Home rss entertainment hindi मनोरंजन समाचार जीतेंद्र कुमार के फैंस की बल्ले-बल्ले! 3 दिसंबर को आएगा ‘पंचायत 5’,...

जीतेंद्र कुमार के फैंस की बल्ले-बल्ले! 3 दिसंबर को आएगा ‘पंचायत 5’, अगले दिन रिलीज होगी ये साइकोलॉजिकल थ्रिलर

5
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

https://www.livehindustan.com/lh-img/smart/img/2026/11/25/1200x900/jitendra_1795604803735_v3b1_1795604808982_9hls_a6ac5ebd-64c4-47b4-badc-677235047c8a_3yR0.png

जितेंद्र कुमार OTT पर धमाका करने जा रहे हैं। 3 दिसंबर को उनकी सीरीज ‘पंचायत’ का पांचवां सीजन आ रहा है और 4 दिसंबर को उनकी साइकोलॉजिकल थ्रिलर फिल्म रिलीज हो रही है।

‘पंचायत’ में सचिव जी बनकर लोगों का दिल जीतने वाले जितेंद्र कुमार एक बार फिर दर्शकों का मनोरंजन करने के लिए तैयार हैं। दिसंबर में उनकी एक सीरीज और एक फिल्म ओटीटी पर रिलीज होने वाली है। इनमें से सीरीज दर्शकों की पसंदीदा ‘पंचायत’ है, जिसका पांचवां सीजन 3 दिसंबर को स्ट्रीम होगा। वहीं, उनकी फिल्म अगले दिन यानी 4 दिसंबर को रिलीज होने वाली है। आइए जानते हैं जितेंद्र कुमार के इन दोनों प्रोजेक्ट्स के बारे में।

पंचायत सीजन 5: 3 दिसंबर को लौटेंगे सचिव जी

जितेंद्र कुमार की पहली रिलीज ‘पंचायत सीजन 5’ है, जो 3 दिसंबर 2026 को अमेजन प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम होगी। दीपक कुमार मिश्रा के निर्देशन में बनी इस सीरीज की कहानी वहीं से आगे बढ़ेगी, जहां चौथे सीजन का अंत हुआ था।

ये भी पढ़ें: ये हो सकती है पंचायत 5 की कहानी, नीना गुप्ता ने कही थी स्क्रिप्ट लीक होने की बात

पंचायत सीजन 4 का एंड कहां हुआ था?

दरअसल, चौथे सीजन में गांव की राजनीति में बड़ा उलटफेर देखने को मिला था। क्रांति देवी (सुनीता राजवर) ने चुनाव में मंजू देवी (नीना गुप्ता) को हरा दिया था। इसके बाद बनराकस यानी भूषण (दुर्गेश कुमार) की गांव की राजनीति में पकड़ भी मजबूत हो गई थी। अब नई प्रधान के आने के बाद पंचायत कार्यालय में क्या-क्या बदलाव होंगे और सचिव जी को किन नई मुश्किलों का सामना करना पड़ेगा, यह पांचवें सीजन में देखने को मिलेगा।

वहीं, अभिषेक त्रिपाठी यानी सचिव जी का MBA में दाखिला लेने का सपना भी अब तक अधूरा है। ऐसे में नए सीजन में फुलेरा की बदलती राजनीति के बीच अभिषेक की जिंदगी में आगे क्या होगा, यह भी देखने को मिलेगा। सीरीज में रघुबीर यादव, फैसल मलिक, चंदन रॉय, संविका, अशोक पाठक समेत पुराने कलाकार अपने किरदारों में लौटेंगे।

4 दिसंबर को साइकोलॉजिकल थ्रिलर में दिखेंगे जितेंद्र

‘पंचायत 5’ के ठीक एक दिन बाद यानी 4 दिसंबर को जितेंद्र कुमार की फिल्म ‘डालिम्ब’ जी5 पर रिलीज होगी। 25 नवंबर को फिल्म का ट्रेलर जारी किया गया है। इसी के साथ फिल्म की रिलीज डेट का भी ऐलान हुआ।

डर का अनुभव करना है? ये 5 साइकोलॉजिकल थ्रिलर फिल्में देख डालिए, फिर आस-पास के लोगों पर भी नहीं कर पाएंगे भरोसा

किसने बनाई है फिल्म डालिम्ब?

‘डालिम्ब’ से प्रिया एवेन बतौर निर्देशक अपनी शुरुआत कर रही हैं। यह एक साइकोलॉजिकल थ्रिलर है, जिसमें भारतीय लोककथाओं का भी इस्तेमाल किया गया है। फिल्म में जितेंद्र कुमार सूरज नाम के किरदार में नजर आएंगे, जो अपने बेटे आदि के साथ मुंबई की एक बड़ी रिहायशी इमारत में रहने आते हैं। हालांकि, कुछ समय बाद उनका बेटा अचानक लापता हो जाता है। बेटे की तलाश में जुटे सूरज के साथ कई ऐसी घटनाएं होती हैं, जो कहानी को रहस्य और डर के माहौल में ले जाती हैं।

फिल्म में पुलिस अधिकारी निमिषा (प्रिया बापट) इस मामले की जांच कर रही हैं। इसी बीच एक मानसिक स्वास्थ्य केंद्र से एक व्यक्ति के भागने की खबर भी सामने आती है। बेटे की तलाश में जुटे सूरज के सामने क्या सच आएगा, यही फिल्म की कहानी का अहम हिस्सा है। फिल्म में क्षितिश दाते, कविन दवे और हरीश कुलकर्णी भी नजर आएंगे।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN