Home rss world hindi जिस सैनिक ने लगाई फटकार, उसी को अमेरिकी रक्षा मंत्री ने दिया...

जिस सैनिक ने लगाई फटकार, उसी को अमेरिकी रक्षा मंत्री ने दिया सम्मान; ठहाके लगाने पर सुनाया था

5
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने उस सैनिक थॉमस इग्लेसियस को मेडल देकर सम्मानित किया, जिसने वॉर मेमोरियल पर उनकी टीम को अनुशासन और शांति बनाए रखने की हिदायत दी थी। जानिए क्या है पूरा मामला और क्यों चर्चा में आया यह अमेरिकी सैनिक।

अमेरिका के रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने उस अमेरिकी सैनिक को सैन्य सम्मान से नवाजा है, जिसने वेटरन्स डे के मौके पर वॉर मेमोरियल में उन्हें और उनकी टीम को अनुशासन का पाठ पढ़ाया था। सैनिक ने हेगसेथ, उनकी पत्नी और वरिष्ठ अधिकारियों को स्मारक परिसर में शांति और सम्मान बनाए रखने की याद दिलाई थी। अब हेगसेथ ने उसी सैनिक को मेडल देकर उसकी ड्यूटी की सराहना की है।

पेंटागन की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, हेगसेथ ने गुरुवार को उस सैन्य यूनिट के सदस्यों को पेंटागन बुलाया, जो वॉर मेमोरियल की सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालती है। इस दौरान उन्होंने स्पेशलिस्ट थॉमस इग्लेसियस को ज्वाइंट सर्विस कमेंडेशन मेडल प्रदान किया।

यह सम्मान 11 नवंबर 2026 को टॉम्ब ऑफ द अननोन सोल्जर में अपनी ड्यूटी निभाने के लिए दिया गया। हेगसेथ ने समारोह की तस्वीरें सोशल मीडिया पर भी शेयर कीं। इनमें एक तस्वीर में वह इग्लेसियस को मेडल पहनाते नजर आए। उन्होंने तस्वीरों के साथ लिखा, ‘हमें सैनिकों से प्यार है। हमें अनुशासन और मानकों से प्यार है। शाबाश, स्पेशलिस्ट।’

क्या हुआ था वॉर मेमोरियल पर?

यह पूरा मामला वेटरन्स डे के कार्यक्रम के बाद सामने आया था। बुधवार को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उपराष्ट्रपति जेडी वेंस की मौजूदगी में आयोजित समारोह के बाद हेगसेथ अपनी पत्नी जेनिफर और कुछ वरिष्ठ सहयोगियों के साथ स्मारक पहुंचे थे।

इस दौरान समूह ने मकबरे के सामने खाली सीढ़ियों पर तस्वीरें खिंचवाईं। आपस में बातचीत के दौरान वे हंसी-मजाक करते हुए और जोर-जोर से ठहाके लगाते सुनाई दिए। इसी पर वहां ड्यूटी कर रहे सैनिक थॉमस इग्लेसियस ने उन्हें टोक दिया। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा था, ‘सभी आगंतुक हर समय शांति और सम्मान का माहौल बनाए रखें।’

इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद इग्लेसियस चर्चा में आ गए थे। पेंटागन के प्रवक्ता सीन पार्नेल ने भी सैनिक की कार्रवाई का समर्थन किया था। उन्होंने कहा था कि इग्लेसियस ने सभी को अनुशासन बनाए रखने की सही और सम्मानजनक तरीके से याद दिलाई थी।

जूनियर सैनिकों को आमतौर पर नहीं मिलता यह सम्मान

थॉमस इग्लेसियस को दिया गया ज्वाइंट सर्विस कमेंडेशन मेडल अमेरिकी सेना के अपेक्षाकृत उच्च सैन्य सम्मानों में गिना जाता है। यह सम्मान आमतौर पर जूनियर एनलिस्टेड सैनिकों को नहीं दिया जाता। इसी वजह से इस मामले में सैनिक को मिला सम्मान भी खास माना जा रहा है।

हेगसेथ पर महाभियोग की कोशिश भी हुई थी

वॉर मेमोरियल की घटना ऐसे समय सामने आई, जब पीट हेगसेथ को अमेरिकी प्रतिनिधि सभा में महाभियोग की कोशिश का सामना करना पड़ा था। हालांकि, इसी सप्ताह की शुरुआत में वह इस प्रयास से बच गए। रिपब्लिकन सांसद थॉमस मैसी ने डेमोक्रेटिक सांसदों के समर्थन से यह पहल की थी, लेकिन मंगलवार को हुए मतदान में प्रस्ताव खारिज हो गया।

हालांकि, डेमोक्रेट्स ने संकेत दिए हैं कि जनवरी में प्रतिनिधि सभा और सीनेट, दोनों का नियंत्रण मिलने के बाद वे हेगसेथ के खिलाफ जांच और महाभियोग की कोशिश दोबारा शुरू कर सकते हैं।

मंगलवार को पेंटागन में हुई एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में हेगसेथ ने महाभियोग की कोशिश को तमाशा बताया था। उन्होंने कहा था कि उन्होंने ऐसा कोई गंभीर अपराध नहीं किया है, जिसके आधार पर संविधान के तहत उन्हें पद से हटाया जा सके। उन्होंने इस कोशिश को देशभक्ति नहीं, बल्कि तोड़फोड़ करार दिया था।

हेगसेथ को ईरान युद्ध से निपटने के तरीके, लैटिन अमेरिकी जलक्षेत्र में संदिग्ध ड्रग तस्करी वाले जहाजों पर अमेरिकी सैन्य हमलों और वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों को पद से हटाने के फैसलों को लेकर भी आलोचनाओं का सामना करना पड़ा है।

1948 से लगातार पहरे में है टॉम्ब ऑफ द अननोन सोल्जर

अमेरिका का टॉम्ब ऑफ द अननोन सोल्जर देश के सबसे सम्मानित युद्ध स्मारकों में से एक है। यहां उन अमेरिकी सैनिकों के पार्थिव अवशेष रखे गए हैं, जिनकी पहचान नहीं हो सकी थी। इनमें प्रथम विश्व युद्ध, द्वितीय विश्व युद्ध और कोरियाई युद्ध में जान गंवाने वाले सैनिक शामिल हैं।

इस स्मारक की सुरक्षा 1948 से लगातार की जा रही है। अमेरिकी सेना की थर्ड इन्फैंट्री रेजिमेंट, जिसे ‘द ओल्ड गार्ड’ के नाम से जाना जाता है, के जवान यहां पहरा देते हैं। मौसम चाहे जैसा भी हो, सैनिकों की निगरानी लगातार जारी रहती है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN