Home LIFESTYLE NEWS HINDI डिलीवरी के बाद क्यों हो जाती हैं चेहरे पर झाइयां? आयुर्वेदिक डॉक्टर...

डिलीवरी के बाद क्यों हो जाती हैं चेहरे पर झाइयां? आयुर्वेदिक डॉक्टर ने बताया कैसे करें ठीक

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

बेबी की डिलीवरी के बार कई बार महिलाओं के चेहरे पर झाइयां हो जाती हैं। इसके लिए सिर्फ बाहर से क्रीम या सिरम लगा लेना काफी नहीं है, बल्कि अंदर से काम करना जरूरी है। आयुर्वेदिक डॉक्टर ने इससे जुड़े टिप्स साझा किए हैं।

प्रेगनेंसी के बाद महिलाओं के शरीर में कई तरह के बदलाव आते हैं। ये बदलाव उनकी स्किन और बालों पर भी देखने को मिलते हैं। कई महिलाओं के चेहरे पर डिलीवरी के बाद झाइयां, पिगमेंटेशन या डार्क पैचेज होने लगते हैं। आयुर्वेदिक एक्सपर्ट डॉ. सुगंधा के अनुसार डिलीवरी के बाद कई हार्मोनल बदलाव होते हैं, इसके अलावा कमजोरी, शरीर में पोषक तत्वों की कमी के वजह से स्किन से जुड़ी प्रॉब्लम हो जाती है। लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि इस समस्या को खत्म नहीं किया जा सकता। अगर कुछ बातों का ध्यान रखा जाए तो डिलीवरी के बाद होने वाली झाइयों और पिगमेंटेशन से जुड़ी समस्या से निजात मिल सकती है। अगर डिलीवरी के बाद आपको भी झाइयों की समस्या हो रही है, तो एक बार ये बातें जरूर चेक करें।

आयरन और विटामिन बी12 की कमी चेक करें

डिलीवरी के बाद अपनी न्यूट्रिशनल हेल्थ पर ध्यान देना बहुत जरूरी है। प्रेगनेंसी के दौरान महिलाएं आमतौर पर अपने सप्लीमेंट्स को लेकर अलर्ट रहती हैं, लेकिन डिलीवरी के बाद कई बार इन्हें लेना बंद कर देती हैं। ऐसे में शरीर में कुछ जरूरी पोषक तत्वों की कमी हो सकती है। डॉ. सुगंधा के अनुसार, झाइयों और पिगमेंटेशन की समस्या होने पर सबसे पहले आयरन और विटामिन बी12 की डिफिशिएंसी चेक करनी चाहिए। अगर जांच में इनकी कमी सामने आती है तो उसे पूरा करने पर ध्यान देना चाहिए।

डिलीवरी के बाद डाइजेशन का भी रखें ध्यान

डिलीवरी के बाद शरीर में कई बदलाव होते हैं और इस दौरान डाइजेशन भी कमजोर महसूस हो सकता है। डॉ सुगंधा के अनुसार, डाइजेशन से जुड़ी प्रॉब्लम को दूर करने के लिए त्रिफला ले सकते हैं। इसका चूर्ण दूध, पानी या घी के साथ लिया जा सकता है।

हार्मोनल बदलाव पर भी दें ध्यान

डिलीवरी के बाद होने वाले हार्मोनल चेंज भी चेहरे पर दिखाई देने वाली झाइयों और पिगमेंटेशन का कारण हो सकते हैं। डॉ. सुगंधा सलाह देती हैं कि इसके लिए आप शतावरी चूर्ण का इस्तेमाल कर सकती हैं। रोजाना एक चम्मच शतावरी पाउडर को पानी या दूध के साथ लेना फायदेमंद हो सकता है।

मुलेठी और कच्चे दूध का फेस पैक

झाइयों और पिगमेंटेशन के लिए डॉ. सुगंधा ने मुलेठी और कच्चे दूध से बना फेस पैक लगाने का भी सुझाव दिया है। डॉक्टर कहती हैं कि मुलेठी और कच्चे दूध को मिलाकर एक फेस पैक तैयार करें और इसे रोजाना रात में अपने चेहरे पर लगा ले। कोशिश करें कि फेस पैक सूखने से पहले ही इसे हटा दें। इससे स्किन पर हुई झाइयों और पिगमेंटेशन से राहत मिलेगी।

डिलीवरी के बाद नींद को ना करें नजरअंदाज

नई मां बनने के बाद बच्चे की देखभाल में पूरा दिन निकल जाता है और नींद पूरी करना मुश्किल हो जाता है। लेकिन इस दौरान अपनी नींद का भी ध्यान रखना जरूरी है। डॉ. सुगंधा कहती हैं कि डिलीवरी के बाद प्रॉपर नींद लेना बहुत जरूरी है। कोशिश करें कि जब भी आराम करने का मौका मिले, शरीर को पर्याप्त आराम दें। डिलीवरी के बाद खुद की देखभाल करना भी उतना ही जरूरी है जितना बच्चे की देखभाल करना।

नोट: यह लेख केवल सामान्य जानकारी के उद्देश्य से लिखा गया है। इसे किसी भी तरह से पेशेवर मेडिकल सलाह का विकल्प न मानें। किसी भी स्वास्थ्य समस्या या मेडिकल कंडीशन से जुड़े सवालों के लिए हमेशा अपने डॉक्टर की सलाह जरूर लें।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN