Home rss entertainment hindi मनोरंजन समाचार धनुष के राजनीति में आने की अटकलें तेज, थलपति विजय की TVK...

धनुष के राजनीति में आने की अटकलें तेज, थलपति विजय की TVK ने कहा- स्वागत है

5
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

https://www.livehindustan.com/lh-img/smart/img/2026/10/20/1200x900/18866_1792508452427_BrLZ_1792508456110_IUlr_24b60a63-8247-45e6-83f1-a745343932bd_zu1c.jpg

टीवीके प्रवक्ता ने कहा कि पार्टी को खुशी है कि उनका सफर राजनीति में आने की सोच रहे दूसरे लोगों को प्रेरित कर रहा है। विजय ने इसके लिए करीब 30 साल तक काम किया है और इस तरह की राजनीतिक यात्रा आसान नहीं होती। 

एक्टर धनुष के राजनीति में आने की अटकलों का राज्य की सत्ताधारी पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) ने स्वागत किया है। पार्टी के प्रवक्ता एम. सत्य कुमार ने कहा कि अभिनेता और मुख्यमंत्री जोसेफ विजय का सिनेमा से राजनीति तक का सफर उन लोगों के लिए प्रेरणा बन सकता है, जो राजनीति में अपनी जगह बनाने की सोच रहे हैं। हालांकि, धनुष ने अभी तक राजनीति में आने का कोई ऐलान नहीं किया है। उनके फैन क्लब का नाम बदलकर धनुष वेलफेयर मूवमेंट किए जाने के बाद से इन अटकलों को हवा मिली है। यह बदलाव कोयंबटूर में हुई एक बैठक के दौरान किया गया, जिसमें करीब 3000 पदाधिकारी शामिल हुए थे। बैठक में संगठन में अनुशासन, समाज सेवा और लोगों के कल्याण से जुड़े कामों पर चर्चा हुई। धनुष खुद इस बैठक में मौजूद नहीं थे।

टीवीके प्रवक्ता सत्य कुमार ने कहा कि पार्टी को खुशी है कि उनका सफर राजनीति में आने की सोच रहे दूसरे लोगों को प्रेरित कर रहा है। विजय ने इसके लिए करीब 30 साल तक काम किया है और इस तरह की राजनीतिक यात्रा आसान नहीं होती। नई राजनीतिक ताकतों का उभरना संभव है, लेकिन किसी पार्टी की असली ताकत इस बात से तय होती है कि वह कितनी मजबूती से आगे बढ़ती है और लंबे समय तक खुद को बनाए रख पाती है। एनडीटीवी से उन्होंने कहा कि विजय ने अपने करियर के शिखर पर अभिनय छोड़ने का फैसला किया था। राजनीति में पार्टी चलाने और चुनाव जीतने के लिए पूरे समय की प्रतिबद्धता जरूरी है।

‘विजय के रास्ते पर चलना आसान नहीं’

सत्य कुमार ने कहा कि विजय के रास्ते पर चलना आसान नहीं है। विजय की राजनीतिक सफलता के पीछे लंबे समय तक की गई तैयारी और संगठन को मजबूत करने की मेहनत रही है। धनुष के फैन क्लब का नाम बदलने और कोयंबटूर में हुई बैठक को विजय के पुराने संगठनात्मक प्रयासों से जोड़कर देखा जा रहा है। राजनीति में आने से पहले विजय ने अपने प्रशंसकों के नेटवर्क को समाज सेवा से जुड़े संगठन के रूप में विकसित किया था। इस नेटवर्क के जरिए जरूरतमंदों को मुफ्त खाना देने, पुस्तकालय खोलने और कानूनी सहायता उपलब्ध कराने जैसे काम किए गए। बाद में यही नेटवर्क टीवीके के संगठन की नींव बना।

विजय का फैन क्लब बना सेवा संगठन

धनुष के संगठन की बैठक में अनुशासन और समाज सेवा से जुड़े कामों पर बातचीत हुई। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) के एक वैज्ञानिक ने भी लोगों को प्रेरित करने वाला संबोधन दिया। सत्य कुमार ने कहा कि टीवीके की शुरुआत सिर्फ 2 साल पहले पार्टी के औपचारिक गठन से नहीं हुई थी। विजय ने 33 साल तक अपने फैन क्लब को सेवा संगठन के रूप में तैयार किया। मुश्किल समय में विजय का साथ देने वाले कुछ सामान्य प्रशंसक आज मंत्री बन चुके हैं। तमिलनाडु में सिनेमा और राजनीति का पुराना संबंध रहा है। सीएन अन्नादुरई और एम. करुणानिधि जैसे लेखक राज्य की द्रविड़ राजनीति में प्रभावशाली रहे। एमजी रामचंद्रन और जे. जयललिता जैसे फिल्मी सितारे मुख्यमंत्री की कुर्सी तक पहुंचे।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN