Home LIFESTYLE NEWS HINDI दुबले-पतले बच्चे का तेजी से बढ़ेगा वजन? मां रोज खिलाएं घर का...

दुबले-पतले बच्चे का तेजी से बढ़ेगा वजन? मां रोज खिलाएं घर का बना ये पौष्टिक लड्डू

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

आजकल के बच्चे चटर-पटर खाना खूब पसंद करते हैं लेकिन घर का बना खाना खाने में हजार नखरे करते हैं। अगर आपका बच्चा भी खाने में आना-कानी करता है और दुबला-पतला है, तो उसे रोजाना एक पौष्टिक लड्डू बनाकर खिलाएं। इससे पेट भी भरेगा और पोषक तत्वों की कमी भी पूरी होगी।

कई बच्चे जन्म के समय से ही कम वजन और दुबले-पतले होते हैं और फिर उनका शरीर वैसी ही बनावट को पकड़ लेता है। आजकल के बच्चे खाना खाने में भी हजार नखरे करते हैं, ऐसे में हर मां इस चिंता में रहती है कि बच्चे का वजन कैसे बढ़ेगा और इसे पौष्टिक चीजें कैसी मिलेंगी। हेल्थ एक्सपर्ट्स के मुताबिक, बच्चे के दिमाग और शरीर की ग्रोथ 1-5 साल के बीच काफी अहम मानी जाती है। इन सालों में अगर आप बच्चे को हेल्दी और पौष्टिक चीजें नहीं खिलाते हैं, तो उसके शरीर में कई जरूरी पोषक तत्वों की कमी हो सकती है। साथ ही उसका शरीर हमेशा दुबला-पतला ही बना रहेगा। ऐसा भी नहीं है कि बच्चे को खिला-खिलाकर मोटा कर दीजिए लेकिन बच्चे को हेल्दी और एक्टिव बनाने के लिए कुछ चीजों को जरूर खिलाएं। यूट्यूब कंटेंट क्रिएटर पूनम देवनानी ने बच्चे का वजन बढ़ाने के लिए पौष्टिक लड्डू खिलाने की सलाह दी है। उनका कहना है कि बच्चे अलग-अलग कई सारी चीजें नहीं खाते हैं, तो आप उसे एक लड्डू में ही सभी हेल्दी चीजें दें। उन्होंने इसे बनाने का तरीका भी बताया है, जो काफी सरल है।

क्या-क्या चाहिए

गेहूं का आटा- 1.5 कप

अंजीर (सूखे अंजीर)- 10 पीस

खुबानी (सूखी खुबानी)- 10 पीस

ममरा बादाम- 30-35 पीस

छुहारा (सूखे खजूर)- 8-9 पीस

घी- 1/4 कप + 1/4 कप

किशमिश- 1/2 कप

भिगोकर रखें अंजीर-खुबानी

सबसे पहले तो अंजीर और खुबानी को कई पानी से अच्छे से साफ कर लें। इससे इनमें जमा गंदगी साफ हो जाएगी। फिर पीने वाले साफ पानी में इन्हें भिगोकर रख दें, कम से कम 2-3 घंटे या पूरी रात भी भिगोकर रख सकते हैं। इससे ये आसानी से फूल जाएंगे। फूल जाने के बाद दोनों को एक साथ मिक्सी में पीसकर गाढ़ा पेस्ट तैयार करना है।

बादाम-छुआरे का पाउडर

अब आपको बताई गई क्वांटिटी के हिसाब से बादाम और छुहारे लेने हैं। बादाम को अच्छे से धोकर सूखने के लिए रख दें। छुहारा काट लें और बीज अलग करें। अब दोनों को अलग-अलग मिक्सर में ग्राइंड कर पाउडर बना लें। इन दोनों का पाउडर हल्का महीन भी होगा तो चलेगा।

आटा भून लीजिए

अब पैन या कड़ाही में थोड़ा सा घी डालकर गेहूं का आटा भूनना शुरू करें। धीमी आंच पर ही आटे को भूनें, वरना ये जलने लगेगा। करीब 15-20 मिनट में आटा अच्छे से भुनकर सुनहरे रंग का दिखने लगेगा। तब आप गैस को बंद कर दें।

लड्डू बनाने का तरीका

अब एक नॉन-स्टिक पैन में घी डालकर उसमें खुबानी और अंजीर के पेस्ट को डालकर भूनना शुरू करें। इसे तब तक भूनना है, जब तक घी साइड से ना छूटने लगे। जब ये अच्छे से भुन जाए, तब भुना हुआ आटा, बादाम, छुहारा का पाउडर इसमें मिला दें। अब सभी चीजों को मिलाकर करीब 5 मिनट तक भून लें, फिर गैस बंद कर दें। अब आधी कटोरी किशमिश लें और इसमें डालकर मिला दें। इसे हल्का ठंडा होने दें और फिर छोटे-छोटे लड्डू बनाकर रखें।

कैसे खिलाएं

इन लड्डू को आप एयरटाइट डिब्बे में बंद करके फ्रिज में स्टोर कर सकते हैं और रोजाना खिलाने से 15 मिनट पहले निकाल लें। बच्चे की उम्र 5 साल से ज्यादा है तो 1 लड्डू खिलाएं और कम है तो आधा ही खिलाएं। ध्यान रखें खाली पेट इस लड्डू को खाने के लिए न दें।

फायदा क्या मिलेगा

इस लड्डू में कोई शक्कर-गुड़ नहीं पड़ा है, ऐसे में ये सेहतमंद है। साथ ही बादाम, छुहारा, किशमिश, खुबानी, अंजीर जैसे मेवे वजन बढ़ाने के साथ आयरन, कैल्शियम, प्रोटीन की कमी को भी पूरा करते हैं। गेहूं का आटा बच्चे का पेट भरने में मदद करेगा और हेल्दी भी रहेगा।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN