ने जनवरी 2018 में शिवा सीमेंट में 37 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदी थी और इसके बाद खुली पेशकश की थी। फिलहाल उसके पास शिवा सीमेंट की 66.23 प्रतिशत हिस्सेदारी है। कंपनी की सीमेंट ग्राइंडिंग क्षमता 24.10 एमटीपीए और ‘क्लिंकर’ उत्पादन क्षमता 9.74 एमटीपीए है। ‘क्लिंकर’ सीमेंट बनाने की प्रक्रिया में तैयार होने वाला एक मुख्य मध्यवर्ती पदार्थ है। यह आमतौर पर गहरे भूरे या काले रंग के छोटे, सख्त दानों या कंकड़ों जैसा होता है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




