Source :- LIVE HINDUSTAN
Kalyan Jewellers stock price: बाजार में बिकवाली के बीच बुधवार को कल्याण ज्वैलर्स इंडिया के शेयर को खरीदने की लूट सी मच गई। सप्ताह के तीसरे कारोबारी दिन यह शेयर 8 पर्सेंट से ज्यादा बढ़कर 386.30 रुपये तक पहुंच गया। शेयर को लेकर ग्लोबल ब्रोकरेज सिटी (Citigroup) भी बुलिश है।
क्या कहा ब्रोकरेज ने?
ग्लोबल ब्रोकरेज सिटी ने कल्याण ज्वैलर्स इंडिया पर अपना भरोसा दोहराते हुए ‘बाय’ रेटिंग बरकरार रखी और शेयर का टारगेट प्राइस 750 रुपये तय किया। यह मौजूदा स्तर से करीब 110% से ज्यादा की संभावित बढ़त को दिखाता है। ब्रोकरेज ने कहा कि जून तिमाही में कंपनी का कंसोलिडेटेड रेवेन्यू साल-दर-साल 38 प्रतिशत बढ़ा। हालांकि, यह ब्रोकरेज के अनुमान से कम था। भारत में भी रेवेन्यू में 38 प्रतिशत की बढ़त हुई, जिसमें सेम-स्टोर सेल्स ग्रोथ (SSSG) 28 प्रतिशत रही। रेवेन्यू अनुमान से थोड़ा कम रहने के बावजूद सिटी कंपनी के लॉन्ग-टर्म भविष्य को लेकर पॉजिटिव रही। सिटी का मानना है कि कल्याण ज्वैलर्स का फ्रेंचाइजी आधारित विस्तार मॉडल आने वाले वर्षों में कंपनी की कमाई और मुनाफा को मजबूत करेगा। इससे कंपनी का रिटर्न ऑन कैपिटल एम्प्लॉयड (RoCE) भी बेहतर होने की उम्मीद है।
ब्रोकरेज ने कंपनी के डिजिटल ज्वैलरी ब्रांड कैंडेरे (Candere) के परफॉर्मेंस का भी जिक्र किया। जानकारी के मुताबिक जून तिमाही में कैंडेरे की आय में 112% की सालाना वृद्धि दर्ज की गई। इस दौरान कंपनी ने 5 नए कैंडेरे स्टोर भी शुरू किए।
कंपनी ने रेगुलेटरी फाइलिंग में बताया कि मई के दूसरे हिस्से में शुरू किए गए गोल्ड रीसर्क्युलेशन कैंपेन को अच्छा रिस्पॉन्स मिला। फाइनेंशियल ईयर 2027 की पहली तिमाही के दौरान, कुल रेवेन्यू में रीसाइकल किए गए सोने का हिस्सा 46 प्रतिशत से अधिक रहा। जून के महीने में, कुल रेवेन्यू में रीसाइकल किए गए सोने का हिस्सा 55 प्रतिशत से अधिक था। इस फाइनेंशियल ईयर की पहली तिमाही में इंटरनेशनल ऑपरेशन्स (विदेशों में कामकाज) से होने वाली आय में 35 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई। इसमें मध्य पूर्व का योगदान 30 प्रतिशत रहा, जबकि अप्रैल में इस क्षेत्र में जियोपॉलिटिकल तनाव के कारण ग्राहकों की आवाजाही (फुटफॉल) पर असर पड़ा था।
इस फाइनेंशियल ईयर की पहली तिमाही में कंपनी के कंसोलिडेटेड रेवेन्यू में इंटरनेशनल मार्केट का योगदान लगभग 14 प्रतिशत रहा। बता दें कि 30 जून 2026 तक, भारत और इंटरनेशनल मार्केट में कंपनी के कुल शोरूम की संख्या 524 थी।
शेयर का परफॉर्मेंस
वर्ष 2026 में अब तक कल्याण ज्वैलर्स का शेयर करीब 24% टूट चुका है जबकि इसी अवधि में निफ्टी 50 में लगभग 7% की गिरावट आई है। शेयर के 52 हफ्ते का हाई 617.30 रुपये और 52 हफ्ते का लो 327.15 रुपये है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




