Source :- LIVE HINDUSTAN
अमेरिकी सीनेटर ने कहा कि भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है। उन्होंने भारत और अमेरिका के मजबूत रिश्तों पर भी जोर दिया और व्यापार समझौते को जल्द से जल्द फाइनल करने की अपील की।
भारत की तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था का डंका इस समय पूरी दुनिया में बज रहा है। इस बीच अमेरिका के एक वरिष्ठ रिपब्लिकन सीनेटर स्टीव डेन्स ने भारत की जमकर तारीफ की। उन्होंने एक दिलचस्प अंदाज में तारीफ करते हुए कहा कि अगर दुनिया के देश स्टॉक मार्केट में लिस्टेड होते, तो वे इसी वक्त भारत के शेयर खरीदते। यानी ट्रंप के सांसद को यकीन है कि भारत आने वाले दिनों में बड़ा रिटर्न दे सकता है।
एनडीटीवी को दिए एक एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में सीनेटर डेन्स ने शेयर बाजार की भाषा में भारत की तारीफ करते हुए कहा, “अगर दुनिया के देश स्टॉक होते तो मैं इसी वक्त सिर्फ भारत को खरीद लेता।” उन्होंने भारत की जीडीपी ग्रोथ और अमेरिका के साथ मजबूत होती साझेदारी पर भी जोर दिया।
जमकर की तारीफ
बता दें कि सीनेटर स्टीव डेन् को हाल ही में ‘यूएस-इंडिया स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप फोरम’ 2026 में पब्लिक सर्विस अवार्ड से नवाजा गया है। उन्होंने भारत की आर्थिक तरक्की का उदाहरण देते हुए कहा, “अगर आप जीडीपी के मामले में दुनिया की टॉप 20 अर्थव्यवस्थाओं को देखें, तो भारत फिलहाल पांचवें नंबर पर है और बहुत जल्द चौथे स्थान पर पहुंचने वाला है।” उन्होंने कहा, “सबसे बड़ी बात यह है कि इन टॉप 20 देशों में भारत की जीडीपी ग्रोथ रेट सबसे ज्यादा है। यह रफ्तार न सिर्फ इस साल है, बल्कि अगले साल के लिए भी भारत की ग्रोथ रेट सबसे ज्यादा प्रोजेक्ट की गई है। साफ है कि भारत लगातार ऊंचाइयों को छू रहा है।”
अमेरिकी सीनेटर ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच की साझेदारी की भी तारीफ की और भारत को अमेरिका का सबसे भरोसेमंद साथी बताया। उन्होंने कहा, “भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है और अमेरिका का एक बेहद भरोसेमंद साथी है। किसी भी रिश्ते में भरोसा सबसे बड़ा होता है। अमेरिकी कंपनियां अब भारत में बड़े पैमाने पर निवेश बढ़ा रही हैं।”
H-1B वीजा पर बड़ी बात
अमेरिकी सांसद ने H-1B वीजा पर भी एक राहत देने वाली बात कही है। उन्होंने इंटरव्यू के दौरान कहा, “मैं भारत जैसे भरोसेमंद सहयोगियों के बीच से वीजा और आने-जाने को लेकर तमाम बाधाओं को पूरी तरह खत्म या बेहद कम होते देखना चाहता हूं। हमें अमेरिका में और ज्यादा भारतीय छात्रों और कुशल कामगारों की जरूरत है, क्योंकि ह्यूमन कैपिटल सबसे अहम होता है।” उन्होंने भारतीय-अमेरिकी समुदाय को अमेरिका की सबसे बड़ी संपत्तियों में से एक बताते हुए कहा कि अमेरिका के कुछ सबसे बेहतरीन डॉक्टर और रिसर्च साइंटिस्ट भारत से ही आते हैं।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




