Home rss business hindi दिल्ली में शराब की ऑनलाइन बुकिंग शुरू, होम डिलीवरी की सुविधा नहीं-...

दिल्ली में शराब की ऑनलाइन बुकिंग शुरू, होम डिलीवरी की सुविधा नहीं- 48 घंटे के अंदर ठेके से खुद लेनी होंगी बोतलें

4
0

Source :- KHABAR INDIA TV

दिल्ली में शराब की ऑनलाइन बुकिंग शुरू हो गई है। लेकिन, ग्राहकों को अभी होम डिलीवरी की सुविधा नहीं मिल पाएगी। दिल्ली सरकार के दिल्ली राज्य औद्योगिक एवं अवसंरचना विकास निगम (DSIIDC) ने एक मोबाइल ऐप डेवलप किया है। इस मोबाइल ऐप के जरिए अब रिटेल दुकानों से शराब की एडवांस ऑनलाइन बुकिंग की जा सकती है। अधिकारियों ने मंगलवार को ये जानकारी दी।

‘Delhi Liquor Booking’ से बुक की जा सकती है शराब

अधिकारियों ने बताया कि शराब की होम डिलीवरी नहीं होगी। ग्राहकों को ऑनलाइन बुक की गई और भुगतान की गई शराब की बोतलें 48 घंटे के अंदर खुद जाकर लेनी होंगी। दिल्ली में शराब की एडवांस बुकिंग ‘Delhi Liquor Booking’ ऐप के जरिए की जा सकती है। 

बिका हुआ माल वापस नहीं होगा

अधिकारियों के मुताबिक, बेची गई या ले जाई जा चुकी शराब को वापस करने का कोई प्रावधान नहीं है। हालांकि, दुकान से शराब की बोतल लेने से पहले बुक किए गए ऑर्डर को कैंसिल किया जा सकता है।

एक व्यक्ति बुक कर सकता है अधिकतम 9 लीटर व्हिस्की और 18 लीटर बीयर

अधिकारियों ने बताया कि अभी तक ऑनलाइन शराब बुकिंग को लेकर लोगों का रिस्पॉन्स बहुत अच्छा नहीं रहा है। आगे इसे और बढ़ाया जाएगा या नहीं, ये ग्राहकों के रिस्पॉन्स पर निर्भर करेगा। ऐप का इस्तेमाल करके शराब बुक करने के लिए व्यक्ति की उम्र कम से कम 25 साल होनी चाहिए। आबकारी नियमों के अनुसार, एक व्यक्ति अधिकतम 9 लीटर व्हिस्की और 18 लीटर बीयर बुक कर सकता है।

सिर्फ DSIIDC द्वारा चलाई जाने वाली दुकानों के लिए होगी बुकिंग

दिल्ली में 4 सरकारी निगम हैं, जिन्हें 700 से ज्यादा दुकानों के जरिए शराब बेचने की अनुमति है। DSIIDC उन 4 सरकारी निगमों में से एक है, जो राजधानी दिल्ली में शराब की रिटेल बिक्री संभालते हैं। DSIIDC दिल्ली में लगभग 208 शराब के खुदरा दुकानें चलाता है। Delhi Liquor Booking मोबाइल ऐप के जरिए बुक की गई शराब सिर्फ DSIIDC द्वारा चलाई जाने वाली शराब की दुकानों से ही प्राप्त की जा सकती है।

दुकानों पर लगने वाली भीड़ और इंतजार के समय को कम करना उद्देश्य

मोबाइल ऐप पर ग्राहक उपलब्ध ब्रांड देख सकते हैं, अपनी नजदीकी DSIIDC की कोई दुकान चुन सकते हैं और बोतलों का साइज और मात्रा तय कर सकते हैं। अधिकारियों के अनुसार, ऑनलाइन बुकिंग का उद्देश्य दुकानों पर लगने वाली भीड़ और इंतजार के समय को कम करना है। इससे पेमेंट काउंटर पर दबाव कम होगा, कीमतों और बिलिंग में पारदर्शिता आएगी और ग्राहकों को कई विकल्पों में से अपनी पसंद की शराब चुनने का मौका मिलेगा।

दुकानों पर QR कोड स्कैन करने के बाद मिलेगी शराब

मोबाइल ऐप पर ऑनलाइन बुकिंग और पेमेंट करने के बाद, ग्राहकों को एक QR कोड मिलता है। दुकान पर जाकर इस QR कोड को स्कैन करके वे अपनी शराब ले सकते हैं।

ये भी पढ़ें

चक्रवात अर्नब की वजह से रेल यात्रियों को झटका, 26 ट्रेनें रद्द, कई ट्रेनों के संचालन में किया गया बदलाव

SOURCE : KHABAR INDIA TV