Source :- LIVE HINDUSTAN
मिगुएल अलमिरोन तुर्किए के खिलाफ विश्व कप मैच के दौरान मुंह ढकने के लिए लाल कार्ड पाने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं। पराग्वे ने तुर्किए को 1-0 से हराया।
पराग्वे के मिडफील्डर मिगुएल अलमिरोन विश्व कप में मुंह ढकने के लिए लाल कार्ड पाने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं। यह घटना पराग्वे और तुर्किए के बीच शुक्रवार रात को खेले गए ग्रुप डी के मैच के पहले हाफ के इंजरी टाइम के दौरान घटी, जब मिडफील्ड के पास फाउल के बाद अलमिरोन और मर्ट मुल्डर के बीच कहा-सुनी हो गई। अलमिरोन ने मुल्डर से कुछ कहते हुए अपना मुंह ढक लिया। इस पर मुल्डर ने तुरंत रेफरी इवान बार्टन से सजा देने की अपील की। बार्टन ने वीडियो समीक्षा का सहारा लिया और इस साल विश्व कप में लागू किए गए एक नए नियम के तहत अलमिरोन को लाल कार्ड दिखाकर बाहर भेज दिया।
नए नियम का बने शिकार
पराग्वे के कोच गुस्तावो अल्फारो ने कहा, ”नए नियम के अनुसार अगर आप मुंह ढकते हैं तो आपको मैदान से बाहर कर दिया जाएगा। मैं इसको लेकर कुछ नहीं कर सकता। हम इस पर कोई राय नहीं दे सकते।” माटियास गलार्ज़ा ने खेल शुरू होने के 65 सेकंड के अंदर गेंद को नेट में पहुंचाकर मौजूदा विश्व कप का सबसे तेज गोल किया जिससे पराग्वे ने अधिकतर समय 10 खिलाड़ियों के साथ खेलने के बावजूद तुर्किए को 1-0 से हराया।
पराग्वे की इस जीत से यह सुनिश्चित हो गया कि अमेरिका ग्रुप डी में शीर्षक पर रहेगा। इससे तुर्किए की नॉकआउट में पहुंचने की उम्मीदें भी लगभग समाप्त हो गई। पराग्वे अगले गुरुवार को ग्रुप चरण के आखिरी मैच में ऑस्ट्रेलिया से भिड़ेगा, जिसमें ग्रुप में दूसरे स्थान का फैसला होगा। पराग्वे को दूसरा स्थान हासिल करने के लिए यह मैच जीतना जरूरी है। इस मैच में पराग्वे की जीत में गुस्तावो अल्फारो द्वारा किए गए लाइनअप में बदलाव का भी अहम योगदान रहा। माटियास को पहले मैच में नहीं खिलाया गया था, लेकिन तुर्किए के खिलाफ उन्हें शुरुआती लाइनअप में शामिल किया गया।
उन्होंने मैच के शुरू होने के महज 65 सेकेंड के भीतर ही लगभग 25 गज की दूरी से बाएं पैर से शानदार शॉट लगाकर गोल दागकर कोच के फैसले को सही साबित किया। माटियास ने मैच के बाद कहा, ”यह अविस्मरणीय है। यह विश्व फुटबॉल का सबसे बड़ा मंच है जहां मुझे सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों के साथ खेलने का मौका मिल रहा है। मुझे बहुत गर्व है। मुझे उम्मीद है कि पराग्वे खुश होगा।”
मिगुएल अल्मिरोन को पहले हाफ के इंजरी टाइम में एक नए नियम का उल्लंघन करने के लिए लाल कार्ड दिखाए जाने के बाद पराग्वे को 10 खिलाड़ियों के साथ ही खेलना पड़ा। यह नियम खिलाड़ियों के बीच आपसी बहस के दौरान मुंह ढकने से जुड़ा हुआ है। पराग्वे के गोलकीपर ऑरलैंडो गिल ने कई महत्वपूर्ण बचाव किए और अपनी टीम की बढ़त को बरकरार रखा।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




