Home LIFESTYLE NEWS HINDI दूध या पानी, चाय बनाते हुए पहले क्या डालना चाहिए? ये 1...

दूध या पानी, चाय बनाते हुए पहले क्या डालना चाहिए? ये 1 गलती खराब कर देगी स्वाद!

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

कई लोग चाय बनाए हुए पतीले में दूध और पानी एक साथ डाल देते हैं। यही एक गलती चाय के स्वाद को खराब कर सकती है। अब सवाल है कि इन दोनों में से पहले क्या डालना चाहिए। आइए जानते हैं, साथ ही चाय को टेस्टी बनाने के कुछ एक्सट्रा टिप्स भी यहां दिए गए हैं।

हमारे देश में ज्यादातर लोगों के दिन की शुरुआत एक कप चाय के साथ ही होती है। वहीं दिनभर में थकान हो और चाय का प्याला मिल जाए तो पूरा मूड बदल ही जाता है। खैर, अब चाय बनाने के तरीके पर बात करते हैं। अक्सर लोग शिकायत करते हैं कि चाय में वो टेस्ट नहीं आता, जो टपरी या ढाबे पर मिलने वाली चाय में आता है। ऐसा नहीं है कि वो लोग कोई और मसाला मिलाते हैं, फर्क सिर्फ बनाने के तरीके का होता है। आप चाय बनाते हुए पहले दूध डालते हैं या पानी, ये 1 छोटी सी बात भी चाय के स्वाद और खुशबू पर काफी असर डालती है। कई लोग यहीं गलती हैं, जिस वजह से चाय अच्छी नहीं बनती। तो चलिए आज जानते हैं कि पहले दूध डाला जाए या पानी।

चाय बनाते समय पहले दूध डालें या पानी?

कई लोग चाय बनाते समय दूध और पानी एक साथ डाल देते हैं, यही एक गलती चाय का स्वाद खराब कर देती है। अगर आपको कड़क और खुशबूदार चाय बनानी है तो सबसे पहले पैन में पानी डालना चाहिए। इसमें चायपत्ती, अदरक और इलायची जैसे खड़े मसाले मिलाकर कुछ देर अच्छी तरह से उबलने दें, ताकि मसालों की खुशबू, रंग और स्वाद पानी में अच्छी तरह से आ जाए। इसके बाद आप चाय में अपने हिसाब से दूध मिला सकते हैं।

पहले पानी क्यों मिलाना चाहिए?

चायपत्ती का रंग और खुशबू गर्म पानी में अच्छी तरह निकलते हैं। सेम अदरक और बाकी खड़े मसालों के साथ भी होता है। इसलिए पहले इन्हें गर्म पानी में पककर एक तरह का काढ़ा तैयार कर लेना चाहिए, इसके बाद ही दूध और स्वादानुसार चीनी मिलानी चाहिए। वहीं अगर आप सिर्फ गाढ़ी दूध वाली चाय बना रहे हैं, तो दूध में जरा सी पत्ती और बाकी के मसाले डालकर कुछ देर पका सकते हैं।

दूध मिलाने के बाद ज्यादा देर तक ना पकाएं चाय

दूध मिलाने के बाद चाय को बहुत देर तक नहीं पकाना चाहिए। इसलिए पहले ही चायपत्ती और अदरक वगैरह को पानी में अच्छी तरह पका लें। लास्ट में ताजा दूध मिलाएं और साथ में स्वादानुसार चीनी एड करें। इसके बाद बस थोड़ी ही देर में गैस की फ्लेम बंद कर दें। चाय बिल्कुल परफेक्ट बनेगी।

दूध और पानी का अनुपात क्या रखें?

चाय में दूध और पानी का क्या अनुपात रखना है, ये पूरी तरह आप के टेस्ट पर निर्भर करता है। अगर आपको दूध वाली गाढ़ी चाय पीना पसंद है तो आप ज्यादा दूध का इस्तेमाल कर सकते हैं। वहीं कड़क चाय पीने के शौकीन कम दूध वाली चाय पसंद करते हैं। हालांकि अगर नॉर्मल चाय की बात करें तो दो कप चाय के लिए आप डेढ़ कप पानी और एक कप दूध का इस्तेमाल कर सकते हैं। इस अनुपात से एकदम परफेक्ट चाय बनती है।

टेस्टी चाय बनाने के लिए ये टिप्स फॉलो करें

  • चाय को बहुत देर उबालने से बचें। बहुत ज्यादा पकाने से चाय का स्वाद कड़वा हो सकता है और ये सेहत के लिए भी अच्छी नहीं होती।
  • अदरक को काटकर डालने के बजाए कूटकर डालें, फ्लेवर अच्छा आता है।
  • मसालों की मात्रा संतुलित रखें ताकि उनका स्वाद चाय पर हावी न हो जाए।
  • चाय बनने के बाद चीनी की मात्रा तय करें। वरना ज्यादा चीनी चाय के स्वाद को दबा सकती है।
  • चुटकी भर नमक मिलाने से दूध वाली चाय का टेस्ट बैलेंस आता है।

(Images Credit- Pinterest)

SOURCE : LIVE HINDUSTAN