Home National news hindi तमिलनाडु दीपक विवाद : सुप्रीम कोर्ट ने तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर दीप जलाने...

तमिलनाडु दीपक विवाद : सुप्रीम कोर्ट ने तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर दीप जलाने का दिया आदेश, मंदिर की सुरक्षा का ज़िम्मा सीआरपीएफ़ को

5
0

Source :- BBC INDIA

सुप्रीम कोर्ट ने कार्तिगई दीपम दिवस (24 नवंबर) पर तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी की चोटी पर स्थित पत्थर के स्तंभ पर एक बार दीपक जलाने की अनुमति दी लेकिन इस पर अमल नहीं हुआ

पढ़ने का समय: 7 मिनट

सुप्रीम कोर्ट ने तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी की चोटी पर 28 नवंबर को दीप जलाने के आदेश दिए हैं.

इस काम को सुनिश्चित करने के लिए सुप्रीम कोर्ट ने रिटायर्ड जजों को रिसीवर नियुक्त करते हुए तिरुपरनकुंद्रम मंदिर के ट्रस्टियों के बोर्ड को निलंबित कर दिया है.

सुप्रीम कोर्ट ने कार्तिगई दीपम दिवस (24 नवंबर) पर तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी की चोटी पर स्थित पत्थर के स्तंभ पर एक बार दीपक जलाने की अनुमति दी थी, लेकिन उस दिन हमेशा की तरह उचिपिल्लैयार मंदिर के पास स्थित दीपम मंडपम में ही दीपक जलाया गया.

इस संबंध में मदुरै के ज़िलाधिकारी सहित अधिकारियों के ख़िलाफ़ अदालत की अवमानना के मामले सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के लिए आए.

भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण की दलील

बुधवार को मदुरै में तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर स्थित सुब्रमण्य स्वामी मंदिर और उसके ऊपर बने उचिपिल्लैयार दीप मंडपम की तस्वीर, जहां कार्तिगई दीपम जलाया गया. सुप्रीम कोर्ट ने अधिकारियों को विवादित 'दीपथून' (पत्थर के स्तंभ) पर एक बार अंतरिम तौर पर कार्तिगई दीपम जलाने का निर्देश दिया था

सुप्रीम कोर्ट में भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (आर्कियोलॉजिकल सर्वे ऑफ़ इंडिया-एएसआई) की ओर से पेश वकील ने दलील दी कि तमिलनाडु पुलिस ने उसके अधिकारियों को तिरुपरनकुंद्रम स्थित दीपथून का निरीक्षण करने से रोक दिया.

एएसआई ने बताया कि उसके अधिकारी, 24 नवंबर को दोपहर करीब 3:15 बजे परिसर पहुंचे थे, लेकिन वहां ड्यूटी पर तैनात वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने उन्हें आगे जाने की अनुमति नहीं दी.

एएसआई ने आरोप लगाया कि मद्रास हाई कोर्ट के आदेश के बावजूद उसे दीपथून का निरीक्षण करने से रोका गया.

उसने तिरुपरनकुंद्रम मामले में तमिलनाडु सरकार की इस कार्रवाई को प्रशासनिक अधिकारों का अतिक्रमण बताया.

एएसआई ने सुप्रीम कोर्ट से आग्रह किया कि उसके आदेश को लागू करने में विफल रहे अधिकारियों के ख़िलाफ़ आपराधिक कार्यवाही शुरू की जाए.

साथ ही, अदालत की निगरानी में तमिलनाडु सरकार की ओर से आदेश का पालन सुनिश्चित करने के लिए एक निगरानी समिति गठित की जाए.

एएसआई ने साफ़ तौर पर मांग की कि तमिलनाडु पुलिस इस मामले के किसी भी पहलू में हस्तक्षेप न करे, जिसमें सुरक्षा व्यवस्था भी शामिल है.

उसने यह भी मांग की कि सभी गतिविधियों की निगरानी के लिए एक बाहरी टीम तैनात की जाए.

सुप्रीम कोर्ट ने कहा, ‘बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज़ ने आदेश का उल्लंघन किया’

सुप्रीम कोर्ट ने अपने आदेश में यह भी कहा कि न्यासियों ने अधिकारियों की मदद से अदालत के आदेश का गंभीर उल्लंघन किया है

लाइव लॉ की एक रिपोर्ट के मुताबिक, सुप्रीम कोर्ट ने तिरुपरनकुंद्रम दीपम विवाद में अदालत के आदेश का पालन नहीं करने के बोर्ड ऑफ़ ट्रस्टीज के स्पष्ट फैसले की कड़ी निंदा की है.

सुप्रीम कोर्ट ने अपने आदेश में यह भी कहा कि न्यासियों ने अधिकारियों की मदद से अदालत के आदेश का गंभीर उल्लंघन किया है.

न्यायाधीशों ने बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज के इस फ़ैसले पर भी असंतोष जताया कि दीपक हमेशा की तरह उचिपिल्लैयार मंदिर के हॉल में ही जलाया जाए.

अदालत के मुताबिक़, यह फैसला उसके आदेश का जानबूझकर पालन नहीं करने की मंशा को जाहिर करता है.

न्यायाधीशों ने कहा कि न्यासियों का यह प्रस्ताव स्पष्ट रूप से सुप्रीम कोर्ट के आदेश और हाई कोर्ट में दिए गए आश्वासन को कमतर दिखाने की कोशिश है.

न्यायाधीशों ने न्यासियों के बोर्ड के इस बयान पर भी हैरानी जताई कि वे अदालत को बताएंगे कि मंदिर की विरासत क्या है. न्यायाधीशों ने अपने आदेश में कहा कि इस बयान के ज़रिए अनावश्यक रूप से सुप्रीम कोर्ट पर मंदिर की विरासत को न समझने का आरोप लगाया गया है

मुख्य सचिव समेत 13 लोगों को पेश होने का आदेश

सुप्रीम कोर्ट ने तमिलनाडु के मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक, हिंदू धार्मिक एवं धर्मार्थ बंदोबस्ती विभाग के आयुक्त, मदुरै के ज़िलाधिकारी, मदुरै के पुलिस आयुक्त, पुलिस उपायुक्त, मदुरै के पुलिस अधीक्षक, सुब्रमण्य स्वामी मंदिर के कार्यकारी अधिकारी, बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज और ट्रस्टियों को नोटिस जारी किया है.

अदालत ने इन सभी से पूछा है कि उनके खिलाफ अदालत की अवमानना की कार्रवाई क्यों न की जाए.

संबंधित लोगों को नोटिस जारी होने की तारीख से 10 दिनों के भीतर हलफनामा दाखिल करना होगा.

इसके अलावा, सुप्रीम कोर्ट ने आदेश दिया है कि अगली सुनवाई के दौरान इन सभी को व्यक्तिगत रूप से अदालत में पेश होना होगा.

सुप्रीम कोर्ट ने यह भी कहा कि मंदिर प्रशासन पूरी तरह विफल रहा है, इसलिए बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाता है.

पहाड़ी की चोटी पर दीपक जलाने का आदेश

सुप्रीम कोर्ट ने अपने आदेश को सुनिश्चित करने के लिए हाई कोर्ट के सेवानिवृत्त जजों एस. वैद्यनाथन और वी. पार्थिबन की अध्यक्षता में एक समिति गठित की है

सुप्रीम कोर्ट ने आदेश दिया है कि 28 नवंबर को तिरुपरनकुंद्रम स्थित दीपथून पर जो दीपक जलाया जाएगा, उसकी लौ का इस्तेमाल उचिपिल्लैयार मंदिर के पास स्थित दीपम मंडपम में दीपक जलाने के लिए किया जाए.

श्रद्धालुओं को यहां से 50 मीटर से अधिक दूरी पर भी दीपक जलाने की अनुमति दी गई है.

इस आदेश का पालन सुनिश्चित करने के लिए न्यायाधीशों ने हाई कोर्ट के सेवानिवृत्त जजों एस. वैद्यनाथन और वी. पार्थिबन की अध्यक्षता में एक समिति गठित की है.

सुप्रीम कोर्ट ने मंदिर की सुरक्षा करने की ज़िम्मेदारी सीआरपीएफ को सौंपी है.

इसके साथ ही सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले की अगली सुनवाई 15 दिसंबर को तय की है.

दीप जलाने की जगह को लेकर क्या है विवाद?

कार्तिगई दीपम तमिलनाडु का एक प्रमुख हिंदू त्योहार है. इस दौरान मंदिरों और धार्मिक स्थलों पर दीप जलाए जाते हैं.

लेकिन कुछ हिंदू संगठनों और श्रद्धालुओं की मांग है कि पहाड़ी के ऊपरी हिस्से में स्थित एक पत्थर के स्तंभ पर भी दीप जलाया जाए. इसे वे ‘दीपथून’ यानी दीप जलाने वाला स्तंभ बताते हैं.

तमिलनाडु सरकार के हिंदू धार्मिक एवं धर्मार्थ बंदोबस्ती विभाग ने सुप्रीम कोर्ट में दाख़िल हलफ़नामे में इस मांग का विरोध किया. विभाग का कहना है कि 150 साल से ज़्यादा समय से दीप जलाने की परंपरा दीप मंडपम में रही है. स्तंभ पर दीप जलाने की कोई स्थापित परंपरा नहीं है.

हलफ़नामे में 1862 और 1912 में पहाड़ी की चोटी के पास दीप जलाने की कोशिशों का भी उल्लेख किया गया है.

सरकार ने यह आशंका भी जताई कि पत्थर के स्तंभ पर दीप जलाने से वहां पहले से चली आ रही व्यवस्था प्रभावित हो सकती है और क़ानून-व्यवस्था की समस्या पैदा हो सकती है

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट… सब एक जगह

कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.

SOURCE : BBC NEWS