Source :- LIVE HINDUSTAN
सावन सोमवार का व्रत हो या भगवान शिव को भोग लगाने के लिए कुछ मीठे में बनाना हो, ये 15 मिनट में बनने वाले पेड़े ट्राई कर सकती हैं। बिना मावा, बिना मिल्क पाउडर के ये सिर्फ 15 मिनट में तैयार हो जाते हैं और इनका स्वाद भी खूब टेस्टी होता है।
सावन का महीना चल रहा है और इन दिनों मीठा खाने का खूब मन करता है। कई तीज-त्यौहार भी आते हैं, फिर भगवान शिव को भोग लगाने के लिए भी मीठे में कुछ बनाकर तैयार किया जाता है। ऐसे में आज एक ऐसी रेसिपी हम आपके साथ शेयर कर रहे हैं, जिसे बनाने के लिए ना मावा चाहिए और ना ही मिल्क पाउडर। सिर्फ थोड़े से दूध से आप काफी स्वादिष्ट पेड़े बनाकर तैयार कर सकती हैं। ये पेड़े मुंह में जाते ही घुल जाते हैं और काफी ज्यादा टेस्टी लगते हैं। सावन के सोमवार का व्रत कर रही हैं, तो उसके लिए भी ये पेड़े बनाकर रख सकती हैं। व्रत में दूध के साथ दो-चार पेड़े खा लेंगी, तो शरीर को भी एनर्जी मिल जाएगी। फिर भगवान को भोग लगाने के लिए भी मीठे में कुछ चाहिए रहता है, तो ये पेड़े उसके भी काम आ सकते हैं। तो चलिए फटाफट से इनकी रेसिपी जान लेते हैं-
व्रत वाले पेड़े बनाने के लिए सामग्री
बिना मावा और बिना मिल्क पाउडर के ये स्वादिष्ट पेड़े बनाने के लिए आपको जिन सामग्रियों की जरूरत होगी वो हैं- पनीर (250 ग्राम), मुट्ठीभर काजू, दूध (2 चम्मच), चीनी (आधा कप), दूध (1/4 कप), देसी घी (2 चम्मच), ऑरेंज फूड कलर (ऑप्शनल), इलायची पाउडर (आधा चम्मच), गार्निशिंग के लिए ड्राई फ्रूट्स (ऑप्शनल)।
बिना मावा, बिना मिल्क पाउडर ऐसे बनाएं टेस्टी पेड़े
सावन के व्रत में खाए जाने वाले ये टेस्टी पेड़े बनाने के लिए सबसे पहले ताजे पनीर को छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें या फिर कद्दूकस कर लें। अब इसे एक मिक्सर जार में डालें, साथ में दो चम्मच ठंडा दूध और मुट्ठीभर काजू एड करें। इन सभी चीजों को पीसकर आपको एक स्मूद सा पेस्ट तैयार कर लेना है।
काम की टिप- पनीर को बड़े टुकड़ों में ना काटें, वरना ये मिक्सर में सही से पिस नहीं पाएगा। अच्छी कंसिस्टेंसी के लिए इसे कद्दूकस करना अच्छा रहेगा।
अब एक कढ़ाही में चीनी डालें और लो टू मीडियम फ्लेम पर इसे अच्छे से मेल्ट होने दें। इस दौरान आपको चीनी में पानी वगैरह नहीं मिलाना है, बस इसे चलाते हुए केरामलाइज कर लेना है। चीनी अच्छे से पिघल जाए तो इसमें दूध एड करें और चलाते हुए अच्छे से मिक्स कर लें। इसके बाद आपको पनीर और काजू वाला पेस्ट इसमें एड करना है और सभी चीजों को अच्छे से मिक्स कर लेना है।
काम की टिप- चीनी पकाने के बाद बहुत ज्यादा दूध एड ना करें। वरना ये मिक्सचर पतला बनेगा और इसे पकाने में काफी वक्त लग जाएगा।
मिक्सर थोड़ा सा पकने लगे तो इसमें दो चम्मच देसी घी मिलाएं। फिर चलाते हुए इसे और गाढ़ा होने दें। मिक्सर के गाढ़ा होने पर इसमें आप थोड़ा सा ऑरेंज फूड कलर मिला सकती हैं। साथ ही स्वाद के लिए इलायची पाउडर एड कर दें। अब जैसे ही ये मिक्सचर पूरी तरह गाढ़ा हो जाए तो गैस बंद करें और इसे ठंडा होने दें।
इस तरह बनाकर तैयार करें पेड़े
मिक्सचर ठंडा हो जाए तो इसके छोटे-छोटे से पेड़े बनाकर तैयार कर लें। गार्निशिंग के लिए आप ड्राई फ्रूट्स भी ऊपर से लगा सकती हैं। अब इन्हें फ्रिज में आधा घंटे के लिए सेट होने रख दें, टेस्टी पेड़े बनकर तैयार हैं।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




