Home rss business hindi पहली नौकरी करने वालों को मिलेंगे ₹15000? EPFO की योजना में कौन...

पहली नौकरी करने वालों को मिलेंगे ₹15000? EPFO की योजना में कौन पात्र? जानें शर्त

5
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

मुख्य बातें

  • प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना (PM-VBRY) के तहत पहली बार औपचारिक नौकरी शुरू करने वाले पात्र कर्मचारियों को ₹15,000 तक का प्रोत्साहन मिल सकता है
  • आइए जरा विस्तार से इसकी डिटेल्स जानते हैं

अगर आपने हाल ही में पहली नौकरी शुरू की है या जल्द ही प्राइवेट सेक्टर में काम करने जा रहे हैं, तो आपके लिए एक सरकारी योजना काम की हो सकती है। प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना (PM-VBRY) के तहत पात्र पहली बार नौकरी करने वाले कर्मचारियों को ₹15,000 तक का प्रोत्साहन मिल सकता है। इस योजना को कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) के माध्यम से लागू किया जा रहा है। इसका मकसद युवाओं को औपचारिक रोजगार से जोड़ना और उन्हें EPF सिस्टम का हिस्सा बनने के लिए प्रोत्साहित करना है।

हालांकि, इस योजना के तहत हर नए कर्मचारी को सीधे ₹15,000 नहीं मिलेंगे। इसके लिए सैलरी, नौकरी शुरू करने की तारीख, पहली बार EPF सदस्य बनने और तय अवधि तक नौकरी जारी रखने जैसी शर्तें पूरी करनी होंगी। इसलिए नौकरी शुरू करने से पहले यह समझना जरूरी है कि आप इस योजना के पात्र हैं या नहीं और पैसा किस तरह मिलेगा।

PM-VBRY योजना में कौन उठा सकता है लाभ?

इस योजना के कर्मचारी-केंद्रित हिस्से यानी पार्ट-A का लाभ उन पात्र कर्मचारियों को मिल सकता है, जो पहली बार औपचारिक रोजगार में शामिल हो रहे हैं और पहली बार EPF सदस्य बन रहे हैं। योजना के तहत 1 अगस्त 2025 से 31 जुलाई 2027 के बीच पात्र प्रतिष्ठानों में नौकरी शुरू करने वाले कर्मचारियों को शामिल किया गया है।

इसके लिए कर्मचारी की मासिक पात्र EPF सैलरी ₹1 लाख तक होनी चाहिए। साथ ही उसे योजना की अन्य शर्तें भी पूरी करनी होंगी। केवल निर्धारित सैलरी के दायरे में आने से लाभ मिलने की गारंटी नहीं है। कर्मचारी को यह भी सुनिश्चित करना चाहिए कि उसका EPF रिकॉर्ड सही हो और नियोक्ता यानी कंपनी आवश्यक योगदान जमा कर रही हो।

₹15,000 पाने के लिए कितने महीने नौकरी करनी होगी?

PM-VBRY के तहत प्रोत्साहन राशि एक साथ देने के बजाय दो किस्तों में दी जाती है। भुगतान के लिए नौकरी की अवधि और अन्य निर्धारित शर्तों का पालन करना जरूरी है।

– पहली किस्त:- 6 महीने की लगातार नौकरी पूरी करने के बाद पात्र कर्मचारी पहली किस्त के लिए योग्य हो सकता है।

– दूसरी किस्त:- 12 महीने की सेवा पूरी करने और निर्धारित वित्तीय साक्षरता कार्यक्रम (Financial Literacy Programme) पूरा करने के बाद दूसरी किस्त के लिए पात्रता बन सकती है।

यहां ध्यान देने वाली बात यह है कि ₹15,000 इस योजना के तहत मिलने वाली अधिकतम प्रोत्साहन राशि है। वास्तविक भुगतान कर्मचारी की पात्र EPF सैलरी और लागू नियमों पर निर्भर करेगा। इसलिए सभी पात्र कर्मचारियों को अधिकतम राशि ही मिलेगी, ऐसा जरूरी नहीं है।

दूसरी किस्त के लिए जरूरी है फाइनेंशियल लाइट्रेसी कोर्स

योजना में केवल नौकरी जारी रखना ही पर्याप्त नहीं है। दूसरी किस्त प्राप्त करने के लिए निर्धारित वित्तीय साक्षरता कार्यक्रम पूरा करना भी जरूरी है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य कर्मचारियों को बचत, बैंकिंग और वित्तीय प्रबंधन से जुड़ी बुनियादी जानकारी देना है।

6 महीने की सेवा पूरी करने के बाद पहली किस्त के लिए पात्रता बन सकती है, लेकिन दूसरी किस्त के लिए 12 महीने की सेवा और कोर्स से जुड़ी शर्त पूरी करनी होगी। कर्मचारियों को आधिकारिक PM-VBRY पोर्टल पर उपलब्ध निर्देशों के अनुसार कार्यक्रम पूरा करना चाहिए। सिर्फ रजिस्ट्रेशन कर लेना पर्याप्त है, ऐसा मानकर न चलें।

पैसा सीधे बैंक खाते में कैसे आएगा?

योजना के पार्ट-A के तहत पात्र कर्मचारियों को भुगतान DBT (Direct Benefit Transfer) के माध्यम से किया जाएगा। इसके लिए आधार से जुड़े बैंक खाते और आधार ब्रिज पेमेंट सिस्टम (Aadhaar Bridge Payment System) का इस्तेमाल किया जाएगा।

इसलिए कर्मचारियों को कुछ जरूरी बातें जांच लेनी चाहिए।

  • उनका UAN (Universal Account Number) सही और सक्रिय हो।
  • आधार और बैंक खाते की जानकारी सही हो।
  • बैंक खाते में भुगतान प्राप्त करने के लिए जरूरी लिंकिंग पूरी हो।
  • कंपनी ने उनकी नौकरी और EPF योगदान से जुड़ा रिकॉर्ड सही तरीके से जमा किया हो।

कर्मचारी अपने EPF रिकॉर्ड और योजना से जुड़े निर्देशों की जानकारी आधिकारिक पोर्टल से ले सकते हैं। किसी भी जानकारी में गड़बड़ी होने पर भुगतान में परेशानी हो सकती है।

कंपनियों को भी मिल सकता है प्रोत्साहन

PM-VBRY में सिर्फ कर्मचारियों के लिए ही नहीं, बल्कि पात्र नियोक्ताओं के लिए भी प्रोत्साहन का प्रावधान है। योजना की शर्तें पूरी करने पर कंपनियों को प्रत्येक अतिरिक्त पात्र कर्मचारी के लिए हर महीने ₹3,000 तक का प्रोत्साहन मिल सकता है। हालांकि, यह लाभ नियोक्ताओं के लिए है। इसे कर्मचारियों को मिलने वाली ₹15,000 तक की प्रोत्साहन राशि से अलग समझना चाहिए। दोनों के लिए पात्रता और भुगतान के नियम अलग हो सकते हैं।

नौकरी शुरू करने से पहले इन बातों का रखें ध्यान

अगर आप पहली बार नौकरी करने जा रहे हैं और इस योजना का लाभ लेना चाहते हैं, तो सबसे पहले अपना EPF सदस्यता रिकॉर्ड जांचें। इसके बाद नौकरी शुरू करने की तारीख, मासिक पात्र सैलरी और कंपनी की EPF संबंधी प्रक्रिया की पुष्टि करें। 6 महीने और 12 महीने की सेवा से जुड़ी शर्तों को समझें और दूसरी किस्त के लिए निर्धारित वित्तीय साक्षरता कार्यक्रम समय पर पूरा करें।

सबसे जरूरी बात:- PM-VBRY के तहत ₹15,000 तक का लाभ शर्तों के आधार पर मिलता है, यह हर नई नौकरी के साथ मिलने वाली निश्चित राशि नहीं है। आवेदन, भुगतान और पात्रता से जुड़े नए नियमों के लिए आधिकारिक PM-VBRY पोर्टल और EPFO के निर्देशों को जरूर जांचें।

पात्रता शर्त इसका क्या मतलब है
पहली बार के EPF सदस्य कर्मचारी 1 अगस्त 2025 से पहले EPF का योगदान देने वाला सदस्य नहीं रहा होना चाहिए; इसमें छूट प्राप्त PF ट्रस्ट के माध्यम से सदस्य होना भी शामिल है।
जुड़ने की तारीख रोज़गार 1 अगस्त 2025 और 31 जुलाई 2027 के बीच शुरू होना चाहिए।
मासिक वेतन योजना के अनुसार वेतन ₹1 लाख तक हो सकता है।
रोज़गार की अवधि पहली किस्त के लिए 6 महीने की लगातार सेवा आवश्यक है; दूसरी किस्त के लिए 12 महीने की।
नियोक्ता अनुपालन प्रतिष्ठान को लागू EPF रिपोर्टिंग और योगदान संबंधी आवश्यकताओं को पूरा करना होगा।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN