Home LIFESTYLE NEWS HINDI त्योहार की शान बनेगी सॉफ्ट अंगूरी रसमलाई की रेसिपी, एक बार खाएंगे...

त्योहार की शान बनेगी सॉफ्ट अंगूरी रसमलाई की रेसिपी, एक बार खाएंगे तो बार-बार बनाएंगे ये ठंडी मिठाई

5
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

त्योहारों के खास मौकों पर भारतीय घरों में कई तरह की टेस्टी मिठाइयां खाई जाती हैं। अगर आप इन मिठाइयों को घर पर बना सकते हैं। यहां सीखिए सॉफ्ट अंगूरी रसमलाई बनाने का तरीका। 

त्योहारों का सीजन आ गया है और फेस्टिव सीजन आते ही बाजार में मिठाइयों की दुकानें सज जाती हैं और तरह-तरह की मिठाइयों की वैरायटी नजर आने लगती है। लेकिन त्योहारों पर अक्सर ऐसी खबरें सामने आती हैं जिनमें मिठाइयों में इस्तेमाल होने वाली चीजों को नकली या फिर मिलावटी पाया जाता है। ऐसे में सबसे अच्छा है कि आप घर पर ही मिठाई बनाकर तैयार करें। यहां हम अंगूरी रसमलाई बनाने का तरीका बता रहे हैं। यहां बताए तरीके से अंगूरी रसमलाई काफी सॉफ्ट और टेस्टी बनेंगी। दिवाली या फिर करवाचौथ पर आप इस ठंडी-ठंडी मिठाई को बनाकर सर्व कर सकती हैं। सीखिए इसे कैसे बना सकते हैं।

सॉफ्ट अंगूरी रसमलाई बनाने की सामग्री

छेना बॉल्स के लिए-

-1 लीटर फुल-फैट दूध

-2–3 बड़े चम्मच नींबू का रस (पानी में मिला हुआ)

-2 छोटे चम्मच मैदा

-1 कप चीनी

-4 कप पानी

केसर वाले दूध (रबड़ी) के लिए-

-500 मिली फुल-फैट दूध

-3–4 बड़े चम्मच चीनी (स्वादानुसार कम-ज्यादा कर सकते हैं)

-एक चुटकी केसर

-1/4 छोटा चम्मच इलायची पाउडर

-कटे हुए पिस्ते और बादाम

सॉफ्ट अंगूरी रसमलाई बनाने की विधि

  • छेना बनाएं- सॉफ्ट अंगूरी रसमलाई बनाने के लिए आपको सबसे पहले छेना तैयार करना होगा। इसके लिए दूध को उबाल लें और फिर गैस बंद कर दें। जब दूध उबल जाए तो इसमें थोड़ा-थोड़ा करके नींबू का रस डालें। बस नींबू डालने से पहले इसमें पानी को मिलाएं। इस रस को तब तक डालें जब तक कि दूध फट न जाए। जब दूध फट जाए तो इसे एक मलमल के कपड़े से छान लें और ठंडे पानी से धो लें।
  • छोटे-छोटे बॉल्स बनाएं- पानी से अच्छी तरह से धोने के बाद छेने को पूरी तरह से छनने दें और जब सारा पानी निकल जाए तो छेने को एक प्लेट में निकाल लें। अब इसे तब तक गूंथें जब तक कि यह एकदम चिकना न हो जाए। अब इसमें मैदा मिला लें। मैदा के साथ अच्छी तरह से मिक्स करने के बाद इसे हथेली से खूब मथे। फिर चिकने आटे से इसके छोटे-छोटे बॉल्स बना लें, ध्यान रहे कि उनमें कोई दरार न हो।
  • बॉल्स को पकाएं- अब बॉल्स को पकाने के लिए एक चौड़े बर्तन में चीनी और पानी डालकर उबालें। फिर इसमें तैयार किए गए गोले डालें, बर्तन को ढक दें और 12–15 मिनट तक पकाएं, जब तक कि वे फूल न जाएं। इन्हें थोड़ा ठंडा होने दें, फिर हल्के हाथों से दबाकर थोड़ा चाशनी निकाल दें।
  • केसर दूध- अब दूध को धीमी आंच पर तब तक पकाएं जब तक कि वह थोड़ा गाढ़ा न हो जाए। इसमें केसर, चीनी और इलायची पाउडर मिलाएं। इसे पूरी तरह से ठंडा होने दें। फिर रसमलाई के गोलों को ठंडे केसर वाले दूध में डालें, कटे हुए मेवों से सजाएं और परोसने से पहले कम से कम 3–4 घंटे के लिए फ्रिज में रख दें।

प्रो टिप: नरम और स्पंजी रसमलाई बनाने के लिए छेने को बहुत अच्छे से गूंथें। साथ ही, ध्यान रखें कि छेना बॉल्स डालने से पहले चीनी की चाशनी में अच्छे से उबलें और चाशनी सही तरह से बनाएं।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN